Good Morning India: राजा रघुवंशी मर्डर केस, प्रॉपर्टी डीलर के बाद गार्ड गिरफ्तार! यहां बस की खिड़की से बाहर झांक रहा था बच्चा, धड़ से अलग हुआ सिर! उत्तराखण्ड में इस बार 4.56 लाख नए मतदाता देंगे वोट, नैनीताल में देर रात पर्यटक पर हमला

Good Morning India: Raja Raghuvanshi murder case, guard arrested after property dealer! Here a child was looking out of the bus window, head got separated from the body! This time 4.56 lakh new voter

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों  पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का रिजल्ट आएगा। इनमें गुजरात की 2 और केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की 1-1 सीट शामिल हैं। इधर आज गृह मंत्री अमित शाह सेंट्रल जोनल काउंसिल की 25वीं मीटिंग में शामिल होने वाराणसी जाएंगे। इसमें यूपी, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के CM भी शामिल होंगे। वहीं आज ईरान के विदेश मंत्री मॉस्को का दौरा करेंगे। वे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से बातचीत करेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान में फंसे 300 से अधिक भारतीय नागरिकों को रविवार को ईरान से भारत लाया गया है। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक ईरानी शहर मशहद से विशेष उड़ान से 311 भारतीय दिल्ली पहुंचे हैं। इसमें यह भी कहा गया कि इस नये जत्थे के साथ, ईरान से वापस लाये गये लोगों की कुल संख्या अब 1,428 हो गई है। निकाले गए लोगों में कश्मीर के 200 से ज्यादा छात्र शामिल थे, जो ईरान में पढ़ रहे थे और इस क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष के बीच फंस गए थे। उनके वापस आने से उन चिंतित रिश्तेदारों को राहत मिली, जो अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता से भरी रातों की नींद हराम कर रहे थे।

इधर मेघायलय पुलिस के विशेष जांच दल ने इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में मध्य प्रदेश से दो और व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक प्रॉपर्टी डीलर और एक सुरक्षा गार्ड शामिल हैं, जिसके बाद इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 7 हो गई है। पुलिस के मुताबिक SIT ने शनिवार रात को मध्य प्रदेश के देवास जिले के भोंरासा टोल गेट से सिलोम जेम्स नामक प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया। जेम्स पर हत्याकांड की मुख्य आरोपी और मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी का बैग छिपाने का आरोप है। सोनम ने यह बैग देवास नाका क्षेत्र के एक फ्लैट में छिपाया था। जानकारी के अनुसार, सिलोम जेम्स ने इंदौर के हीरा बाग कॉलोनी में एक बिल्डिंग किराए पर ली थी, जहां सोनम रुकी थी और उसने घटना के बाद अपने साथ लाए गए आभूषण और अन्य सामान वहीं रखा था। इसके बाद SIT ने एक सुरक्षा गार्ड बल्ला अहिरवार को उसके गांव से पकड़ा।

उधर यूपी के हाथरस से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक शादी में शामिल होने जा रहे 11 साल के बच्चे का सिर धड़ से अलग हो गया और उसकी मौत हो गई। बच्चा बस में बैठकर शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। घटना थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कैलोरा चौराहे के पास की है। बच्चे ने बस की खिड़की से बाहर झांकने के लिए अपना सिर निकाला था, इसी दौरान उसका सिर टाटा मैजिक की चपेट में आ गया और पूरी तरह कट गया। बच्चे की पहचान 11 साल के अली के रूप में हुई है। बच्चा अपने 2 चचेरे भाईयों की बारात में शामिल होने के लिए जा रहा था।

इधर एयर इंडिया ने रविवार को कहा कि वह 19 मार्गों पर संकरे आकार के विमानों से संचालित 118 साप्ताहिक उड़ानों को अस्थायी रूप से कम करेगी और तीन मार्गों पर सेवाएं निलंबित करेगी। टाटा समूह के स्वामित्व वाली इस एयरलाइन ने कुछ दिनों पहले कहा था कि वह चौड़े आकार के विमानों से संचालित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अस्थायी रूप से 15 प्रतिशत की कटौती करेगी। एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि वह अपने कुल संकरे आकार के बेड़े में पांच प्रतिशत से कम की अस्थायी कटौती करने जा रही है। 

उधर उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद के पिहानी इलाके का टंडौना गांव रविवार को उस समय शोक में डूब गया, जब एक ही घर से पिता और बेटे की एक साथ दो अर्थियां उठीं। इस हृदय विदारक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घटना की शुरुआत रविवार सुबह हुई जब 25 वर्षीय शोभित सिंह अपने खेत में स्थित कुएं के पास लेटा हुआ था। अचानक असंतुलित होकर वह कुएं में गिर गया, जिससे उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान शोभित के पिता यदूवीर सिंह, जो लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और मरणासन्न स्थिति में थे। अपने बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सके। बेटे की मौत की खबर सुनते ही उन्होंने भी अपने प्राण त्याग दिए।

इधर अमेरिका ने ईरान में 3 परमाणु ठिकानों पर हमला किया। ये ठिकाने फोर्डो, नतांज और इस्फहान हैं। हमला भारतीय समयानुसार रविवार सुबह 4:30 बजे हुआ। ईरान पर हमले के करीब 13 घंटे बाद अमेरिकी रक्षा मंत्रालय ने हमले की डिटेल दी है। जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ जनरल डैन केन ने बताया कि इस मिशन में 125 एयरक्राफ्ट शामिल थे। इस ऑपरेशन में 7 B-2 स्टेल्थ बॉम्बर्स ने हिस्सा लिया, जिन्होंने ईरान के फोर्डो और नतांज न्यूक्लियर ठिकानों पर 13,608 किलो वजनी बस्टर बम गिराए।

उधर सलमान खान के ब्रेन में एनेयूरिज्म है और AV मालफॉर्मेशन है। एनेयूरिज्म एक ऐसी स्थिति है, जिसमें ब्रेन की नस फूल जाती है और फटने की स्थिति में जानलेवा स्ट्रोक हो सकता है। यह बात खुद सलमान खान ने कपिल शर्मा के शो में बताई। सलमान ने कहा कि वो आज भी गंभीर मेडिकल कंडीशन्स के साथ काम कर रहे हैं। हम रोज हड्डियां तुड़वा रहे हैं। पसलियां टूट चुकी हैं। इन सबके बावजूद काम कर रहा हूं।

इधर पहलगाम आतंकी हमले के दो महीने बाद नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने पहलगाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। NIA की जांच में खुलासा हुआ है कि इन दोनों ने हमले को अंजाम देने वाले तीन आतंकियों को पनाह दी थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम परवेज अहमद जोठार और बशीर अहमद जोठार हैं। पूछताछ में दोनों ने आतंकियों की पहचान बताई और यह भी पुष्टि की कि वे पाकिस्तानी नागरिक थे और प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े हुए थे। NIA के मुताबिक, परवेज और बशीर ने हमले से पहले इन तीनों आतंकियों को हिल पार्क स्थित एक अस्थायी ढोक (झोपड़ी) में जानबूझकर ठहराया था। उन्होंने उन्हें खाना और अन्य सुविधाएं मुहैया कराई थीं।

उधर आईएमडी ने आठ राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। अलर्ट में असम, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य प्रदेश, गुजरात और कोंकण-गोवा क्षेत्र में 21 जून से 26 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी पहले ही दी थी। आईएमडी के अनुसार अगले दो दिन में मानसून पूरे देश को कवर कर सकता है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत जवाड़ के हलसी गांव में गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो गई। जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। यह घटना रविवार शाम को हुई, जब 34 वर्षीय लता देवी पत्नी जयवीर सिंह अपने घर के पास खेत में बकरियां चरा रही थीं। सूचना पर पौखाल क्षेत्र के कानूनगो और पटवारी गांव के लिए रवाना हो गए हैं।

इधर सरोवर नगरी नैनीताल में माल रोड में टहलते समय एक पर्यटक पर धारदार वस्तु से हमला किया गया। अज्ञात हमलवरों ने पर्यटक के गले पर वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। जानकारी के मुताबिक कौशलेंद्र श्रीवास्तव अपने चार दोस्तों के साथ उत्तर प्रदेश के भीगा, श्रावस्ती जिले से नैनीताल घूमने आए थे l। रात 11 बजे लोअर माल रोड से एक अज्ञात व्यक्ति चिल्लाते हुए आया और कौशलेंद्र श्रीवास्तव पर हमला कर दिया। इस दौरान हमलावर के दोस्तों ने पर्यटकों के साथ मारपीट की और कौशलेंद्र के गले पर वार कर दिया। घटना से पर्यटकों में हड़कंप मच गया।

उधर इस बार उत्तराखंड के पंचायत चुनाव में 4.56 लाख नए मतदाता शामिल होंगे। वर्ष 2019 के चुनाव के मुकाबले मतदाताओं की संख्या में 10.57 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया है। निर्वाचन आयोग चुनाव में 67 पर्यवेक्षक भी तैनात करेगा।

इधर मौसम विभाग ने उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के अनेक स्थानों में व शेष जनपदों के अधिकांश स्थानों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। राज्य के देहरादून तथा नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार जताए गए हैं। जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं टिहर, पौड़ी, हरिद्वार, उधम सिंह नगर और चंपावत जनपद में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।