Good Morning India: फ्रांस में बेकाबू हुए प्रदर्शनकारी, आगजनी और हिंसा! ब्राजील में चौथी बार चुनाव जीते लूला डा सिल्वा, 80 की उम्र में फिर बनेंगे राष्ट्रपति! राहुल गांधी की आज सुल्तानपुर कोर्ट में पेशी
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, आज राहुल गांधी पर दर्ज मानहानि मामले में फैसला आएगा। वहीं आज बॉम्बे हाईकोर्ट में अभिनेता इमरान खान के 'भारत छोड़ो' नोटिस मामले में सुनवाई होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, फ्रांस में पिछले दो हफ्तों से लगातार प्रोटेस्ट हो रहा है। छात्रों की मांगों से शुरू हुआ प्रोटेस्ट अब पूरे देश में फैल गया है। राजधानी पेरिस समेत फ्रांस के अलग-अलग शहरों में लाखों लोग सड़कों पर है। नारेबाजी हो रही है। आगजनी हो रही है। दुकानों को लूटा जा रहा है। सरकार विरोधी नारे लग रहे हैं। प्रदर्शनकारी पुलिसवालों पर हमला कर रहे हैं। सड़कों पर प्रदर्शनकारी हिंसक हो रहे हैं। शनिवार को पेरिस के अलावा लियोन, क्लेरमोंट-फेरां और स्ट्रासबर्ग में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस को गोले दाग कर भीड़ को खदेड़ा। वहीं, नीस और नांतेस में वॉटर कैनन का इस्तेमाल करके प्रदर्शनकारियों को कंट्रोल करने की कोशिश की गई। इस बीच राष्ट्रपति मैक्रों ने लोगों से आंदोलन खत्म करने की अपील की है, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। शनिवार को प्रोटेस्ट में हजारों की संख्या में छात्र भी शामिल हुए। शुरुआत में यह प्रोटेस्ट पेरिस के स्कूलों में शिक्षकों की कमी और खराब हालात को लेकर था। जो अब ये बढ़कर सैलरी, पेंशन और आर्थिक असमानता के खिलाफ बड़े राष्ट्रव्यापी आंदोलन में बदल गया है।
इधर यूपी के सुल्तानपुर की एक स्पेशल MP-MLA कोर्ट 8 साल बाद सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि के एक मामले में अपना फैसला सुनाएगी। यह मामला 2018 में बीजेपी के तत्कालीन अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ राहुल गांधी की आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा है, जिसे लेकर एक स्थानीय बीजेपी नेता ने मुकदमा दर्ज कराया था। फैसले के दौरान राहुल गांधी खुद कोर्ट में मौजूद रहेंगे, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। शिकायतकर्ता के अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि 13 अक्टूबर को स्पेशल MP-MLA कोर्ट के जज शुभम वर्मा ने इस मामले में फैसला सुनाने के लिए 26 अक्टूबर की तारीख तय की थी। उन्होंने कहा कि रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को सोमवार को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा। जानकारी के अनुसार राहुल गांधी आज करीब 11 बजे सुल्तानपुर स्थित MP-MLA कोर्ट पहुंच सकते हैं। उनके आगमन को देखते हुए कोर्ट परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
उधर ब्राजील में वामपंथी नेता लूला डा सिल्वा ने राष्ट्रपति का चुनाव जीत लिया है। वे 80 साल की उम्र में चौथी बार देश के राष्ट्रपति बनेंगे। चुनावी मुकाबले में उन्होंने फ्लावियो बोल्सोनारो को हरा दिया। ब्राजील के मीडिया और डेटा फोल्हा ((Datafolha)) के अनुमानों के मुताबिक 99.97 प्रतिशत वोटों की गिनती पूरी होने तक लूला को 51.76 प्रतिशत वैध वोट मिले जबकि फ्लावियो बोल्सोनारो को 48.24 प्रतिशत वोट हासिल हुए। पूर्व फैक्ट्री वर्कर और 'वर्कर्स पार्टी' के सदस्य लूला इस जीत के साथ राष्ट्रपति पद पर सबसे लंबे समय तक रहने वाले नेताओं में दूसरे स्थान पर पहुंच जाएंगे। उनसे आगे केवल गेटुलियो वर्गास हैं। मौजूदा कार्यकाल पूरा होने तक सत्ता में उनका कुल कार्यकाल 16 साल हो जाएगा, जो ब्राजील के लोकतांत्रिक इतिहास में एक रिकॉर्ड होगा। लूला ने 1970 के दशक में एक यूनियन नेता के तौर पर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'वर्कर्स पार्टी' की स्थापना में मदद की। वे इस पार्टी की ओर से तीन बार राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बने और आखिरकार 2002 में चुनाव जीत गए। चार साल बाद वे फिर से चुने गए, और 2010 में उनके मंत्रिमंडल की एक मंत्री, डिल्मा रूसेफ ने उनका स्थान लिया। 2014 में वे फिर से चुनी गईं। बता दें कि ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा AI समिट में शामिल होने के लिए फरवरी में दिल्ली आए थे। नई दिल्ली हवाई अड्डे पर उनका स्वागत विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने किया था।
इधर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से बिहार के पटना में पीएम मोदी के पिता पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद बीजेपी की तरफ से रिएक्शन सामने आने लगे हैं। बीजेपी ने खरगे के बयान को गुंडों वाली भाषा बताया है। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत तमाम बड़े नेताओं ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। बीजेपी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाना में लिखित शिकायत दी है। बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, "कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। इनके युवराज इसी खीझ में कभी सड़क पर महिला पुलिसकर्मियों से गलत बर्ताव करते हैं, तो कभी अपने ही नेताओं से धक्का-मुक्की करते हैं। इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है। यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है।"
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भुवनेश्वर में 169 करोड़ रुपये की लागत से बने RBI के नवनिर्मित डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया। इस दौरान, पीएम मोदी ने कहा कि विकास हमारी प्राथमिकता है। पीएम मोदी ने इसे अधिक सुरक्षित वित्तीय प्रणाली की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। भुवनेश्वर में RBI की नई सुविधाएं डिजिटल बुनियादी ढांचे और साइबर सुरक्षा क्षमताओं को मजबूत करेंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी के बाद देश में बड़े-बड़े शहरों का विकास हुआ, बड़े संस्थान बने, बड़े अस्पताल बने, बड़े एयरपोर्ट बने। लेकिन देश का एक बहुत बड़ा हिस्सा, बुनियादी सुविधाओं के लिए इंतजार करता रहा। दिल्ली में बड़े अस्पताल थे, लेकिन छोटे शहरों और दूर-दराज के क्षेत्रों में बेहतर इलाज के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। बड़े शहरों में हवाई यात्रा की सुविधा थी, लेकिन छोटे शहरों को एयर कनेक्टिविटी से जोड़ने पर उतना फोकस नहीं था।
उधर जम्मू रेलवे स्टेशन के पास शिव मार्केट में भीषण आग लग गई। इस घटना में 35 से 40 दुकानें और एक होटल जलकर खाक हो गया। अनुमान लगाया गया है कि आग लगने से करोड़ों का नुकसान हुआ है। इस घनी व्यावसायिक जगह पर आग की लपटें भड़क उठीं और बाजार से काले धुएं के गुबार उठते देखे गए, जिन्हें कई किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता था। हालांकि खबर लिखे जाने तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया। सूचना मिलने पर दमकल और आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग इतनी भीषण थी कि वह तेजी से फैल गई और कुछ ही मिनटों में कई दुकानें जल गईं। माना जा रहा है कि इस आग में सैकड़ों दुकानदारों की रोजी-रोटी छिन गई है।
इधर बाहरी दिल्ली के नामी गैंगस्टर नफे सिंह उर्फ मंत्री की देश की सबसे बड़ी तिहाड़ जेल की हाई सिक्यूरिटी वार्ड में संदिग्ध हालत में मौत होने का सामने आया है। तबीयत खराब होने पर उसे हरी नगर स्थित दीन दयाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तिहाड़ जेल के प्रवक्ता रविकांत खरे ने गैंगस्टर की मौत की पुष्टि की है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम रखा था और उसे फरवरी 2017 में तथा बाद में फरवरी 2025 में भारत-नेपाल सीमा से लंबे समय बाद गिरफ्तार किया था। नफे सिंह पर मकोका सहित हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और लूट के 14 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। तिहाड़ अधिकारियों के अनुसार नफे सिंह उर्फ मंत्री तिहाड़ के हाई सिक्यूरिटी वार्ड नंबर-8 में बंद था। सुबह उसकी तबीयत ज्यादा खराब होने लगी तो उसे डीडीयू अस्पताल ले जाया गया। तिहाड़ अधिकारियों का कहना है कि शुरूआती जांच में हार्ट अटैक से होने की बात सामने आ रही है। हालांकि उसके शरीर पर चोट आदि के निशान नहीं पाए गए है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही इस बात का खुलासा हो पाएगा कि गैंगस्टर की मौत कैसे हुई है।
उधर भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्गीय पिता के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 'अपमानजनक, अभद्र और आपत्तिजनक' टिप्पणी के खिलाफ सोमवार को देश भर में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। पार्टी के एक बयान के मुताबिक बीजेपी सोमवार को देश भर में अपने सभी स्टेट हेडक्वार्टर पर प्रदर्शन करेगी। पार्टी ने कहा कि ये विरोध प्रदर्शन कांग्रेस प्रेसिडेंट की पटना में की गई टिप्पणी के जवाब में किए जा रहे हैं। इसे उसने बहुत आपत्तिजनक और प्रधानमंत्री के परिवार की इज्जत पर हमला बताया। बीजेपी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस प्रेसिडेंट के कमेंट्स ने पॉलिटिकल बातचीत की सारी हदें पार कर दी और यह गवर्नेंस या पॉलिसी की आलोचना के बजाय पर्सनल अटैक जैसा था। उन्होंने आगे कहा कि पॉलिटिकल नेताओं के परिवार वालों को टारगेट करना, खासकर जो अब जिंदा नहीं हैं, पब्लिक डिबेट में एक नया निचला स्तर दिखाता है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, बहुचर्चित अंकिता भंडारी मर्डर केस में कथित वीवीआई से जुड़े मामले में सीबीआई कोर्ट में पेश होने से पहले अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उन्हें हरिद्वार लेकर पहुंची। जिसके बाद कोर्ट में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बता दें कि 24 अक्टूबर को ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी ने रानीपुर कोतवाली में उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि उर्मिला ने सोशल मीडिया पर अश्लील व मानहानिकारक टिप्पणी कर उसकी लज्जा भंग की। जिससे उसके परिवार की छवि धूमिल हुई। शिकायत के मुताबिक, आरोप है कि उर्मिला सनावर रविदास पीठ अपने नाम करने की मांग कर रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने कथित तौर पर पांच करोड़ रुपए की मांग की। रकम नहीं देने पर परिवार को जान से मारने और फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी भी दी जा रही थी।