Oct 22, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: सऊदी अरब के एयरपोर्ट पर बड़ा हमला, अमेरिका ने दूतावास स्टाफ को देश छोड़ने का दिया आदेश! उपभोक्ताओं को गुमराह करने का आरोप, मेटा पर लगा भारी जुर्माना! अंकिता भंडारी केस, उर्मिला सनावर का होगा नार्को टेस्ट

Good Morning India: Major attack at a Saudi Arabian airport; US orders embassy staff to leave the country! Meta faces a heavy fine over allegations of misleading consumers! In the Ankita Bhandari cas

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पोलैंड के प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। वहीं आज भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का आगाज होगा। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, सऊदी अरब के पूर्वी हिस्से में दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार शाम हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। यह जानकारी सऊदी सिविल एविएशन अथॉरिटी ने दी है। अथॉरिटी के बयान में कहा गया कि घायलों की हालत मामूली से लेकर गंभीर तक है। एयरपोर्ट को हुए भौतिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। यह हमला क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच हुआ है, जहां हूती हमलों से सऊदी अरब के कई एयरपोर्ट प्रभावित हो चुके हैं। इस बीच अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को कहा कि वाशिंगटन ने सऊदी अरब में गैर-जरूरी अमेरिकी दूतावास के कर्मचारियों और उनके परिवारों को देश छोड़ने का आदेश दिया है, क्योंकि यमन के हूती विद्रोही द्वारा सऊदी अरब पर लगातार घातक हमले किए जा रहे हैं। 

उधर फ्रांस में लगातार प्रदर्शन और उसके बाद कर्फ्यू को देखते हुए भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाजरी में भारतीय नागरिकों से कर्फ्यू को देखते हुए सतर्क रहने और सावधानी बरतने को कहा गया है। दूतावास की तरफ से कहा गया है कि भारतीय नागरिक बड़ी भीड़-भाड़ वाली जगहों और उन स्थानों पर जाने से बचें जहां विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। साथ ही फ्रांस के स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों और सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है। दूतावास ने कहा है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में भारतीय नागरिक पेरिस में भारतीय दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए फोन नंबर और ईमेल जारी किए गए हैं। आपात स्थिति में पेरिस स्थित भारतीय दूतावास से +33 6 48 34 00 63 नंबर पर संपर्क करें। वहीं, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बुधवार को दावा किया कि विदेशी नेता फ्रांस के तनावपूर्ण सामाजिक माहौल का अपने राजनीतिक एजेंडे के लिए फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस हिंसा का इस्तेमाल कथित तौर पर अपने राजनीतिक समर्थकों को लामबंद करने के लिए किया और बिना किसी ठोस सबूत के दावा किया कि मुस्लिम प्रवासी इस अशांति के लिए जिम्मेदार हैं।

इधर CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका तिहाड़ जेल से बाहर निकल आए हैं। लिखित आश्वासन के बाद उन्हें जमानत मिली है। उनकी जमानत से सीजेपी समर्थकों में खुशी की लहर है। आशुतोष रांका जेल नंबर 4 में बंद थे और सौरव दास जेल नंबर 2 में बंद थे। दिल्ली में स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की अदालत ने 21 अक्टूबर 2026 को आशुतोष रांका और सौरव दास के मामले में अहम आदेश जारी किया। अदालत ने दोनों की न्यायिक हिरासत तीन दिन और बढ़ाने की पुलिस की मांग खारिज कर दी और 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और जमानती बॉन्ड पर उनकी रिहाई का आदेश दिया। 14 अक्टूबर 2026 को आशुतोष रांका और सौरव दास को शांति भंग होने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के आधार पर निवारक कार्रवाई के तहत अदालत में पेश किया गया था। शुरुआत में अदालत ने दोनों को पांच दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा था। बाद में हिरासत की अवधि दो दिन और बढ़ा दी गई, जो 21 अक्टूबर 2026 तक थी। 21 अक्टूबर को जांच अधिकारी ने अदालत में एक नया आवेदन देकर दोनों की न्यायिक हिरासत तीन दिन और बढ़ाने की मांग की।

उधर न्यू मेक्सिको के एक न्यायाधीश ने बुधवार को मेटा प्लेटफार्म्स को 25 अरब डॉलर का भुगतान करने का आदेश दिया। अदालत ने पाया कि कंपनी ने एक मामले में उपभोक्ताओं को गुमराह किया था। दरअसल, डोनल्ड ट्रंप के 2016 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान से जुड़ी एक राजनीतिक परामर्श फर्म पर आरोप लगा था कि उसने लाखों फेसबुक यूजरों का डाटा उनकी सहमति के बिना हासिल किया था। यह मामला उसी केस से जुड़ा हुआ है। न्यायाधीश फ्रांसिस मैथ्यू ने अपने आदेश में लिखा कि फेसबुक की गलतियां वर्षों तक जारी रहीं और व्यवस्थित रूप से जनता के सामने आईं। यह उसके मुख्य कारोबारी तौर-तरीकों के केंद्र में है। राज्य के कानून के तहत 219 अरब डॉलर से अधिक का दंड उचित था, लेकिन उन्होंने इसे घटाकर 25 अरब डॉलर कर दिया। मेटा के प्रवक्ता ने टिप्पणी के अनुरोध पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया। कैंब्रिज एनालिटिका नाम की ब्रिटिश राजनीतिक परामर्श फर्म ने एक थर्ड-पार्टी एप के जरिए फेसबुक के 8.7 करोड़ तक यूजरों का निजी डाटा जुटाया था। इस रहस्योद्घाटन के बाद राज्य के अटार्नी जनरल ने 2021 में मेटा के खिलाफ मुकदमा दायर किया था।

इधर महाराष्ट्र के वाशिम जिले में दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा में पथराव की घटना सामने आई है। वाशिम के मालेगांव शहर में दुर्गा विसर्जन शोभायात्रा निकाली जा रही थी, तभी टिपू सुल्तान चौक के पास शोभायात्रा पर पथराव किए जाने की घटना सामने आई। जानकारी के मुताबिक शोभायात्रा में उड़ाए गए गुलाल को लेकर पूरा बवाल हुआ है। एक घर पर गुलाल पड़ने से गुस्साए कुछ युवकों ने दुर्गा मंडल में मौजूद लोगों से गाली-गलौच की। फिर विवाद बढ़ने पर पथराव और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। हालांकि, घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, SRPF और RAF के जवानों ने हालात को काबू में किया। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की। दुर्गा मंडल के लोग पथराव करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचे। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक विसर्जन शोभायात्रा रोकने का फैसला किया है। इलाके में बवाल को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। हालांकि, इसके बाद भी जब स्थिति काबू में नहीं आई तो मौके पर SRPF और RAF के जवानों को भी तैनात किया गया। घटना के बाद से मालेगांव शहर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, अंकिता भंडारी केस में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में सीबीआई की टीम अभिनेत्री उर्मिला सनावर के सहारनपुर स्थिति आवास पहुंची। जहां कोर्ट में पेश होने के लिए उर्मिला को नोटिस दिया थमाया। जिसके बाद अब उर्मिला की पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट कराए जाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, सीबीआई यानी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की टीम तीसरी बार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उर्मिला सनावर के आवास पर पहुंची। जहां सीबीआई ने उर्मिला को अदालत में पेश होने के लिए आधिकारिक रूप से नोटिस सौंपा। नोटिस की मानें तो उर्मिला सनावर को आगामी 23 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे देहरादून स्थित सीबीआई के विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होने को कहा गया है। देहरादून के विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप सिंह भंडारी की तरफ से यह नोटिस 21 अक्टूबर को जारी किया गया है। अदालत में मुख्य रूप से यह स्पष्ट किया जाएगा कि उर्मिला सनावर पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट के लिए अपनी इच्छा से सहमति दे रही हैं या नहीं। कोर्ट ये भी सुनिश्चित करेगा कि उनकी तरफ से भरी जाने वाली हामी किसी भी प्रकार के दबाव, धमकी, लालच या अनुचित प्रभाव में न दी गई हो।

इधर उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत 8 जिलों के जिलाधिकारी 22 और 23 अक्टूबर को दिल्ली स्थित भारत निर्वाचन आयोग में दो दिवसीय प्रशिक्षण लेंगे। इसमें चुनावी प्रक्रियाओं, नामांकन, स्क्रूटनी, पोस्टल बैलेट, कार्मिकों की तैनाती और मतदान केंद्रों की तैयारियों की जानकारी दी जाएगी। नवंबर में बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चमोली के जिलाधिकारी भी प्रशिक्षण लेंगे। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, चंपावत, नैनीताल और उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी शामिल होंगे। ये सभी अधिकारी 22 और 23 अक्टूबर को दिल्ली में रहकर निर्वाचन आयोग से प्रशिक्षण लेंगे। जिलाधिकारियों की इस पाठशाला में केवल चुनावी तैयारियों की सामान्य जानकारी ही नहीं मिलेगी। बल्कि, चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न चरणों को भी समझाया जाएगा। नामांकन पत्र दाखिल करने, उनकी जांच यानी स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया के साथ पोस्टल बैलेट की गिनती से जुड़े पहलुओं की जानकारी भी दी जाएगी।

उधर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद का मामला खासा सुर्खियों में है। मामले में अब मंत्री उनियाल ने अपनी बात रखी है। दलेर मेहंदी को मंच पर टोकने और उनके प्रदर्शन पर सवाल उठाने को लेकर सुबोध उनियाल ने कहा कि उन्होंने कोई अपशब्द नहीं कहे। उनका कहना है कि कलाकार को कार्यक्रम के लिए 35 लाख रुपए दिए गए थे, लेकिन वो ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे और न ही चल पा रहे थे। मंत्री उनियाल के मुताबिक, जब कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सवाल उठाने शुरू किए, तो जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्हें खुद मंच पर जाना पड़ा। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान शुरुआत में एंकर के माध्यम से स्थिति को संभालने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि एंकर को समझाया गया, लेकिन इसके बाद भी कलाकार की टीम की ओर से कोई खास सुधार नहीं हुआ। मंत्री उनियाल का कहना था कि पूरी टीम हाथ हिलाकर लिप-सिंक कर रही थी। उन्होंने कहा कि मेरा कोई व्यक्तिगत मकसद नहीं था कि मैं दलेर मेहंदी को ठेस पहुंचाऊं। जब किसी कलाकार को कार्यक्रम के लिए बड़ी रकम दी जाती है, तो आयोजकों और दर्शकों की अपेक्षा होती है कि वो अपनी प्रस्तुति दें। मैंने इसी संदर्भ में अपनी नाराजगी जाहिर की थी।

इधर हल्द्वानी में 32 साल के शादीशुदा व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति अपनी प्रेमिका के साथ होटल में रुका हुआ था। होटल के कमरे में उस व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति मंगलवार रात को अपनी प्रेमिका के साथ होटल में रुका था, तभी अचानक से उसकी तबियत बिगड़ गई। होटल स्टाफ ने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और उस व्यक्ति को लेकर डॉक्टर के पास गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि युवत की तीन बच्चे हैं, जबकि महिला के भी दो बच्चे हैं। महिला मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और महिला अक्सर युवक से मिलने हल्द्वानी आती थी। घटना से दो दिन पहले भी वह हल्द्वानी पहुंची थी। इस मेल-जोल को लेकर युवक के परिवार में पहले से विवाद चलने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।