Good Morning India: बंगाल के बाद मध्य प्रदेश में बड़ा हादसा, बेकाबू ट्रक ने 14 लोगों को कुचला, बंगाल भगदड़ में गईं 19 जानें! अंकिता भंडारी केस में सुरेश राठौड़ से तीन घंटे तक पूछताछ! रुद्रपुर में कार के नीचे मिली नवजात बच्ची! लिंक में पढ़ें- आखिर रावण दहन के बाद पुतले की राख लेकर घर क्यों लौटते हैं लोग?
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, आज वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण का थाईलैंड दौरे का आखिरी दिन है। वहीं आज भारतीय महिला टीम का जिम्बाब्वे के साथ दूसरा टी20 मुकाबला है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां शीतला माता मंदिर के पास शनिवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 40 लोग घायल हो गए। ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर जा रहे थे। छिनोर की ओर वाली सड़क पर खड़ी ढलान है, जहां भारी वाहनों का आना प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि धान से लदा एक ट्रक पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर अचानक बेकाबू हो गया। ट्रक नीचे की ओर आया और मंदिर की बाहरी दीवार व गेट से जा टकराया। सड़क पर मौजूद श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए। मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। एसएसपी के अनुसार, अब तक 39 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जिनमें से 12 की मौत हो चुकी है। 5-6 मरीज गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें फ्रैक्चर हुए हैं, जबकि बाकी को मामूली चोटें आई हैं।
इधर कोलकाता में तेज बारिश से बचने के लिए दुर्गा पूजा पंडाल में उमड़ी भीड़ अचानक भगदड़ में बदल गई। इस हादसे में 19 लोगों की मौत हुई। 25 अन्य लोग घायल हो गए। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों की तलाश में जुटे रहे। दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय सोनू पाल की आंखों के सामने उनकी मां की जान चली गई। सदमे में डूबे सोनू ने उस भयावह पल को याद करते हुए कहा, ''मैंने अपनी मां को आंखों के सामने मरते देखा। शायद मैं भी जिंदा नहीं बच पाता।'' कुमारटुली निवासी पाल अपनी मां के साथ दुर्गा पूजा देखने गए थे, तभी अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। उन्होंने कहा, ''बाहर बारिश हो रही थी और कोई भी बाहर नहीं निकलना चाहता था। बारिश से बचने के लिए प्रवेश द्वार पर खड़े लोग अंदर जाने के लिए लगातार धक्का-मुक्की कर रहे थे।'' पाल ने बताया कि जल्द ही भीड़ का दबाव असहनीय हो गया।
उधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एक महिला पत्रकार ने राहुल गांधी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत की है। महिला पत्रकार का आरोप है, "12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट परिसर में राहुल गांधी ने मुझे धक्का दिया।" महिला पत्रकार के मुताबिक, घटना के दौरान वह करीब 11 सप्ताह की गर्भवती थीं। शिकायत में दावा किया गया कि धक्का लगने से उनका संतुलन बिगड़ा और वह गिर गईं, जिससे उनके हाथों में चोट आई। महिला पत्रकार ने पेट के निचले हिस्से में दर्द होने के बाद सर गंगा राम अस्पताल में इलाज कराने की बात कही। इस मामले में राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है। महिला पत्रकार ने दिल्ली पुलिस को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। महिला पत्रकार ऋचा पराशर ने संसद मार्ग के DCP को इस मामले में शिकायत दी है।
इधर दशहरे पर रावण दहन देखने के बाद आपने कई लोगों को पुतले की बची हुई राख इकट्ठा करते हुए देखा होगा। आखिर इस राख को घर ले जाने के पीछे क्या वजह है और लोग इसे इतना महत्व क्यों देते हैं? दरअसल, धार्मिक और पारंपरिक मान्यताओं में रावण दहन की राख को कुछ विशेष उपायों से जोड़कर देखा जाता है। मान्यता है कि इसे घर लाने से सुख-शांति और समृद्धि बढ़ती है। रावण दहन की राख को घर लाना नकारात्मक ऊर्जा और बुरी नजर से बचाव की कामना से जुड़ा है। माना जाता है कि इस राख से जुड़े उपाय करने पर परिवार में सकारात्मकता बनी रहती है। कहते हैं कि अगर परिवार में किसी को बार-बार बुरी नजर लगती हो, तो रावण दहन की राख को उस व्यक्ति के ऊपर से सात बार घुमाने की परंपरा बताई जाती है। ऐसा करने को नजर दोष से मुक्ति की कामना से जोड़ा जाता है। इतना ही नहीं कुछ लोग घर में कलह-क्लेश या वास्तु दोष से जुड़ी परेशानियों के निवारण की कामना से भी राख का इस्तेमाल करते हैं। एक मान्यता के अनुसार, राख को लाल या पीले कपड़े में बांधकर मुख्य द्वार पर रखा जाता है, ताकि घर में सुख-शांति बनी रहे। वहीं रावण दहन की राख को लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी या धन रखने के स्थान पर रखने की मान्यता भी प्रचलित है। ऐसा करने के पीछे घर में बरकत और आर्थिक समृद्धि की कामना जुड़ी हुई है। कुछ लोग इसे मां लक्ष्मी की कृपा पाने की आस्था से जोड़ते हैं।
उधर उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग उन अपनी सैन्य ताकत को लगातार बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर कोरिया ने लक्ष्य का पता लगाकर उसकी ओर बढ़ने के लिए AI से युक्त एक टॉरपीडो प्रणाली का सफल परीक्षण किया। उत्तर कोरिया की ओर से यह जानकारी दी गई। इसे बेहद तेज गति से चलने वाला और सटीक निशाना लगाने में सक्षम हथियार बताया गया है। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी 'कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी' (केसीएनए) ने बताया कि इस प्रणाली का बृहस्पतिवार को परीक्षण किया गया। इस हथियार में टारगेट की पहचान करने और उसे निशाना बनाने के लिए AI तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, एजेंसी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस सिस्टम में AI किस तरह काम करती है। रिपोर्ट के मुताबिक, परीक्षण के दौरान हथियार की प्रोपल्शन सिस्टम की क्षमता भी जांची गई। इस सिस्टम को विकसित करने के लिए पिछले पांच वर्षों में 180 से अधिक परीक्षण किए गए हैं।
इधर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पद का प्रभार संभालने के बाद से ही सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र राम मंदिर की व्यवस्थाओं में लगातार परिवर्तन कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने अब परिसर में प्रवेश करने वाले सभी कर्मियों की रजिस्टर में इंट्री अनिवार्य करा दी है। कर्मचारियों को भी केवल आईकार्ड दिखाने से यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) परिसर में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। उन्हें दो स्थानों पर रजिस्टर मेंं अपना नाम, मोबाइल, आगमन का उद्देश्य, समय, कर्मी का दायित्व आदि प्रमुख तथ्यों का अंकन कराना पड़ता है। गणना कक्ष की ओर तो अनधिकृत किसी भी ट्रस्ट कर्मी का प्रवेश पूर्णत: वर्जित कर दिया गया है। बता दें कि चढ़ावा चोरी उजागर होने के बाद हुए बदलाव के अंतर्गत ट्रस्ट ने पहली बार मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्थाएं, वित्तीय प्रबंधन, श्रद्धालु सुविधाएं व दैनिक गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए सीईओ की नियुक्ति की है। कार्यभार संभालने के बाद सीईओ जितेंद्र मिश्र अब 21 सितंबर से नियमित रूप से अपने पीएफसी स्थित कार्यालय में बैठ रहे हैं।
उधर फ्रांस में स्कूलों की बदहाली और महंगाई के खिलाफ शुरू हुआ प्रदर्शन पूरी तरह अराजक हो गया है। शनिवार को प्रदर्शनों के दौरान जमकर हिंसा हुई। राजधानी और दूसरे इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने ऐतिहासिक इमारतों में आग लगा दी और दुकानों में लूटपाट की। देश भर में अलग-अलग इलाकों में 5 लाख से ज्यादा लोग इन प्रदर्शनों में शामिल हुए। 1200 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंसा में शामिल उपद्रवियों को सजा देने की कसम खाई है। राजधानी पेरिस में 1 लाख 10 हजार से ज्यादा लोगों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया। पेरिस के कई इलाकों में जंग जैसे हालात नजर आ रहे थे। पेरिस में शाम तक दंगा-रोधी पुलिस के साथ लोगों की तीखी झड़पें हुईं। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, नवरात्र के दौरान रुद्रपुर से एक झंकझोर देने वाली खबर सामने आई है, यहां एक नवजात बच्ची को जन्म के बाद मरने के लिए छोड़ दिया गया। शनिवार शाम इंद्रा कॉलोनी और सिंह कॉलोनी को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर खड़ी कार के नीचे से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी तो लोगों का दिल पसीज गया। करीब दो दिन की मासूम की हालत खराब थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब सवा छह बजे संपर्क मार्ग पर खड़ी एक कार के नीचे से अचानक बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद लोगों ने जब देखा तो वहां नवजात बच्ची पड़ी हुई थी। उसकी हालत देखकर लोग स्तब्ध रह गए। मासूम को इस तरह बेसहारा छोड़ने वाले के प्रति लोगों में नाराजगी भी दिखी। लोगों ने तत्काल आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी प्रदीप पंत को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देर किए बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की जानकारी मिलने पर सीओ विभव सैनी, चाइल्ड लाइन के प्रतिनिधि और चिकित्सकों की टीम भी अस्पताल पहुंच गई। चिकित्सकों ने बच्ची का उपचार शुरू किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
इधर अंकिता भंडारी मामले में सीबीआई ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ की। दिल्ली से सीबीआई की एक टीम शनिवार की शाम हरिद्वार पहुंची और भेल के शिवालिक गेस्ट हाउस में पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पूछताछ के लिए बुलाया। दरअसल, छह माह पहले सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच मोबाइल पर बातचीत की रिकॉर्डिंग प्रसारित हुई थी। इस बातचीत में अंकिता भंडारी मामले में कथित वीआईपी का जिक्र कुछ भाजपा नेताओं के रूप में किया गया था। इसके बाद सुरेश राठौर व उर्मिला सनावर के खिलाफ हरिद्वार और देहरादून में कई अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए गए थे। एक मुकदमा भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रभारी और मौजूदा राज्यपाल दुष्यंत गौतम की ओर से भी दर्ज कराया गया था। इसके बाद राजनीति गर्म होने पर सीबीआई जांच की संस्तुति भी की गई थी। इसी सिलसिले में शनिवार को सीबीआई की टीम ने हरिद्वार पहुंचकर सुरेश राठौर से पूछताछ की है। करीब 3 घंटे सवाल जवाब के बाद टीम दिल्ली लौट गई है।
उधर उत्तराखंड कांग्रेस ने शनिवार शाम अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और वीआईपी की राज्यपाल पद पर नियुक्ति निरस्त किए जाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला। यह मार्च कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय से शुरू होकर घंटाघर से होते हुए वापस कांग्रेस भवन में संपन्न हुआ। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदयाल के नेतृत्व में निकाले गए कैंडल मार्च में उत्तराखंड की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत समेतकई कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना प्रदेश की अस्मिता से जुड़ा एक बड़ा मुद्दा है। यह प्रदेश के सम्मान का भी प्रश्न है। उन्होंने कहा अंकिता भंडारी प्रकरण में भाजपा के नेताओं की तरफ से जिस तरह वीआईपी के नाम का जिक्र आना और अंकिता के माता-पिता और हम सब की तरफ से तथाकथित वीआईपी की सीबीआई से जांच की मांग करने के बावजूद, राज्यपाल पद पर नियुक्ति दे दी जाती है।
इधर अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर संघर्ष कर रहीं उर्मिला सनावर ने दावा किया है कि उनके सहारनपुर आवास पर सीबीआई शनिवार को दिन में 12:30 बजे पहुंची थी। उनके पास कॉल आया तो उन्होंने बगैर सूचना आने पर सवाल उठाया और दिल्ली में होने का हवाला देते हुए रविवार को मिलने का समय दिया है। उर्मिला के अनुसार जांच प्रक्रिया स्पष्ट होनी चाहिए। इसके लिए वह अकेले नहीं बल्कि मीडिया के साथ सीबीआई से मिलेंगी। मौजूदा समय में वह एक बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। किसी दबाव में आकर वह कोई कार्य नहीं करेंगी। जो भी बातें होंगी वह कैमरे के सामने होंगी। जांच प्रक्रिया किसी भी तरह से प्रभावित नहीं होगी। उन्होंने कहा कि वह अपने बयान में पहले भी कह चुकी हैं कि जितने भी सबूत और साक्ष्य हैं वह सीबीआई के सामने खुलकर रखेंगी।