Oct 25, 2026 Login
Awaaz24x7-government

रुद्रपुरः विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाला फर्जी इमीग्रेशन संचालक गिरफ्तार! दफ्तर और दस्तावेज सील

Rudrapur: Fraudulent immigration agent arrested for swindling people with false promises of jobs abroad! Office and documents sealed.

रुद्रपुर। विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले गिरोहों के खिलाफ ऊधमसिंह नगर पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कथित इमीग्रेशन सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और इमीग्रेशन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने उसके कार्यालय और वहां मिले तमाम दस्तावेजों को सील कर दिया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम सहदौरा (थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंह नगर) निवासी शमसेर ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में लिखित तहरीर दी थी। पीड़ित का आरोप था कि प्रीत विहार निवासी मोहम्मद अलीम पुत्र जमील अहमद आवास विकास स्थित चार साहिबजादे चौक पर ‘जेड ग्लोबल कैरियर इमीग्रेशन सर्विस’ नाम से कार्यालय चलाता है। मुलाकात के दौरान आरोपी ने वर्क परमिट और वीजा पर युवाओं को विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का दावा किया। झांसे में आकर पीड़ित शमसेर ने अपने बेटे को विदेश भेजने के लिए आरोपी को 20 हजार रुपये नकद, बेटे का पासपोर्ट और कंप्यूटर डिप्लोमा की मूल अंकतालिका सौंप दी। लंबा समय बीत जाने के बाद भी न तो युवक को विदेश भेजा गया और न ही उसके मूल दस्तावेज व पैसे लौटाए गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली। तहरीर के आधार पर कोतवाली ट्रांजिट कैंप में मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा को सौंपी गई। प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी मोहम्मद अलीम को चार साहिबजादे चौक स्थित उसके कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कार्यालय में रखे सभी रिकॉर्ड्स व कागजात कब्जे में लेते हुए दफ्तर को विधिवत सील कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने क्षेत्र के कितने अन्य युवाओं को अपने जाल में फंसाकर ठगी की है। टीम में व.उ.नि. मुकेश मिश्रा और हेड कांस्टेबल मनोज बोरा शामिल रहे।