Oct 24, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: भारत का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अमेरिका में गिरफ्तार! ट्रम्प ने ईरान को फिर दी धमकी! रामायण की धुआंधार एडवांस बुकिंग, 8 करोड़ के पार पहुंची कमाई! उत्तराखण्ड में सरकारी कर्मियों के लिए जमीन खरीदने-बेचने के नियम बदले

Good Morning India: India’s most-wanted gangster Himanshu Bhau arrested in the US! Trump issues another threat to Iran! 'Ramayana' sees massive advance bookings, with earnings crossing the ₹8 crore m

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। वहीं भारत और न्यूजीलैंड के बीच चल रही पांच टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मैच आज खेला जाएगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ नई सैन्य कार्रवाई का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि अगर तेहरान किसी समझौते के लिए तैयार नहीं होता है, तो वाशिंगटन एक और ऑपरेशन शुरू कर सकता है। इससे कुछ घंटे पहले ही एक अमेरिकी दूत ने कहा था कि इसी सप्ताहांत तक ईरान पर फिर से बड़े हमले हो सकते हैं। शुक्रवार को फ्लोरिडा में एक रैली के दौरान ट्रंप ने कहा, "हम एक और 'एपिक फ्यूरी' (Epic Fury) कर सकते हैं।" यहां उन्होंने ईरान के खिलाफ अमेरिकी सेना द्वारा चलाए जाने वाले युद्ध के लिए इस्तेमाल किए गए नाम का जिक्र किया। ट्रंप की इस धमकी के बाद  ईरानी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अमेरिका और इजराइल ने अगर दोबारा हमला किया तो ईरान खाड़ी में समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबल को निशाना बना सकता है। हमले से बचने के लिए ईरान ने अपना आगे का प्लान तैयार कर लिया है। ईरान खाड़ी में समुद्र के नीचे बिछे इंटरनेट केबल को निशाना बनाने की योजना तैयार की है। ईरानी रिवोल्यूशनरी गाईस के राजनीतिक मामलों के उप प्रमुख यदोल्लाह जावानी ने कहा है कि अगर ईरानी बुनियादी ढांचे पर हमला हुआ तो ईरान होर्मुज के नीचे मौजूद सात प्रमुख इंटरनेट केबल को काट देगा। समुद्र के नीचे की इंटरनेट केबल से लेकर सैन्य ठिकानों तक कोई जगह सुरक्षित नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि, ईरान की ना केवल समुद्र के नीचे बिछे इन केबल तक पूरी पहुंच है, वह इन्हें पूरी तरह से नष्ट भी कर सकता है।

इधर भारत के मोस्ट वांटेड क्रिमिनल गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। हिमांशु भाऊ लॉरेंस बिश्नोई गैंग से अदावत रखता था और कई बड़े जुर्म कर फरार हो गया था। उसका गैंग दिल्ली और हरियाणा में एक्टिव था और कई अपराधों में गैंग की संलिप्तता था। आखिरकार उसे अमेरिका में एफबीआई ने अरेस्ट कर लिया है और अब उसे भारत लाने की तैयारी की जाएगी। कई मामलों में वांछित हिमांशु भाऊ काफी कम उम्र में ही अपराध की दुनिया का बादशाह बन गया था, जिसकी वजह से उसे छोटा डॉन कहा जाने लगा था। काफी कम उम्र, मात्र 17 साल की उम्र में क्राइम की दुनिया मे आया था हिमांशु भाऊ, इससे पहले बचपन में ही बाल सुधार गृह गया था। क्राइम करना और बच निकलना जानता था। साल 2023 में इंटरपोल ने हिमांशु भाऊ के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। हिमांशु भाऊ के ऊपर दिल्ली पुलिस, हरियाणा पुलिस, एनआईए के कई मुकदमे दर्ज है। हत्या, हत्या की कोशिश, एक्सटॉर्शन के कई मुकदमे दर्ज है। 2022 में हरियाणा में 24 घन्टे में तीन हत्याएं और एल्विश यादव के घर के बाहर फायरिंग के बाद हिमांशु भाऊ ने इसकी जिम्मेदारी ली थी।

उधर यूपी और बिहार में शुक्रवार को MLC चुनाव के दौरान कई जगहों पर हंगामा, मारपीट और कथित बूथ कैप्चरिंग की शिकायतें सामने आई हैं। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर, मुजफ्फरनगर, गोरखपुर, आगरा, वाराणसी और कौशांबी में अलग-अलग घटनाओं को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। बिहार में भी बीजेपी, जनसुराज और जेडीयू समर्थकों के बीच झड़पें हुईं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। यूपी के फतेहपुर जिले में खागा विधानसभा क्षेत्र के विजयीपुर ब्लॉक स्थित एक मतदान केंद्र पर हंगामा हुआ। एक मतदाता ने आरोप लगाया कि जब वह वोट डालने पहुंचा, तो कुछ लोग बूथ के अंदर आए और गेट बंद कर दिए। आरोप के मुताबिक, उन्होंने चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को धमकाया और सीसीटीवी कैमरे बंद करा दिए। इसके बाद बैलेट पेपर का बड़ा बंडल लेकर कथित तौर पर फर्जी मतदान किया गया। मतदाता के बाहर आकर शिकायत करने के बाद बीजेपी और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भिड़ गए। मारपीट और धक्का-मुक्की की सूचना पर पुलिस, एसपी और डीएम मौके पर पहुंचे। 

इधर चीन के नियंत्रण वाले तिब्बत की धरती एक बार फिर भूकंप के झटकों से कांप उठी। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.7 मापी गई है। भूकंप के झटकों से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल पड़े। जानमाल के नुकसान की फिलहाल कोई सूचना नहीं है। जानकारी के मुताबिक इस भूकंप का केंद्र नागकू शहर से 215 km उत्तर-पूर्व में था। नागकु वर्तमान में चीन द्वारा नियंत्रित तिब्बत के उत्तरी भाग में स्थित एक प्रमुख शहर है। इससे पहले बृहस्पितवार की रात को इस इलाके में 7 की तीव्रता का भूकंप आया था जिसमें जानमाल का काफी नुकसान हुआ। अमेरिकी एजेंसी United States Geological Survey के मुताबिक शनिवार सुबह आए ताजा भूकंप की तीव्रता रिक्टर इन स्केल पर 4.7 मापी गई है। वहीं नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक चीन के नियंत्रण वाले तिब्बत में शनिवार सुबह 5 बजकर 38 मिनट पर यह भूकंप के झटके महसूस हुए। धरती के नीचे 10 किमी की गहराई पर यह भूकंप आया और इसकी तीव्रता 4.5 मापी गई।

उधर जापान के आइची-नागोया में हुए एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत के एथलीटों का ऐसा जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें रिकॉर्ड कुल 114 मेडल जीतने में कामयाबी मिली। इस बार पैरा एशियन गेम्स में भारत के खाते में जहां 30 गोल्ड मेडल आए तो वहीं 35 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल भी जुड़े। पैरा एशियन गेम्स 2026 का समापन 23 अक्टूबर को होगा लेकिन आखिरी दिन होने वाले इवेंट में भारत का कोई भी एथलीट नहीं है। मेडल टैली में 5वां दिन खत्म होने के बाद भारत चौथे स्थान पर था, जिसमें चीन कुल 427 मेडल के साथ पहली पोजीशन पर काबिज था। बता दें कि साल 2022 में हुए पिछले एशियन गेम्स में भारत की तरफ से कुल 309 पैरा-एथलीटों  कुल 111 मेडल जीतने में सफलता मिली थी जिसमें 27 गोल्ड, 32 सिल्वर और 49 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे, लेकिन बाद में डोपिंग मामलों के कारण नीरज यादव और परवीन से जुड़े तीन पदक वापस ले लिए गए थे, जिसके चलते पदकों की कुल संख्या 108 पहुंच गई थी। वहीं इस बार जापान में हुए पैरा एशियन गेम्स में कुल 168 पैरा एथलीट गए थे और 114 मेडल जीतने में सफलता हासिल हुई। साल 2010 में हुए पहले पैरा एशियन गेम्स में भारत ने 14 मेडल जीते थे, जबकि साल 2014 में दूसरे पैरा एशियन गेम्स में 33 मेडल जीतने में सफलता मिली थी, वहीं साल 2018 में जकार्ता पैरा एशियन गेम्स में कुल 72 मेडल जीते थे।

इधर नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड' रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर चर्चा बटोर रही है। रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल जैसे सितारों से सजी इस माइथोलॉजिकल फिल्म की एडवांस बुकिंग में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ट्रेड ट्रैकर सैक्निल्क के मुताबिक 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 11:42 बजे तक फिल्म ने ब्लॉक सीटों को शामिल करते हुए 8.27 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था, जबकि ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद यह आंकड़ा 6.25 करोड़ रुपये रहा। फिल्म के लिए अब तक 3,964 शो में 1.47 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। एडवांस बुकिंग के इन आंकड़ों ने फिल्म की ओपनिंग को लेकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं। 'रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड' की एडवांस बुकिंग में सबसे खास बात यह है कि टिकटों की बिक्री में बढ़ोतरी केवल ब्लॉक सीटों के कारण नहीं हो रही है। रिपोर्ट के अनुसार, ब्लॉक सीटों सहित फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 52 फीसदी बढ़कर 8.27 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि ब्लॉक सीटों को हटाकर कमाई में 73 फीसदी का उछाल आया। यह आंकड़ा 3.61 करोड़ रुपये से बढ़कर 6.25 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, कुल ग्रॉस में ब्लॉक सीटों की हिस्सेदारी करीब 34 फीसदी से घटकर 24 फीसदी रह गई। इससे संकेत मिलता है कि फिल्म की एडवांस बुकिंग में दर्शकों की वास्तविक खरीदारी का योगदान बढ़ रहा है।

उधर मणिपुर में लगातार हो रही हत्याओं और राज्य में सामान्य स्थिति बहाल करने में सरकार की कथित नाकामी के विरोध में शुक्रवार शाम घाटी के पांच जिलों में हजारों लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के कई गोले छोड़े। इंफाल के अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने आक्रोश या गुस्सा जाहिर करने के लिए शाम 7.30 बजे से आठ बजे के बीच बर्तन बजाए, बिजली के खंभों पर हथौड़ा मारा और गाड़ियों के हार्न बजाए। कई प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर ढोल भी बजाया। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, हम ऐसा इसलिए कर रहे हैं ताकि नेता हमारा दर्द सुन सकें। हम लंबे समय से अपनी कई मांगों को लेकर उनसे गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उन्होंने आंखें मूंद रखी हैं। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में सरकारी कर्मचारी अब सरकार के साथ लेनदेन करने वाले व्यक्ति, फर्म, कंपनी या संस्थान से जमीन खरीदने अथवा बेचने के लिए बिना पूर्व अनुमति के कदम नहीं उठा सकेंगे। राज्य सरकार ने कर्मचारी आचरण नियमावली में संशोधन कर संपत्ति के लेन-देन और कर्मचारियों के व्यावसायिक हितों से जुड़े प्रविधानों को स्पष्ट किया है। साथ ही कर्मचारियों की पत्नी या उन पर आश्रित रिश्तेदारों के तैनाती वाले जिले में बीमा एजेंट के रूप में काम करने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। कार्मिक विभाग ने संशोधित नियमावली की अधिसूचना जारी कर दी है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में संशोधित प्रविधानों के अनुसार, कोई भी सरकारी कर्मचारी ऐसे व्यक्ति, फर्म, कंपनी या संस्थान से अचल संपत्ति का खरीद या बिक्री या आदान-प्रदान नहीं कर सकेगा, जिसका सरकार के साथ कोई लेन-देन हो, जब तक इसके लिए निर्धारित अनुमति प्राप्त न कर ली जाए।

इधर उत्तराखंड में बदरीनाथ धाम से शुरू हुई कांग्रेस की न्याय यात्रा शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में रुद्रप्रयाग पहुंची। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। यात्रा के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड, चंदा चोरी के आरोपों, दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने और बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़े प्रकरण को लेकर सरकार को घेरा। कांग्रेस नेताओं ने इन मामलों को जनता के बीच उठाते हुए जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग की। बदरीनाथ धाम से शुरू हुई इस न्याय यात्रा को कांग्रेस प्रदेश में विभिन्न मुद्दों पर जनमत तैयार करने और सरकार को घेरने के अभियान के रूप में आगे बढ़ा रही है। शुक्रवार को यात्रा के रुद्रप्रयाग पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों पर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।

उधर सोशल मीडिया से लेकर सियासी गलियारों तक इन दिनों दलेर मेहंदी विवाद छाया हुआ है। बॉलीवुड की हस्तियां दलेर मेहंदी के समर्थन में उतर चुकी हैं। वहीं, इस मामले को लेकर उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी भी गंभीर हैं। सीएम धामी ने आज इस मामले में खुद मोर्चा संभाला। एक बार फिर सीएम धामी ने पंजाबी पॉप सिंगर दलेर मेहंदी से बात की। सीएम धामी ने दलेर मेहंदी को फोन कर उनका हालचाल जाना। साथ ही सीएम धामी ने इन दिनों चल रहे विवाद को लेकर विस्तार से चर्चा की। सीएम धामी ने कहा देवभूमि उत्तराखण्ड ‘अतिथि देवो भवः’ की समृद्ध परंपरा का संवाहक है। हमारी लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान है। यहां कला, संस्कृति और कलाकारों का सदैव स्वागत एवं सम्मान किया जाता रहा है। हमारा प्रयास है कि इस घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए।