Oct 20, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद मुंबई में तनाव, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल! फ्रांस में बिगड़े हालात, हिंसा और आगजनी की चपेट में पूरा देश! SC-ST एक्ट मामले में गिरधारी लाल साहू को झटका, खारिज हुई अग्रिम जमानत! नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन आज लेंगे शपथ

Good Morning India: Tension in Mumbai following a shooting incident involving Tiger Shroff; questions raised regarding law and order! Situation worsens in France, with the entire country gripped by v

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, आज तमिलनाडु पुलिस 128 स्थानों पर आरएसएस के मार्च का समय तय करेगी। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, फ्रांस में पिछले तीन दिन से उपद्रव कर रहे लोगों के खिलाफ एक्शन शुरू हो चुका है। पुलिस ने अब तक 2 हजार 400 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। अकेले रविवार को 2 हजार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमेनुअल मेक्रों ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जिन्होंने भी तोड़फोड़ की है। तबाही मचाई है। उन्हें ही इसका भुगतान करना होगा। मेक्रों ने कहा कि अल्ट्रा लेफ्ट समूहों के प्रदर्शनकारियों और उनके साथ शामिल उपद्रवियों ने फ्रांस के शहरों में लूटपाट और आगजनी की है। पुलिस के मुताबिक पांच लाख से ज्यादा प्रदर्शकारियों ने फ्रांस में 148 जगहों पर प्रदर्शन किया। इस दौरान दुकानों को लूटा गया और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया लेकिन अब लूटपाट करने वालों को भरपाई करनी होगी। 

इधर लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इस समय गोवा में हैं। उन्होंने दक्षिण गोवा के मडगांव में कांग्रेस की 'गोय राखोन यात्रा' में हिस्सा लिया और पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ 2 किलोमीटर तक पैदल चले। राहुल गांधी ने गोवा के मडगांव में कहा, "पूरा देश जानता है कि CEC ज्ञानेश कुमार वोट चोरी को अंजाम देते हैं और अमित शाह तथा PM मोदी उनका समर्थन करते हैं।" राहुल ने कहा, "कांग्रेस संविधान की रक्षक है; प्रधानमंत्री, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार जानते हैं कि वे हमसे बच नहीं सकते।" राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "पहले हमारे पास विश्व-स्तरीय शिक्षा प्रणाली हुआ करती थी, लेकिन अब छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पैलेट गन का इस्तेमाल किया जा रहा है।" 

उधर मुंबई के जुहू इलाके में हुई गोलीबारी की घटना के बाद रविवार रात महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से उनके घर पर मुलाकात की। उन्होंने अभिनेता और उनके परिवार को राज्य सरकार की ओर से पूरा समर्थन देने का भरोसा दिलाया। मुलाकात की तस्वीरों में टाइगर श्रॉफ के हाथ पर पट्टी बंधी दिखी और उनके कंधे तथा छाती पर भी मरहम-पट्टी लगी थी। मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए शिंदे ने बताया कि घटना के दौरान पांच राउंड फायरिंग हुई थी, लेकिन अभिनेता सुरक्षित हैं। उन्होंने आगे बताया कि बारूद और कांच के टुकड़ों की वजह से टाइगर श्रॉफ के बाएं हाथ में चोटें आई हैं, जबकि इस घटना में उनका ड्राइवर भी घायल हो गया है। शिंदे ने कहा, "यह एक गंभीर घटना है। पांच राउंड फायरिंग हुई, लेकिन अच्छी बात यह है कि वह सुरक्षित हैं। उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं और यह घटना निंदनीय है। मैंने अभिनेता से मुलाकात की। बारूद और कांच के टुकड़ों की वजह से उनके बाएं हाथ में चोटें आई हैं। वह और उनकी मां दोनों काफी डरे हुए हैं। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।"

इधर बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद विपक्ष ने रविवार को महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की। विपक्ष ने आरोप लगाया कि शहर और राज्य में कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने देवेंद्र फडणवीस सरकार पर राज्य में जंगलराज कायम करने का आरोप लगाया और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के लिए नैतिक आधार पर मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि फडणवीस मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभाने में नाकाम रहे हैं। कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या, अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर फायरिंग और अभिनेताओं व फिल्म निर्माताओं को मिल रही धमकियों का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर सवाल उठाया। एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने कहा कि अगर स्थिति संभालना मुश्किल हो गया है, तो गृह विभाग किसी सक्षम मंत्री को सौंप देना चाहिए। शिवसेना (यूबीटी) की नेता सुषमा अंधारे ने कहा कि यह मुख्यमंत्री के लिए चेतावनी है कि सरकार बिश्नोई गैंग का कुछ नहीं बिगाड़ सकती।

उधर वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर स्कॉर्पियो को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मृतकों और घायलों की पहचान के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

इधर महाराष्ट्र के लातूर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां कुछ लोगों ने एक युवक को निर्वस्त्र कर बेल्ट और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। आरोप है कि इस दौरान युवक के प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल भी डाला गया। आरोपियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दिख रहा कि निर्वस्त्र कर एक युवक को दो लोग बेरहमी से बेल्ट से पीट रहे हैं। पीड़ित युवक जमीन पर पड़ा हुआ है। आरोपी लड़के उसे पीटते हुए उसके प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डालते हुए भी दिखे हैं। दर्द की वजह से वह करा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। क्राइम ब्रांच की टीमें भी आरोपियों को पकड़ने के लिए जुटी हुई हैं।

उधर एयरलाइन कंपनी अकासा एयर ने रियाद और जेद्दा आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स को 27 अक्टूबर, 2026 तक रद्द करने की घोषणा की है। अकासा एयर ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर ये जानकारी दी है। एयरलाइन कंपनी ने मध्य-पूर्व के मौजूदा हालातों को देखते हुए ये फैसला किया है। कंपनी ने कहा है कि रियाद और जेद्दा की सभी फ्लाइट्स को कैंसिल करने का ये फैसला मध्य-पूर्व के मौजूदा हालातों का सावधानीपूर्वक आकलन करने के बाद लिया गया है। अकासा एयर ने बताया कि वो लगातार मध्य-पूर्व के हालातों पर नजरें बनाए हुए हैं और समय-समय पर हालातों का आकलन भी कर रहे हैं। अकासा एयर ने फ्लाइट्स कैंसिलेशन से प्रभावित होने वाले यात्रियों के लिए फुल रिफंड का विकल्प दिया है। एयरलाइन कंपनी ने बताया कि रिफंड का पैसा 7 दिनों के अंदर उनके ऑरिजिनल सोर्स में वापस आ जाएगा। अकासा एयर ने कहा है कि जिन यात्रियों ने ट्रैवल पार्टनर्स के जरिए टिकट बुक किए हैं, उन्हें रिफंड और रीशेड्यूलिंग के लिए सीधे उन्हीं से संपर्क करना होगा। इसके अलावा, यात्रियों को बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के अपनी फ्लाइट को रीशेड्यूल करने का भी ऑप्शन उपलब्ध कराया है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच चल रहे विवाद की जांच में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआइटी) ने कैबिनेट मंत्री के बयान दर्ज करने के साथ ही उनसे संबंधित दस्तावेज भी जुटाए हैं। वहीं, मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल के लिए बरेली गई पुलिस टीम भी पूछताछ और दस्तावेजी साक्ष्य एकत्र करने के बाद वापस लौट आई है। पुलिस के हाथ लगे साक्ष्यों की अब जांच की जा रही है। इसके साथ ही मामले से जुड़ी एक आडियो रिकार्डिंग को भी जांच के लिए फारेंसिक लैब भेजा गया है। पुलिस की जांच अब बयानों, दस्तावेजों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ रही है। एसआइटी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद से जुड़े आरोपों में कितनी सच्चाई है और उपलब्ध साक्ष्य किस दिशा में संकेत कर रहे हैं। हालांकि, जांच पूरी होने और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इधर ऊधम सिंह नगर जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है, यहां रुद्रपुर से काशीपुर जा रहे दो युवकों की पल्सर बाइक रविवार शाम करीब छह बजे गदरपुर बाईपास पर गोपाल नगर-बालराम नगर कट के पास सड़क से गुजर रहे कुत्ते से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल गदरपुर भूपेंद्र सिंह बृजवाल ने बताया की दोनों आईटीआई थाना क्षेत्र के हिम्मतपुर के रहने वाले थे, जिसमे से राज ने पिछले साल ही इंटर किया था, फिलहाल दोनों घर में ही रहते थे और कोई काम नहीं करते थे। रविवार शाम दोनों युवक अपनी नई पल्सर बाइक से रुद्रपुर से काशीपुर जा रहे थे। गदरपुर बाईपास पर गोपाल नगर-बलराम नगर कट के पास अचानक उनकी बाइक सड़क पर आए कुत्ते से टकरा गई।

उधर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े बहुचर्चित एससी-एसटी एक्ट मामले में आरोपी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को बड़ा झटका लगा है। देहरादून की विशेष SC/ST अदालत ने गिरधारी लाल साहू की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। देहरादून की विशेष SC/ST अदालत ने सुनवाई के दौरान प्रथम दृष्टया माना कि मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत अपराध बनता हुआ प्रतीत हो रहा है, इसलिए अग्रिम जमानत देना उचित नहीं है। गिरधारी लाल साहू के खिलाफ शुक्रवार को देहरादून के कैंट थाने में उनकी पत्नी कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी, जालसाजी, प्रताड़ना और एससी-एसटी एक्ट के तहत आरोप लगाए गए हैं। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दलील दी कि दोनों की शादी को 22 साल हो चुके हैं और उनके बीच का विवाद घरेलू व आर्थिक प्रकृति का है। अधिवक्ताओं ने कहा कि कथित जातिसूचक टिप्पणी निजी बंद कमरे में की गई थी, जहां आम जनता की मौजूदगी नहीं थी। वहीं, राज्य सरकार की ओर से विशेष लोक अभियोजक गोविंद सिंह ने याचिका का विरोध किया। उन्होंने अदालत में दलील दी कि मंत्री के सरकारी आवास पर कर्मचारियों के सामने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। अदालत ने कहा कि निजी परिसर में भी अन्य लोगों की मौजूदगी में अपमान किए जाने की स्थिति में वह स्थान 'पब्लिक व्यू' के दायरे में आ सकता है। कर्मचारियों की मौजूदगी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। अदालत ने एससी-एसटी एक्ट के तहत अग्रिम जमानत पर लागू कानूनी प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए गिरधारी लाल साहू की याचिका खारिज कर दी। वहीं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति गिरधारी लाल साहू पर मारपीट, उत्पीड़न, दूसरी शादी छिपाने से लेकर जान से मारने की प्लानिंग का कथित आरोप लगाया है।

इधर देहरादून में तीन महीने से लापता 22 वर्षीय बीएससी फाइनल के छात्र का कंकाल किमाड़ी के जंगल में मिला है। किमाड़ी से करीब सात किलोमीटर अंदर जंगल में मिले कंकाल की पहचान परिजनों ने कपड़ों के आधार पर की। युवक 17 जुलाई 2026 की रात से लापता था। कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। वहीं, परिजनों ने उसके साथ रहने वाले दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के शेरकोट का रहने वाला मोहम्मद शारिक देहरादून की आजाद कॉलोनी में किराये के कमरे में रहता था। एक नामी यूनिवर्सिटी से रेडियोथेरेपी टेक्नोलॉजी में बीएससी कर रहा था। 17 जुलाई की रात करीब 10 बजे वह अपनी स्कूटी लेकर कमरे से निकला था। बताया गया कि वह कमरे में मौजूद एक व्यक्ति को आधे घंटे में वापस आने की बात कहकर गया था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। युवक के वापस नहीं आने पर परिजनों और उसके साथ रहने वाले युवकों ने उसकी तलाश की। हालांकि, उसका कोई सुराग नहीं मिला और उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा।

उधर उत्तराखंड के मनोनीत राज्यपाल डा. ढाल सिंह बिसेन आज सोमवार को विधिवत नया पदभार संभालेंगे। लोकभवन परिसर में सुबह 11 बजे आयोजित समारोह में उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डा. ढाल सिंह बिसेन रविवार शाम उत्तराखंड पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया। इस दौरान उन्होंने परेड का निरीक्षण भी किया। एयरपोर्ट पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान समेत अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।