Good Morning India: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस, यूपी की दो युवतियों समेत चार और गिरफ्तार!सूडान में गृह युद्ध हुआ खतरनाक, ड्रोन अटैक में 153 लोगों की मौत! मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, कई इलाकों में आगजनी! कांग्रेस का 'उत्तराखंड न्याय यात्रा' कार्यक्रम घोषित
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यकर्मो पर नजर डालते हैं, पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क आज भारत आ रहे हैं। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, देशभर में मंगलवार, 20 अक्टूबर को विजयादशमी का पर्व पारंपरिक उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। विभिन्न शहरों में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। बड़ी संख्या में लोग रामलीला मैदानों में उत्सव देखने पहुंचे। इस दौरान राजधानी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 में आयोजित दशहरा समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुईं। राष्ट्रपति ने भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की आरती करने के बाद तीर चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के इंद्रप्रस्थ रामलीला मैदान में विजयादशमी समारोह में भाग लिया। उन्होंने रावण दहन की परंपरा निभाई और देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पर्व को सभी के संकल्प को नई शक्ति देने वाला बताया। लाल किले के पास आयोजित लव कुश रामलीला समारोह में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और चांदनी चौक के सांसद प्रवीण खंडेलवाल शामिल हुए। यहां 110 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में विजयादशमी के अवसर पर विशेष पूजा की। उन्होंने भगवान राम, सीता और लक्ष्मण का राजतिलक किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। पूजा-अर्चना दो घंटे से अधिक समय तक चली। उत्तराखण्ड में भी दशहरे को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पहाड़ से लेकर मैदान तक पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इधर टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने फायरिंग मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि दो महिला और दो पुरुष ने मामले के आरोपियों को हथियार सप्लाई किए थे। हिरासत में लेने के बाद इन चारों आरोपियों को मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गाया। टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में मुंबई पुलिस चारों आरोपियों को कस्टडी में लेकर मुंबई रवाना हो गई। महिलाओं की भूमिका को लेकर मुंबई पुलिस आगे की जांच करेगी। टाइगर श्रॉफ पर हमले करने वाले 3 आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस के अनुसार ये आरोपी सोनीपत और दिल्ली के रहने वाले हैं। दो पुरुषों ने कथित तौर पर हथियार जुटाए और उन्हें महिलाओं को सौंप दिए। इसके बाद ये महिलाएं मुंबई गईं और वहां अपने गिरोह (सिंडिकेट) के सदस्यों को हथियार पहुंचा दिए। आगे की जांच के लिए सभी आरोपियों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।
उधर जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन पैरा गेम्स में भारतीय खिलाड़ी बहुत ही बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। टूर्नामेंट के दूसरे दिन भारतीय एथलीट्स ने दौड़, शूटिंग, टेबल टेनिस, तैराकी, वेटलिफ्टिंग और बैडमिंटन जैसे खेलों में शानदार खेल दिखाया। इसमें निषाद कुमार ने लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीतकर एक नया इतिहास रच दिया, वहीं दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ (टी20) में अपना खिताब बचाए रखते हुए नया गेम्स रिकॉर्ड भी बना डाला। इन बेहतरीन प्रदर्शनों की बदौलत भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 35 हो गई है, जिसमें 9 गोल्ड, 11 सिल्वर और 15 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत की पैरा एथलीट दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रही है। उन्होंने इस बार 56.36 सेकंड का समय लेकर एक नया गेम्स रिकॉर्ड भी बना दिया है। इससे पहले उन्होंने 2022 के पिछले खेलों में 56.59 सेकंड में यह दौड़ पूरी करके स्वर्ण पदक जीता था और इस बार उन्होंने अपने पुराने प्रदर्शन में 0.23 सेकंड का सुधार किया है। तेलंगाना की रहने वाली 23 साल की दीप्ति इससे पहले साल 2024 की विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड और पेरिस पैरालंपिक में ब्रॉन्ज मेडल भी जीत चुकी हैं। उनकी यह शानदार सफलता भारत के लिए बेहद गर्व की बात रही।
इधर देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। एक ओर जहां जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में बर्फबारी से उत्तर भारत में ठंड का असर दिखने लगा है, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में अभी भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे तमिलनाडु तट पर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते 26 अक्टूबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं। इसके अलावा 21 से 26 अक्टूबर के बीच दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप, केरल, यनम, रायलसीमा और माहे में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान इन राज्यों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। यूपी, बिहार, हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह शाम ठंड का एहसास होने लगा है। दिल्ली-एनसीआर में भी सुबह-शाम हल्की ठंड का असर दिखने लगा है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से पहाड़ी राज्यों में तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है।
उधर अफ्रीकी देश सूडान और दक्षिणी सूडान के बीच विवादित क्षेत्र अबेई के एक बाज़ार पर ज़बरदस्त ड्रोन अटैक हुआ जिसमें कम से कम 153 लोगों के मारे जाने की खबर है। मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक अबेई के एमिएट बाजार में एक पेट्रोल पंप के पास ड्रोन से हमला हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि पूरे बाजार में आग फैल गई, ऊंची ऊंची लपटे उठने लगी और चारो तरफ भगदड़ मच गई। कई लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की तादाद बढ़ सकती है। स्थानीय प्रशासन ने सूडान की सेना पर ड्रोन अटैक का आरोप लगाया है। अबेई में सूचना मामलों के कार्यवाहक मंत्री, योहाना अकोल नगोर ने मंगलवार को बिना कोई सबूत दिए कहा कि इस हमले के लिए सूडान की सेना जिम्मेदार है। वहीं, दक्षिण सूडान के विदेश मंत्रालय ने भी इस हमले के लिए सूडान की सेना को जिम्मेदार ठहराया है। मंत्रालय ने कहा कि हमले में बाजार के कई स्थानों को निशाना बनाया गया। हमले में आम नागरिकों की मौत हुई और संपत्ति को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा।
इधर मध्य प्रदेश के दमोह जिले में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला ने कथित तौर पर अपने तीन बच्चों को कुएं में धकेल दिया। इसके बाद खुद भी कुएं में कूद गई। इस हादसे में महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि पांच साल की एक बेटी की जान बच गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना दमोह जिले के जमुनिया गांव की है। बताया जा रहा है कि महिला ने पहले अपने तीन बच्चों को कुएं में धकेला और फिर खुद भी कुएं में छलांग लगा दी। कुएं से आवाज आने पर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव की कोशिश शुरू की। इस दौरान पांच साल की बच्ची को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद महिला और बच्चों को उपचार के लिए पथरिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने महिला और उसके दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इस तरह हादसे में कुल तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक बच्ची की जान बच गई।
उधर मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांगपोकपी जिले में मंगलवार सुबह उग्रवादियों ने कुकी समुदाय के व्यक्ति पाओलेन खोंगसाई की गोली मारकर हत्या कर दी। वह पी मोल्डिंग गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ जंगल में बांस की कोपलें इकट्ठा करने गए थे तभी उग्रवादियों ने हमला किया। दूसरा व्यक्ति हमले में जान बचाकर भागने में सफल रहा। हत्या के विरोध में कमेटी आन ट्राइबल यूनिटी ने जिले में आधी रात से 24 घंटे के बंद का आह्वान किया है। सोमवार को इसी जिले में उग्रवादियों ने सुनरोक क्षेत्र में जलावन की लकड़ी बीन रहे मैतेयी समुदाय के 14 लोगों पर उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया था। इस गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई थी। इस बीच मैतेयी समुदाय के तीन लोगों की हत्या के विरोध में मंगलवार को 48 घंटे के बंद के चलते घाटी के पांच जिलों में जनजीवन प्रभावित रहा। इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर, थौबल और काकचिंग में बाजार, शिक्षण संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, कांग्रेस पार्टी प्रदेश में 'उत्तराखंड न्याय यात्रा' कार्यक्रम की शुरुआत 22 अक्टूबर से करने जा रही है, जिसके लिए पूरी तैयारियां कर ली गई है। यात्रा का पहला दल 22 अक्टूबर को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर में पूजा अर्चना के साथ शुभारंभ करेगा। यात्रा कुमाऊं के रानीखेत, खैरना, भवाली, भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगी। उसके बाद 23 अक्टूबर को लाल कुआं किच्छा सितारगंज नानकमत्ता खटीमा होते हुए रुद्रपुर पहुंचेगी। जबकि, 24 अक्टूबर को रुद्रपुर बाजपुर काशीपुर से होते हुए जसपुर पहुंचने के बाद 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ यात्रा का समापन होगा। इसी तरह पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अन्य विधायकों के नेतृत्व में दूसरा दल 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा अर्चना के बाद जोशीमठ पिपलकोटी होते हुए चमोली पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को नंद प्रयाग कर्णप्रयाग गोचर होते हुए यह दल रुद्रप्रयाग पहुंचेगा। 24 अक्टूबर को विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल के सतपुली, यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र और कोटद्वार में न्याय यात्रा निकाली जाएगी। 25 अक्टूबर को लैंसडाउन के बीरोंखाल मे न्याय यात्रा का आयोजन किया गया है। 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी को लेकर बैठक भी होने जा रही है।
इधर उत्तराखंड में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा यानी विजयादशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान देहरादून समेत प्रदेशभर में रावण और उसके परिवार का पुतला दहन किया गया। पुतला दहन होते ही दर्शकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कई जगहों पर झांकी भी निकाई गई। राजधानी देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में दशहरा पर्व कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां पर पहली बार 181 फिट लंबे रावण के पुतले का दहन किया गया। इसके साथ ही 70 फीट ऊंचा कुंभकरण और 70 फिट ऊंचा मेघनाथ के पुतले का दहन किया गया। खास बात यह थी कि रावण दहन के लिए रिमोट और सेंसर की व्यवस्था की गई थी, मगर ऐन मौके पर इन्होंने काम नहीं किया। जिसके बाद रावण दहन के लिए अन्य व्यवस्थाओं पर काम किया गया। आखिर में मैन्युअली तरीके से रावण का दहन किया गया।