Good Morning India: चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में हिंसा, भाजपा के दो और एक टीएमसी कार्यकर्ता की मौत! धमाकों से दहला पंजाब, जालंधर-अमृतसर में जोरदार ब्लास्ट! अश्लील वीडियो बनाकर महिला डॉक्टर को किया ब्लैकमेल, बरेली में जिम संचालक अकरम बेग गिरफ्तार! महंगी हुई कैलाश मानसरोवर यात्रा, पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Post-election violence in West Bengal, two BJP and one TMC workers dead! Punjab shaken by explosions, powerful blasts in Jalandhar and Amritsar! Gym owner Akram Beg arrested in Ba

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज वियतनाम के राष्ट्रपति की भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होगी। वहीं आईपीएल में हैदराबाद और पंजाब के बीच मुकाबला होगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, तुर्की ने इस्तांबुल में अपने पहले इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) का अनावरण किया है। यह तुर्की के सबसे अडवांस्ड लंबी दूरी के मिसाइल सिस्टमों में से एक है। इसका अनावरण SAHA 2026 इंटरनेशनल डिफेंस एंड एयरोस्पेस एक्स्पो के दौरान किया गया है। तुर्की की पहली इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल का नाम यिल्दिरिमहान है। तुर्की के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि यिल्दिरिमहान मिसाइल मैक25 की गति तक पहुंचने में सक्षम है। इसकी रेंज 6000 किलोमीटर बताया गया है। इस मिसाइल से भारत के करीबी दोस्त देश ग्रीस को खतरा हो सकता है, जिसकी तुर्की के साथ पुरानी दुश्मनी है। यिल्दिरिमहान मिसाइल के ईंधन के रूप में नाइट्रोजन टेट्रोक्साइड का इस्तेमाल किया जाता है। यह मिसाइल चार रॉकेट प्रोपल्शन इंजनों से संचालित है, जो इसे मैक 25 की गति तक पहुंचने के लिए शक्ति देते हैं। तुर्की के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री यासर गुलेर ने कहा कि नए लॉन्च किए गए उत्पाद देश और तुर्की की सेना को लाभ पहुंचाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि तुर्की के रक्षा उद्योग ने बड़े निवेशों के माध्यम से अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाई है और अनुसंधान और विकास के माध्यम से उच्च तकनीक विकसित करने वाले एक इकोसिस्टम में बदल गया है।

इधर पंजाब से हिला बड़ी खबर सामने आई है। यहां पर अमृतसर में कैंटोनमेंट इलाके के पास खासा में एक तेज धमाका हुआ। इस धमाके के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई की। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। SP आदित्य एस. वारियर ने बताया कि पुलिस को संदिग्ध धमाके के बारे में जानकारी मिली थी, और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत कैंटोनमेंट इलाके में तैनात सेना के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। खास बात है कि इस धमाके से पहले पंजाब के जालंधर में बीएसएफ हेडक्वॉर्टर के पास एक ब्लास्ट हुआ था। गहन जांच करने के लिए बम निरोधक दस्ते (BDS) को बुलाया गया। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने मौके से नमूने और सबूत इकट्ठा किए। इकट्ठा किए गए सामान को घटना की प्रकृति और कारण का पता लगाने के लिए विश्लेषण के लिए भेजा गया है। 

उधर पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजे के बाद बवाल का दौर जारी है। विजय जुलूस के दौरान टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं की भिड़ंत अब जानलेवा हो गई है। हिंसा में मंगलवार को भाजपा के दो और तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता की अलग-अलग घटनाओं में मौत हो गई। न्यू टाउन इलाके में भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की कथित तौर पर टीएमसी समर्थकों द्वारा पिटाई किए जाने के बाद मौत हो गई। बताया गया कि भाजपा के विजय जुलूस के दौरान बहस के बाद उस पर हमला हुआ। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद भाजपा समर्थकों ने इलाके में टीएमसी कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला किया और सड़क जाम किया। हालात काबू में करने के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती करनी पड़ी। वहीं, बीरभूम जिले के नानूर में टीएमसी कार्यकर्ता अबीर शेख की कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, संतोषपुर गांव में विवाद के दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अधिकारियों को बड़ा निर्देश जारी किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल में हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

इधर उत्तर प्रदेश के बरेली में सिविल लाइंस क्षेत्र के मुख्य डाकघर के पास स्थित 'अल्टीमेट फिटनेस क्लब' जिम में एक महिला डॉक्टर के साथ रेप और ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस केस में जिम संचालक अकरम बेग और उसके भाई आलम बेग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, महिला ने 2 साल पहले थाना कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस में स्थित अल्टीमेट फिटनेस क्लब जिम जॉइन किया था। आरोपी अकरम जिम का मालिक और ट्रेनर था और उसका भाई आलम भी संचालन में शामिल था। पुलिस ने बताया कि मई 2024 से अकरम खान ने महिला को तेजी से वजन घटाने के नाम पर प्री-वर्कआउट ड्रिंक पिलाना शुरू किया। इस ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाया जाता था। नशे की हालत में आरोपी अकरम जिम के अंदर बने प्राइवेट कमरे में महिला के साथ दुष्कर्म करता था और इस पूरी घटना को सीसीटीवी कैमरे से रिकॉर्ड कर लिया जाता था। आरोप हैं कि जिम संचालक द्वारा बाद में इन वीडियो के आधार पर महिला को ब्लैकमेल किया जाने लगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी इन अश्लील वीडियो के जरिए महिला से लगातार वसूली करते रहे। जब महिला ने दूरी बनानी शुरू की तो आरोपी उसके बच्चों का पीछा करने लगे, उनकी फोटो खींचते और परिवार को जान से मारने की धमकी देते। हाल ही में अकरम ने पहले 10 लाख रुपये और फिर 50 लाख रुपये की मांग की। इससे परेशान होकर महिला ने 4 मई की देर रात कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने 3 टीमों का गठन किया और 5 मई की सुबह अकरम बेग को गिरफ्तार कर लिया गया।

उधर कुमार मंगलम बिड़ला ने कर्ज में डूबी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया की कमान एक बार फिर संभाल ली है। कंपनी ने उन्हें नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त किया है, जो 5 मई 2026 से प्रभावी हो गया है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, कंपनी की रेगुलेटरी फाइलिंग के अनुसार, उन्होंने रविंदर टक्कर की जगह ली है। टक्कर ने चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन अब वह नॉन-एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन के रूप में जुड़े रहेंगे और कंपनी के ट्रांजिशन में सहयोग करेंगे। बता दें कि वोडाफोन आइडिया लंबे समय से वित्तीय दबाव से जूझ रही है। 2019 में सुप्रीम कोर्ट के AGR (समायोजित सकल राजस्व) फैसले के बाद कंपनी पर भारी बकाया का बोझ आ गया था, जिसमें करीब ₹53,000 करोड़ की देनदारी ने उसकी वित्तीय स्थिति को और कमजोर कर दिया। टेलीकॉम बाजार में प्रतिस्पर्धा भी कंपनी के लिए बड़ी चुनौती बनी रही। मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो द्वारा सस्ते डेटा और मुफ्त कॉलिंग ऑफर ने वोडाफोन आइडिया के बिजनेस पर गहरा असर डाला।

इधर चीन से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां चीनी सरकारी मीडिया ने मंगलवार को बताया कि हुनान प्रांत के लियुयांग शहर में एक आतिशबाजी निर्माण कारखाने में विस्फोट हो गया। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 61 लोग घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव का कार्य किया जा रहा है। मौके पर 500 बचावकर्मी मौजूद हैं। वहीं विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, यह विस्फोट सोमवार शाम लगभग 5 बजे गुआंडू टाउनशिप में स्थित लियुयांग हुआशेंग आतिशबाजी निर्माण और प्रदर्शन कंपनी नामक आतिशबाजी कारखाने में हुआ। वहीं विस्फोट के तुरंत बाद आपातकालीन और अग्निशमन दल घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर राहत और बचाव का कार्य जारी है। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई और 61 अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उधर छपरा शहर से सटे डॉ. पीएन सिंह डिग्री कालेज के समीप बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आर्केस्ट्रा से जुड़ी दो महिला कर्मियों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में सड़क पर बिखरे पड़े थे। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की एक आर्केस्ट्रा पार्टी छोटा ब्रह्मपुर में आयोजित एक शादी समारोह में कार्यक्रम प्रस्तुत कर लौट रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 5:30 बजे उनकी पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। गाड़ी के पलटते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, देहरादून के कांवली रोड क्षेत्र में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने जमकर हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया और पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। मृतक की पहचान सुखदेव सैनी निवासी सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी करने के लिए बिहार से देहरादून आया था और कांवली गांव में अन्य मजदूर साथियों के साथ रहता था। बुधवार सुबह वह अपने साथियों के साथ लेबर चौक की ओर काम की तलाश में जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इधर प्रदेश में आज बुधवार को भी मौसम बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पर्वतीय जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, तूफान और 3600 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। इसके अलावा पर्वतीय जिलों में बिजली चमकने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 

उधर कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए इस वर्ष यात्रियों की संख्या बढ़ाई जाने के बाद अब यात्रा के खर्च में भी 35 हजार रुपये की वृद्धि कर दी गई है। यात्रा खर्च बढ़ाने के पीछे डॉलर की कीमत में वृद्धि का हवाला दिया गया है। बीते वर्ष यात्रा का कुल खर्च लगभग 1.74 लाख रुपये था जो इस वर्ष 2.09 लाख हो गया है। इसमें केएमवीएन को देय राशि 65 हजार रुपये होगी। भारतीय क्षेत्र में यात्रा, आवास, भोजन, गाइड आदि की व्यवस्था कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) करता है। बीते वर्ष केएमवीएन की ओर से लिया जाने वाला शुल्क 57 हजार रुपये प्रति यात्री था जिसमें इस बार आठ हजार रुपये की वृद्धि की गई है। तिब्बत में वीजा सहित अन्य खर्च अलग से विदेश मंत्रालय को देय होंगे जिसमें 1400 डॉलर शामिल हैं। 

इधर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा बुधवार से गढ़वाल क्षेत्र के चार जिलों का दौरा शुरू करेगी। जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठकों में आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा के साथ फीडबैक लिया जाएगा। प्रभारी केदारनाथ व बदरीनाथ धाम के दर्शन करने भी जाएंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि प्रभारी ऋषिकेश से दाैरा शुरू करेंगी। सात मई को श्रीनगर में पौड़ी जिले के कार्यकर्ताओं संग बैठक होगी। आठ मई को केदारनाथ धाम में दर्शन के बाद वापसी में रुद्रप्रयाग जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक होगी। नौ मई को चमोली जिला कांग्रेस की बैठक के बाद रात्रि विश्राम बदरीनाथ में करेंगी।