Good Morning India: उफ्फ ये गर्मी, 7 राज्यों में हीटवेव का बड़ा अलर्ट! न्यूक्लियर बम के इस्तेमाल को लेकर ट्रंप का बड़ा बयान! उत्तराखंड के पूर्व IPS लोकेश्वर सिंह के खिलाफ पिथौरागढ़ कोतवाली में दर्ज हुआ मुकदमा! 6 दिन के लिए दिल्ली से शिमला शिफ्ट होगा राष्ट्रपति कार्यालय, लिंक में जानें क्या है खास वजह?

Good Morning India: Oh, this heat! Major heatwave alert in 7 states! Trump makes a major statement regarding the use of nuclear bombs! A case has been filed against former Uttarakhand IPS officer Lok

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चुनाव प्रचार के लिए पश्चिम बंगाल में दौरे पर रहेंगे। वहीं आज आईपीएल में गुजरात और बंगलूरू के बीच मुकाबल होगा।  

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में तेज गर्मी का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने बताया है कि 18 अप्रैल से हरियाणा के ऊपर से हीट वेव कंडीशन स्टार्ट हुई थी और धीरे-धीरे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और दिल्ली के ऊपर बढ़ गई है। आने वाले दो सप्ताह तक भीषण गर्मी से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। पूरे देश में तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा। देश के उत्तर-पूर्वी राज्यों में बारिश के कारण गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन मैदानी इलाकों में तापमान कम होने की कोई संभावना नहीं है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश और उसके सटे हुए छत्तीसगढ़ में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। छत्तीसगढ़, बिहार और विदर्भ के लिए भी हीट वेव की वार्निंग जारी की गई है। केरल के लिए भी हीट वेव की वार्निंग्स पहले सप्ताह के लिए जारी की गई है। पूरे भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। अगले सप्ताह राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, विदर्भ, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, झारखंड में भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही जो अधिकतम तापमान लगभग पूरे देश में सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है। गर्म रात की चेतावनी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के लिए जारी की गई हैं। अगले सप्ताह हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बने रहने की संभावना है।

इधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर परमाणु बम से हमला करने की आशंकाओं को खारिज कर दिया है। एक रिपोर्टर ने जब उनसे सवाल पूछा कि क्या वह ईरान पर परमाणु बम से हमला करेंगे तो इस पर ट्रंप ने कहा, "ऐसा बेवकूफी भरा सवाल क्यों पूछा जा रहा है?... नहीं, मैं इसका इस्तेमाल नहीं करूंगा। न्यूक्लियर हथियार को किसी को भी कभी किसी के खिलाफ इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं मिलनी चाहिए। ट्रंप ने आगे कहा कि मैंने पहले चार हफ्तों में ही ईरान को सैन्य रूप से हरा दिया था। अब हम बस पीछे बैठकर देख रहे हैं कि क्या डील बनती है... मैं खुद को जल्दबाजी में नहीं डालना चाहता। मीडिया कहता है, "ट्रंप पर समय का दबाव है" — नहीं, बिल्कुल नहीं। आप जानते हैं किस पर समय का दबाव है? उन पर है। 

उधर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 27 अप्रैल से दो मई तक शिमला प्रवास पर आ रही हैं, इसलिए इन छह दिनों के लिए एक तरह से राष्ट्रपति कार्यालय दिल्ली से शिमला शिफ्ट हो जाएगा। इसका एक कारण यह भी है कि राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास दिल्ली से बाहर सिर्फ शिमला और हैदराबाद में है। हिमाचल सरकार ने राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सारी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के छह दिवसीय प्रवास के दौरान राष्ट्रपति भवन की सारी जरूरी फाइलें यहां लाई जाएंगी और राष्ट्रपति सचिवालय छह दिन तक शिमला से संचालित होगा। बता दें कि देश में केवल तीन राष्ट्रपति निवास हैं। उनमें सबसे पुराना राष्ट्रपति निवास शिमला के मशोबरा में है। पूर्व में इसे द रिट्रीट भी कहा जाता था। यह शिमला से 12 किलोमीटर दूर मशोबरा की शांत सुरम्य पहाडिय़ों में स्थित है। राष्ट्रपति निवास मशोबरा 175 साल से भी अधिक पुराना है। इसकी निर्माण शैली धज्जी निर्माण वाली है। यहां लकड़ी और मिट्टी की दीवारें हैं। इस निर्माण शैली की खासियत यह है कि इस शैली में बनी इमारतों पर भूकंप का भी कोई असर नहीं होता। यह धज्जी निर्माण शैली की इमारत गर्मियों में शीतल व सर्दी में गरमाहट से भरी रहती है। 

इधर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण ने एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। 152 सीटों पर लगभग 92 प्रतिशत अधिक मतदान दर्ज किया गया है। जो अबतक के इतिहास में सबसे अधिक है। इतने अधिक मतदान होने से राजनीतिक विश्लेषकों और सभी राजनीतिक दलों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर यह भारी मतदान किस ओर संकेत करता है। खास बात यह है कि 2011 में भी जब रिकॉर्ड 85.55% वोटिंग हुई थी तब बड़ा बदलाव देखने को मिला था। उस समय 34 साल पुरानी लेफ्ट फ्रंट सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस बंगाल की सत्ता में आई थी। यह वोटिंग दर 2011 के विधानसभा चुनावों में दर्ज 85.55% और 2024 के लोकसभा चुनावों में 79.8% से कहीं ज्यादा है। यह दर्शाता है कि मतदाताओं में इस बार चुनाव को लेकर जबरदस्त उत्साह है।

उधर असम के पश्चिमी कार्बी आंगलोंग जिले में एक 19 साल की युवती ने अपनी ही मां की गला काटकर हत्या कर दी और वारदात के बाद आरोपी युवती पूरी रात मां के कटे हुए सिर के साथ छिपी रही। घटना जिले के डेरामुख लालुंग गांव की है। इस नृशंस वारदात ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 19 वर्षीय पूजा मलंग के रूप में हुई है। बुधवार रात करीब 10 बजे पूजा ने अपने घर के अंदर ही अपनी 42 वर्षीय मां अनुमाई मलंग का सिर काट डाला। इस दौरान उसने अपने पिता प्रेमेंद्र मलंग और अपनी बहन पर भी हमला किया। उन दोनों को भी गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। तलाशी के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास से एक हंसिया, कैंची और पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाला सिंदूर, तेल और मिट्टी का घड़ा बरामद हुआ है। हालांकि अभी तक पुलिस ने इसे लेकर कोई बयान नहीं दिया है, लेकिन प्राथमिक जांच में इस हत्याकांड के तार अंधविश्वास और जादू-टोने  से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

इधर प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को बताया कि उसने हरियाणा के पंचकूला नगर निगम की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) से जुड़े करीब 145 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के मामले में कई स्थानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग के तहत की गई है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, बुधवार को की गई इन छापेमारियों में चंडीगढ़ और पंचकूला (हरियाणा) के अलावा पंजाब के जीरकपुर, डेराबस्सी और पटियाला जिले के राजपुरा समेत करीब एक दर्जन ठिकाने शामिल थे। छापेमारी के दौरान ED ने बैंक के पूर्व डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट पुष्पेंद्र सिंह, शाखा के पूर्व कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजर दिलीप कुमार राघव, नगर निगम के पूर्व सीनियर अकाउंट्स ऑफिसर विकास कौशिक समेत कई अन्य लोगों के ठिकानों की तलाशी ली। एजेंसी ने इस दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद करने की बात कही है। इस मामले में हरियाणा ACB पहले ही पुष्पेंद्र सिंह, दिलीप राघव समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त हिदायत दी कि चारधाम यात्रा की गरिमा, आस्था व श्रद्धा से खिलवाड़ करने वालों का बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो प्रसारित करने व अफवाह फैलाने वालों पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार की ओर से तीर्थयात्री सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, आपदा सुरक्षा व डिजिटल माध्यम से निगरानी को मजबूत कर प्रत्येक श्रद्धालु को सुगम व व्यवस्थित दर्शन कराए जा रहे हैं। कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया पर चारधाम यात्रा के संबंध में भ्रामक वीडियो प्रसारित कर तीर्थयात्रियों को भ्रमित करने के साथ राज्य की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्तराखंड की आस्था, श्रद्धा एवं चार धाम यात्रा की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इधर देहरादून के पलटन बाजार स्थित एक रेस्टोरेंट में बुधवार रात कुछ युवक-युवतियों की संदिग्ध हरकत पर हंगामा खड़ा हो गया। बजरंग दल ने लव जिहाद का आरोप लगाते हुए युवक-युवतियों की गतिविधियों पर आपत्ति जताई। मामला बढ़ता देख पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने सभी युवक-युवतियों को चौकी ले जाकर पूछताछ की। इसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया। मामले में किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई है। बजरंग दल के प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा ने कहा कि उत्तराखंड में लव जिहाद की घटनाओं में अप्रत्याशित रूप से बढ़ोतरी हुई है। गढ़वाल-कुमाऊं क्षेत्र की भोली-भाली हिंदू लड़कियों को शिकार बनाया जा रहा है। 22 अप्रैल को पलटन बाजार स्थित रेस्टोरेंट में चार युवक और दो युवतियां कॉर्नर की टेबल में बैठे मस्ती-मजाक के साथ अश्लील हरकतें कर रहे थे। वहीं पर एक दूसरी गढ़वाली मूल का परिवार बच्चों व माता-पिता के साथ खाना खा रहा था तभी उन्हें इनकी हरकतें आपत्तिजनक लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने बजरंग दल को सूचना दी।

उधर उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र 28 अप्रैल को होने जा रहा है। राज्यपाल, लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने आज इस विशेष विधानसभा सत्र को आहूत करने के संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही विधानसभा सचिवालय ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इस विशेष सत्र का मुख्य विषय नारी सम्मान : लोकतंत्र में अधिकार होगा। इस पर सदन के सभी सदस्य अपनी प्रतिक्रिया और विचार रखेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने 2023 में पारित हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि इसे सभी दलों ने सर्वसम्मति से पारित किया था, जो महिलाओं को आगे बढ़ाने की हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने 131वें संविधान संशोधन विधेयक के क्रियान्वयन के दौरान विपक्ष के व्यवहार पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात आई तो विपक्ष जाति और धर्म जैसे मुद्दों को बीच में ले आया, जो उनकी महिलाओं के प्रति नकारात्मक सोच को दर्शाता है।

इधर जिला न्यायालय के आदेश पर पिथौरागढ़ के पूर्व एसपी लोकेश्वर सिंह के खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तत्कालीन पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह पर व्यापारी के साथ मारपीट समेत कई धाराएं लगाई गई हैं, जिसके बाद उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरअसल पिथौरागढ़ के व्यापारी लक्ष्मी दत्त जोशी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में एक अर्जी दी थी, जिसमें व्यापारी ने कहा था कि पुलिस क्वार्टर का गंदा पानी कॉलोनी में बह रहा था। इससे लोगों को परेशानी हो रही थी। इस शिकायत को लेकर 6 फरवरी 2023 को वो अपने बेटी के साथ एसपी कार्यालय गए। व्यापारी का आरोप है कि उन्हें पुलिसकर्मियों की ओर से निर्वस्त्र कर पीटा गया और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। मेडिकल में उनके शरीर पर चोट लगने की पुष्टि भी हुई थी।