Good Morning India: वियतनाम में कुदरत का कहर, बाढ़-भूस्खलन से 41 की मौत! दिल्ली ब्लास्ट, अल फलाह के 200 डॉक्टर रडार पर! यहां रात में सात फेरे लेने वाली दुल्हन सुबह विदाई से पहले हो गई फरार! उत्तराखंड छात्रवृत्ति घोटाला मामले में ईडी ने निजी यूनिवर्सिटी को भेजा नोटिस
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन कार्यक्रमों से करते हैं, जिनपर सभी की नजर रहेगी। दिल्ली दंगों से जुड़ी ज़मानत याचिकाओं पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। वहीं पीएम मोदी जी20 के लिए आज साउथ अफ्रीका जाएंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, वियतनाम में लोगों की जिंदगी आफत में पड़ गई है क्योंकि यहां भारी बारिश के बाद बाढ़ और लैंडस्लाइड दोनों मुसीबतें एक साथ आ गईं। इस आपदा में अबतक 41 लोगों की मौत हो गई है। इसकी वजह से लगभग 52 हजार घर पानी में डूब गए हैं। वहीं, करीब 62 हजार लोगों को अपना घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ा है। इस खबर में पढ़िए कि वियतनाम में इतनी बड़ी आफत कैसे आ गई और अब Typhoon Kalmaegi का डर वियतनाम के लोगों को क्यों सता रहा है।
उधर दिल्ली में टीचर की प्रताड़ना से तंग आकर 10वीं के छात्र ने आत्महत्या कर ली। उसके बैग से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने स्कूल प्रशासन पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। इस मामले में चार शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया है। इनमें कक्षा 9 और 10 के कोऑर्डिनेटर भी शामिल हैं। मृतक बच्चे का परिवार महाराष्ट्र के सांगली जिले का रहने वाला है। 16 वर्षीय लड़का दिल्ली के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ता था। उसने दिल्ली के राजेंद्र प्लेस मेट्रो स्टेशन से कूदकर जान दे दी। सुसाइड नोट में उसने तीन शिक्षकों को मानसिक प्रताड़ना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उसके पिता ने भी दावा किया कि वह पिछले एक साल से लगातार शिक्षक-प्रताड़ना का शिकार था।
इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दक्षिण अफ्रीका दौरे पर रवाना हो गए। नई दिल्ली से जोहान्सबर्ग रवाना हुए पीएम मोदी जी-20 देशों के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। उनकी इस यात्रा से पहले विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी सुधाकर दलेला ने कहा कि भारत और ग्लोबल साउथ से जुड़े सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को जी-20 शिखर सम्मेलन में मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नेताओं की घोषणा (लीडर्स डिक्लेरेशन) में क्या शामिल होगा, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन भारत की प्राथमिकताओं को पूरा महत्व मिलेगा।
उधर उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से बेहद ही चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर विदाई से पहले ही दुल्हन अपने प्रेमी के साथ छूमंतर हो गई। विवाहस्थल पर ये खबर आग की तरह फैल गई और पल भर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात तो ये है कि, दूल्हा 11 वैन से बारात लेकर पहुंचा था, 7 फेरे समेत सभी रस्में समय पर पूरी हो चुकी थीं। मगर जैसे विदाई का समय करीब आया तो दूल्हे को दुल्हन के फरार होने की खबर पता चली जिसे सुनते ही वो बेसुध हो गया। मामला कोतवाली क्षेत्र के बंकी कस्बा दक्षिण टोला का बताया जा रहा है। यहां स्वागतस्थल के द्वार पर मंगलवार रात बारात का स्वागत हुआ, रस्में हुईं और विवाह पूरा हो गया। हालांकि, बुधवार सुबह जैसे ही विदाई का समय आया उस समय हड़कंप मच गया। रात में सात फेरे लेने वाली दुल्हन पल्लवी बुधवार सुबह विदाई से पहले ही रहस्यमयी तरीके से छूमंतर हो गई।
इधर बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को 10वीं बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। 74 वर्षीय नीतीश कुमार पहली बार साल 2000 में मुख्यमंत्री बने थे, हालांकि उस समय उनकी सरकार सिर्फ 8 दिन ही चल पाई थी। इसके बाद 2005 से 2014 तक वे लगातार मुख्यमंत्री रहे। 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद नीतीश कुमार ने इस्तीफा दे दिया था, लेकिन कुछ महीनों बाद फिर सत्ता में वापसी की। नीतीश ने इससे पहले आखिरी बार जनवरी 2024 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जब उन्होंने और उनकी पार्टी ने NDA में वापसी की थी।
उधर दिल्ली बम धमाके के बाद अल-फलाह विश्वविद्यालय सुर्खियों में है। दिल्ली में 10 नवंबर को ब्लास्ट करने वाला आत्मघाती आतंकी डॉ. उमर उन नबी अल फलाह से जुड़ा पहला आतंकी नहीं था। वर्ष 2008 में अहमदाबाद, गुजरात में हुए सीरियल बम धमाकों के समय भी अल फलाह विवि का नाम आया था। अहमदाबाद बम धमाकों में आतंकी मिर्जा शादाब बेग भी अल-फलाह यूनिवर्सिटी का ही छात्र था। उसने वर्ष 2007 में फरीदाबाद के अल-फलाह इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रमेंटेशन में बीटेक किया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एक अधिकारी ने बताया कि मिर्जा शादाब बेग वर्ष 2008 में अहमदाबाद में होने वाले सीरियल ब्लास्ट में शामिल रहा। पढ़ाई के दौरान ही हमले की तैयारी में था। वह वर्षों से फरार है। अभी इसके अफगानिस्तान में होने की सूचना है। दिल्ली बम धमाके मामले की जांच के दौरान नए-नए खुलासे हो रहे हैं।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड क्रांति दल के एक दिवसीय विशेष अधिवेशन में सुरेंद्र कुकरेती को दल का केंद्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अधिवेशन में गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने सहित 25 प्रस्ताव पास किए गए। कुआंवाला में हुए अधिवेशन में दल के निवर्तमान केंद्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह कठैत ने दल के केंद्रीय अध्यक्ष पद के लिए सुरेंद्र कुकरेती के नाम का प्रस्ताव रखा, शक्ति शैल कपरवान ने कुकरेती के नाम के प्रस्ताव का अनुमोदन किया और पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी ने केंद्रीय अध्यक्ष पद के लिए सुरेंद्र कुकरेती के नाम की घोषणा की।
इधर नई तबादला नीति लागू होने के बाद सचिवालय प्रशासन ने पहली बार 95 समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी व कंप्यूटर ऑपरेटरों के तबादले कर दिए हैं। अब इनसे उच्च पदों पर तबादला सूची जारी होने का इंतजार है। बीते दिनों सचिवालय प्रशासन ने सचिवालय सेवा के अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए नई तबादला नीति लागू की थी। इस नीति के तहत वैसे तो पहले ही तबादले होने थे लेकिन कुछ कारणों से अटके थे। सचिवालय संघ, सचिवालय समीक्षा अधिकारी संघ ने इस नीति के तहत तबादले न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। अब सचिव सचिवालय प्रशासन दीपेंद्र कुमार चौधरी ने तबादला नीति के तहत 95 अधिकारी, कर्मचारियों के तबादले कर दिए हैं। इनमें 49 समीक्षा अधिकारी, 15 सहायक समीक्षा अधिकारी और 31 कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं।
उधर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उत्तराखंड के निजी विश्वविद्यालय डीआईटी यूनिवर्सिटी पर अनुसूचित जाति जनजाति के छात्रों की छात्रवृत्ति घोटाला मामले में शिकंजा कस दिया है। ईडी ने देहरादून स्थित डीआईटी यूनिवर्सिटी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में नोटिस भेजा है। ईडी के देहरादून कार्यालय ने एससी एसटी स्कॉलरशिप घोटाला मामले की जांच करते हुए यूनिवर्सिटी के चेयरमैन अनुज अग्रवाल को जारी नोटिस में 10 दिन के अंदर ईडी कार्यालय में जवाब देने को कहा है।