बड़ी खबरः नितिन नबीन ने संभाला भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पद! बिहार में भी फेरबदल, संजय सरावगी बने प्रदेश अध्यक्ष
नई दिल्ली। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन आज सोमवार को दिल्ली पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पर सीएम रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े सहित अन्य नेताओं ने नितिन नबीन का स्वागत किया। इसके बाद नितिन नबीन दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे, यहां पर भी नितिन नबीन का भव्य स्वागत किया गया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और धर्मेद्र प्रधान सहित भाजपा के कई बड़े नेता दिल्ली भाजपा मुख्यालय पर नितिन नबीन का स्वागत किया। भाजपा मुख्यालय में अमित शाह और जेपी नड्डा की मौजूदगी में नितिन नबीन ने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभाला। इससे पहले भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि यह नया दायित्व पार्टी का आशीर्वाद है और उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने दिवंगत पिता एवं भाजपा के पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा अपने पिता के विचारों पर काम किया है, जो पार्टी को अपनी मां मानते थे और राष्ट्र को सर्वोपरि रखते थे। मेरा मानना है कि इसी कारण पार्टी ने मुझे यह अवसर देकर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ काम जारी रखने का आशीर्वाद दिया है। इधर भाजपा ने दरभंगा शहर से विधायक संजय सरावगी को बिहार इकाई का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वे उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल की जगह लेंगे। यह नियुक्ति आज 15 दिसंबर 2025 को हुई है। संजय सरावगी दरभंगा शहर से लगातार छह बार के विधायक हैं। संजय सरावगी 2005 से लगातार दरभंगा शहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।