Awaaz24x7-government

Good Morning India: आंध्र प्रदेश में बड़ा बस हादसा, 9 लोगों की मौत! पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल का निधन, 90 साल की उम्र में ली अंतिम सांस! शीतलहर की चपेट में उत्तर भारत, उत्तराखंड में आज से और बढ़ेगी ठंड! जानें आज क्या रहेगा खास?

Good Morning India: Major bus accident in Andhra Pradesh, 9 dead! Former Home Minister Shivraj Patil passes away, breathed his last at the age of 90! North India in the grip of cold wave, colder weat

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों  पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन कार्यक्रमों से करते हैं, जिनपर सभी की नजर रहेगी। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सुबह 10 बजे संसद भवन में कांग्रेस सांसदों को संबोधित करेंगे। इधर राहुल गांधी की दोहरी नागरिकता के संबंध में कोर्ट में आज सुनवाई होगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में बड़ा बस हादसा हुआ है। तीर्थ स्थान और दैव दर्शनों के लिए निकले लोगों से भरी बस घाट रोड से गुज़रते वक्त खाई में गिर गई। बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में अब तक 9 यात्रियों की मौत हो गई और कुछ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए भद्राचलम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई यात्रियों की हालत नाजुक है। आंध्र प्रदेश चित्तूर जिले की यह बस भद्राचलम से अन्नावरम जा रही थी। यह हादसा चित्तूर-मरेदुमिल्ली घाट मार्ग पर हुआ। 

इधर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व गृहमंत्री शिवराज पाटील का निधन हो गया है। 91 साल की उम्र में उन्होंने सुबह करीब 6.30 बजे लातूर में अपने घर 'देववर' में अंतिम सांस ली। शिवराज पाटील चाकूरकर लोकसभा के सभापति और विभिन्न केंद्रीय मंत्री पदों पर कार्यरत रहे थे। लंबी बीमारी के कारण घर पर ही उनका इलाज चल रहा था। कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। अपने राजनीतिक करियर में शिवराज पाटील ने देश के लिए कई प्रतिष्ठित पदों की जिम्मेदारी संभाली है। महाराष्ट्र से आने वाले शिवराज पाटील चाकूरकर मराठवाड़ा के लातूर से सांसद रह चुके हैं। लातूर ग्रामीण सीट से वह 1973 से 1980 तक विधायक रहे। 1980 के बाद वह लातूर संसदीय सीट से चुनाव जीतकर कई बार लोकसभा पहुंचे। साल 2008 में मुंबई में आतंकवादी हमले के समय शिवराज पाटील देश के गृह मंत्री थे।

उधर यूपी के बस्ती जिले में दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के नंदनगर गांव में एक बेरहम पिता ने अपनी ही संतानों की जान लेने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता अपनी पत्नी से आए दिन मारपीट करता था। लगातार अत्याचार से तंग आकर पत्नी अपने एक बच्चे को लेकर मायके चली गई लेकिन घर में मौजूद उसके तीन मासूम बच्चे बेरहम पिता के कहर का शिकार बनते रहे। आरोप है कि पिता ने अपने तीन नाबालिग बच्चों को मिट्टी में दफनाने की तैयारी कर ली थी। उसने घर के पास ही एक गड्ढा खोद लिया और बच्चों को जबरन वहां ले जाने लगा। इसी बीच किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही परशुरामपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

इधर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार ने बड़ा फैसला किया है। अब दिल्ली में 11 के बजाय 13 जिले होंगे। इन 13 जिलों और इसके तहत आने वाले सब-डिविजन की लिस्ट भी सामने आ गई है। इसके साथ ही राजस्व जिलों और नगर निगम की सीमाएं अब एक जैसी होंगी। दिल्ली में जिलों की संख्या बढ़ाए जाने के फैसले को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि इससे शासन और अधिक सुचारू होगा। 

उधर उत्तर भारत विशेषकर हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में कंपकंपाने वाली सर्द हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। पहाड़ों पर नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी और कड़ाके की ठंड लौट आई है। मैदानी इलाकों में शीतलहर, घने कोहरे और प्रदूषण का संयुक्त प्रभाव जनजीवन पर सीधा असर डाल रहा है। कश्मीर घाटी में तापमान माइनस 18 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है, वहीं दिल्ली-एनसीआर में दिन में धूप रहने के बावजूद वायु गुणवत्ता सूचकांक 349 हो गया, जो बहुत खराब श्रेणी में है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट, शीतलहर की तीव्रता बढ़ने और हिमालयी इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना मौसम को और कठिन बना सकती है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में 12 दिसंबर से शीतलहर का प्रकोप तेजी से बढ़ने के आसार हैं। चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जैसे हिमालयी जिलों में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। ऊंचाई वाले अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रह सकता है। जबकि देहरादून, हरिद्वार और उधमसिंह नगर जैसे मैदानी भागों में तेज सर्द हवाएं और घना कोहरा सुबह-शाम मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। आईएमडी के अनुसार उत्तराखंड में दिसंबर के मध्य तक पारा लगातार गिरावट दिखा सकता है और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मार्ग अवरुद्ध होने की आशंका है।

इधर चमोली विकासखंड देवाल के अंतर्गत कोटेड़ा-मोपाटा मोटर मार्ग पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार दो महिलाओं समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि कार सवार दो अन्य व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, देवाल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष विनोद चोरिसया ने बताया कि गुरुवार को देवाल के चौड़ गांव से अलग-अलग परिवारों के कुछ महिलाएं और पुरूष मोपाटा गांवों में आयोजित एक शादी समारोह में भाग लेने गए थे। शादी समारोह से वापस अपने गांव चौड़ और कोटेड़ा के लिए तीन महिलाएं समेत 5 लोग बिना चालक के सड़क मार्ग पर खड़े इकोस्पोर्ट वाहन में सवार हो गए। इसी दौरान मोपाटा के रौल नामक तोक में वाहन ढालदार सड़क पर अपने आप चलने लगा और सीधे गहरी खाई में जा गिरा।

उधर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देश पर पार्टी कार्यक्रमों व संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।