Good Morning India: ईरान के खिलाफ जंग में उतर सकता है नाटो! टी-20 वर्ल्ड कप में संजू के तूफान ने दिलाया सेमीफाइनल का टिकट! खामेनेई की मौत के बाद दिल्ली-यूपी में हाई अलर्ट! यूट्यूबर सलीम पर हमला करने वाला आरोपी एनकाउंटर में ढेर
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लाखों महिलाओं और बेटियों को होली से पहले विशेष सौगात देंगी। वहीं कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका और इज़रायल का ईरान पर हमला लगातार जारी है। इस बीच अमेरिका के राष्ट्र्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि जब तक अमेरिका के सारे मकसद पूरे नहीं हो जाएंगे...तब तक ईरान पर हमले जारी रहेंगे। ट्रंप ने दावा किया कि हमले में ईरान का पूरा मिलिट्री कमांड खत्म हो गया है और जो थोड़े बहुत बचे हैं वो भी सरेंडर करने को तैयार हैं। ट्रंप ने बताया है कि अमेरिका ने ईरान के 9 शिप तबाह कर दिए हैं और साथ ही उन्होंने ईरान के नेवी हेडक्वार्टर भी उड़ाने का दावा किया है। अब ट्रंप ने ये जानकारी दी है कि ईरान पर ये हमले कब तक जारी रहेंगे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- "बीते 36 घंटों से अमेरिका और सहयोगी देशों ने ईरान के खिलाफ ऑपरेशन एपिक फ्यूरी शुरू किया है। हमने ईरान में सैकड़ों ठिकानों पर हमला किया है। इनमें ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड के ठिकाने और ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम आदि शामिल हैं। अभी-अभी ये ऐलान किया गया है कि हमने ईरान के नौ जहाजों और उनके नेवी के मुख्यालय को तबाह कर दिया है। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई का निधन हो गया है। कल उनकी मौक के बाद ईरान के लोग सड़कों पर खुशी और जश्न मनाते हुए दिखाई दिए। ईरान का पूरा सैन्य कमान भी खत्म हो चुका है, और उनमें से कई अपनी जान बचाने के लिए सरेंडर करना चाहते हैं।
उधर ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने साफ कहा है कि वे अमेरिका के साथ मिलकर ईरान के जवाबी हमलों को रोकने के लिए तैयार हैं। इन तीनों देशों के नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर ईरान के हालिया हमलों पर गहरी नाराजगी जताई है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा कि वे ईरान के लापरवाह हमलों से बेहद चिंतित हैं। उनका कहना है कि इन हमलों से क्षेत्र में मौजूद उनके सैनिकों और नागरिकों की जान खतरे में पड़ रही है। तीनों नेताओं ने अपने बयान में कहा कि वे अपने हितों और अपने सहयोगी देशों की सुरक्षा के लिए जरूरी और संतुलित कदम उठाने को तैयार हैं। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान की मिसाइल और ड्रोन लॉन्च करने की क्षमता को उसी जगह पर नष्ट करने के लिए रक्षात्मक कार्रवाई की जा सकती है, जहां से ये हमले किए जा रहे हैं।
इधर ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर ने रविवार को एक बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन, अमेरिका को अपने सैन्य ठिकानों (बेस) के इस्तेमाल की अनुमति देगा। इसका मकसद ईरान के मिसाइल खतरों का मुकाबला करना है। स्टार्मर ने साफ किया कि यह अनुमति केवल खास और सीमित बचाव के लिए दी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लंदन, ईरान के खिलाफ किसी भी तरह के सीधे हमले में शामिल नहीं हो रहा है। यह फैसला 28 फरवरी को इस्राइल और अमेरिका के संयुक्त मिसाइल हमलों के बाद आया है। इस हमले को 'ऑपरेशन रोरिंग लायन' और 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' नाम दिया गया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी मीडिया ने पुष्टि की है कि इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। उनके साथ उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए हैं।
उधर टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की। इसके साथ ही इस वर्ल्ड कप के लिए सभी 4 सेमीफाइनलिस्ट टीमों के नाम तय हो गए हैं। इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए थे। 196 रन के इस टारगेट को टीम इंडिया ने आखिरी ओवर में हासिल कर लिया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने नया इतिहास भी रच दिया। यह वर्ल्ड कप में टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा रन चेज है। वहीं इस मैदान पर भी टी20 इंटरनेशनल में यह सबसे बड़ा रन चेज है। कोलकाता के ईडेन गार्डेंस में रविवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने संजू सैमसन की नाबाद 97 रनों की विस्फोटक पारी की मदद से 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। सैमसन भले ही शतक पूरा नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने हर भारतीय प्रशंसकों को खुश होने का मौका दिया।
इधर यूट्यूबर सलीम वास्तिक की गला रेतकर हत्या का प्रयास करने वाले दो कट्टरपंथियों में से एक पुलिस ने रविवार की रात लोनी थाना क्षेत्र में एनकाउंटर में ढेर कर दिया। इस पुलिस ऑपरेशन में दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए हैं। पुलिस ने इनके पास से पिस्टल, कारतूस, घटना में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड व बाइक बरामद कर ली है। बता दें कि शनिवार को ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में कहा था कि यूपी में अपराध की कोई जगह नहीं है। इस मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शनिवार को ही सीसीटीवी फुटेज की मदद से सलीम वास्तविक पर जानलेवा हमला करने वाले दोनों आरोपितों की पहचान कर ली थी। पुलिस ने एनकाउंटर के संबंध में बताया है कि हमलावरों में से एक खोड़ा का रहने वाला जीशान (27 वर्ष) इस एनकाउंटर में मारा गया है, उसने अपने सगे भाई गुलफाम के साथ मिलकर इस्लाम में व्याप्त कथित कुरीतियों पर करारा प्रहार करने वाले सलीम वास्तविक पर हमला किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपित दोनों भाई एक कट्टरपंथी संगठन से जुड़े हैं। जीशान अपना यूट्यूब चैनल भी चलाता है। फिलहाल, गुलफाम अभी फरार है।
उधर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की इस्राइली हमले में मौत के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट लागू कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव और खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात को देखते हुए सभी जिलों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद प्रदेश के सभी जिलों को दोबारा अलर्ट जारी किया गया। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के मुताबिक, शिया बहुल क्षेत्रों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। त्योहारों और संवेदनशील मौकों पर अराजकतत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इधर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की सूचना मिलते ही दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई। दिल्ली के तमाम इलाकों में चौकसी बरती जा रही है और दिल्ली के सभी जिलों में करीब पंद्रह हजार से अधिक पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक जवानों की तैनाती की गई है। दूतावासों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, मेट्रो स्टेशनों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जगह-जगह पिकेट लगाकर वाहनों और राहगीरों की सघन जांच की जा रही है। हालात की गंभीरता को देखते हुए बिना अनुमति किसी भी तरह के जुलूस, धरना-प्रदर्शन या सभा पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमले में खामेनेई की मौत की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने सभी जिला पुलिस उपायुक्तों को जिले के संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर जोन-वन रविंद्र यादव और स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर जोन-टू मधुप तिवारी ने रेंज के ज्वाइंट सीपी, डीसीपी और एसीपी रैंक के अधिकारियों के साथ बैठक कर जमीनी हालात की समीक्षा की और सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने के निर्देश दिए।
उधर यूपी की लखनऊ से एक और सनसनीखेज मामले मामला सामने आया है। यहां बख्शी का तालाब के किशनपुर गांव निवासी विजय पाल (38) का शव रविवार सुबह जीसीआरजी कॉलेज गेट के सामने स्थित वेज बिरयानी की दुकान में रखे फ्रीजर में मिला। विजय शुक्रवार दोपहर से लापता थे। पुलिस को घटनास्थल पर मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की आशंका है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। हार्ट और विसरा सुरक्षित रखा गया है। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। विजय के पिता डलई ने बताया कि बेटा खेती-किसानी के साथ टेलीकॉम कंपनी में केबल बिछाने का काम करता था। शुक्रवार दोपहर वह घर से बिना किसी को कुछ बताए ही निकला था। इसके बाद घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसे काफी तलाशा पर कुछ पता नहीं चल सका। मोबाइल पर कॉल की गई पर संपर्क नहीं हो सका। रविवार सुबह जीसीआरजी कॉलेज के सामने बनी वेज बिरयानी की दुकान के मालिक माल के निकरोजपुर गांव निवासी सनी बर्तन लेने पहुंचे तो फ्रीजर में विजय का शव पड़ा देखा।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, इस्लामिक स्टडीज के लिए ईरान गए मंगलौर के 30 छात्र हवाई सेवा बंद होने से वहां फंस गए है। उनकी वापसी मुश्किल होने से परिजनों की नींद उड़ी हुई है। उन्होंने भारत सरकार से बच्चों को सकुशल वापस लाने की मांग की है। मंगलौर इलाके से हर साल काफी लोग धार्मिक यात्रा और इस्लामिक स्टडीज के लिए ईरान जाते हैं। इस साल भी मंगलौर से 30 लोग ईरान गए हुए हैं। शनिवार दोपहर को इस्राइल और अमेरिका के हमले के बाद ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। लोगों से फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। जिससे परिवारवाले चिंतित हैं।
इधर ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद दून में शिया समुदाय ने तीन दिन का शोक रखा है। रविवार को शिया समुदाय ने शोक सभा के साथ ही कैंडल जलाकर विरोध जताया। ईसी रोड स्थित मस्जिद में दोपहर की नमाज के बाद शिया समुदाय के लोगों ने मजलिस में शोक जताया। इसके बाद रात की नमाज के बाद मजलिस कर सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर शोक जताया। शिया समुदाय के लोगों ने कहा कि उस बलिदानी को ने जो हुसैन (ए) की तरह वक्त के यजीद के सामने नहीं झुका।
उधर किच्छा रोड स्थित दूधिया मंदिर के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब फोन पर सूचना देकर बुलाए गए दुकानदार के परिजनों पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। जानकारी के मुताबिक, उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर में किच्छा रोड पर स्थित दूधिया मंदिर के पास रविवार रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बताया जा रहा है कि पहाड़गंज निवासी एक दुकानदार को देर रात फोन कर सूचना दी गई कि कुछ युवक उसकी दुकान का चैनल तोड़ रहे हैं।