Good Morning India: मिडिल ईस्ट तनाव, तेल के लिए मचा हाहाकार! LPG सिलेंडर पर सरकार का बड़ा फैसला, ईरान जंग के बीच बुकिंग के नियम में बड़ा बदलाव! मध्य प्रदेश में भ्रूण लेकर हाईकोर्ट पहुंचा पिता, कही मार्मिक बात! राजस्थान में मिट्टी ढहने से 7 श्रमिकों की मौत, लिंक में पढ़ें खास खबरें

Good Morning India: Middle East tensions, oil panic! The government makes a major decision on LPG cylinders, with booking rules significantly changed amid the Iran war! A father in Madhya Pradesh bro

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा का तीसरा चरण आज से होगा शुरू। वहीं सुप्रीम कोर्ट मंगलवार को पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों के मामले में सुनवाई करेगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, केंद्र सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी पर लगाम कसने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने सोमवार को एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए बुकिंग के समय को 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया है। सरकारी सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है। सूत्रों ने बताया कि खाड़ी देशों में जारी तनाव के बीच तरह-तरह की अफवाहों की वजह से एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी की जानकारी मिल रही है। कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां जो लोग पहले 55 दिनों में LPG सिलेंडर बुक करते थे, उन्होंने 15 दिनों में LPG सिलेंडर बुक करना शुरू कर दिया है। हालांकि, ये नया नियम मौजूदा हालातों को देखते हुए लिया गया है। एक बार स्थिति सामान्य होने पर पुराना नियम फिर से लागू किया जा सकता है। बताते चलें कि सरकार के साथ-साथ तमाम तेल और गैस कंपनियां अपने ग्राहकों को सूचना दे रही हैं कि देश में किसी भी तरह के ईंधन की कोई कमी नहीं है। देश में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी गैस उपलब्ध है।

इधर ईरान में नए सुप्रीम लीडर के नाम का ऐलान होने के साथ ही वैश्विक स्तर पर तेल की कीमतें बढ़ने लगी हैं। मुज्तबा खामेनेई के सुप्रीम लीडर बनने के बाद ईरान ने साफ कर दिया है कि सरेंडर नहीं करेगा और लंबे युद्ध के लिए तैयार हैं। ईरान ने इजरायल और अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले भी तेज कर दिए हैं। ऐसे में सोमवार को तेल की कीमतें लगभग 120 डॉलर प्रति बैरल तक बढ़ गईं, जिससे मिडिल ईस्ट में प्रोडक्शन और शिपिंग पर खतरा पैदा हो गया और फाइनेंशियल मार्केट में भारी गिरावट आई। इस बीच बांग्लादेश और पाकिस्तान ने फ्यूल बचाने के लिए स्कूल-कॉलेज बंद करने का फैसला किया है। इंटरनेशनल स्टैंडर्ड ब्रेंट क्रूड के एक बैरल की कीमत दिन की शुरुआत में 119.50 ​​डॉलर प्रति बैरल तक बढ़ गई, लेकिन बाद में यह 9% बढ़कर 101 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर ट्रेड कर रहा था। अमेरिका में बनने वाला हल्का, मीठा कच्चा तेल, वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट भी 119.48 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर चला गया, लेकिन वापस 100 डॉलर के करीब आ गया।

उधर खाड़ी देशों में जारी तनाव के बीच सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में जहां चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई, तो वहीं दूसरी ओर सोने के भाव में मामूली बढ़त देखी गई। आज चांदी की कीमत 3400 रुपये (1.3 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 2,68,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमतों में आज लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को चांदी का भाव 600 रुपये गिरकर 2,71,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। जबकि, पिछले हफ्ते गुरुवार को चांदी की कीमत 27,700 रुपये (9.23 प्रतिशत) की भारी-भरकम गिरावट के साथ 2,72,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी। इस तरह, चांदी की कीमतों में 3 दिनों के अंतर 31,700 रुपये की गिरावट आई है।

इधर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की जबलपुर स्थित प्रिंसिपल बेंच में सोमवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। रीवा निवासी दयाशंकर पांडे अपने अजन्मे बच्चे का भ्रूण लेकर अदालत पहुंच गए। दयाशंकर पहले जबलपुर की ऑटोमोबाइल कंपनी शुभ मोटर्स में अकाउंटेंट के पद पर काम करते थे। उनका आरोप है कि कंपनी ने करीब 200 करोड़ रुपये की कैपिटल फर्जी तरीके से दिखाई है और इस फर्जीवाड़े में बड़े स्तर पर दस्तावेजों में हेरफेर किया गया। दयाशंकर का कहना है कि जब उन्होंने इस कथित फर्जीवाड़े की शिकायत की तो इसके बाद से ही उन पर और उनके परिवार पर लगातार हमले और संदिग्ध घटनाएं होने लगीं। दयाशंकर का आरोप है कि 1 मार्च 2026 को हुए एक सड़क हादसे में उनकी गर्भवती पत्नी को गंभीर चोट लगी और डॉक्टरों को गर्भपात करना पड़ा, जिससे उनके अजन्मे बच्चे की मौत हो गई। दयाशंकर का कहना है कि अदालत में सबूत मांगे जाते हैं, इसलिए वह मजबूरी में अपने अजन्मे बच्चे का भ्रूण लेकर हाईकोर्ट पहुंच गए ताकि अपने साथ हुई घटनाओं को दिखा सकें।

उधर यूपी के लखनऊ से एक बार फिर हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां फिर एक बेटे ने अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बेटा मौके से फरार हो गया। घटना लखनऊ के मोहनलालगंज की है। यहां एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। आरोप है कि 17 साल के लवकुश ने अपने 45 साल के पिता के सिर पर लाठी-डंडे मारकर हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि घरेलू विवाद में हत्या हुई है। फिलहाल आरोपी लवकुश फरार है। बता दें कि हालही में लखनऊ में एक और हत्याकांड सामने आया था, जिसमें एक बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी थी और उनके शव के कई टुकड़े किए थे। मामला लखनऊ के आशियाना क्षेत्र का था।

इधर राजस्थान के भिवाड़ी के सीमावर्ती हरियाणा क्षेत्र में दिल्ली-जयपुर हाईवे (NH-48) पर सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। कापड़ियावास गांव के पास निर्माणाधीन आवासीय परियोजना में मिट्टी की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी ढह गई, जिससे कई श्रमिक उसके नीचे दब गए। हादसे में अब तक सात मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ अन्य को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जानकारी के अनुसार हाईवे पर होटल राव के सामने स्थित निर्माणाधीन सोसाइटी में बेसमेंट के लिए गहरी खुदाई का काम चल रहा था। यह परियोजना रियल एस्टेट कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल की बताई जा रही है। इसी दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मजदूरों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।

उधर यूपी के गाजियाबाद स्थित मसूरी क्षेत्र के गांव भूड़गढ़ी में मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में बेटे की पिटाई का विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी मां पर ईंट से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला रातभर घर पर ही पड़ी रही और सिर से खून बहता रहा। सोमवार सुबह परिजनों ने उसे मृत पाया। एसीपी मसूरी लिपि नगायच ने बताया कि गांव भूड़गढ़ी निवासी अनिल कुमार (20) रविवार दोपहर मजदूरी के 1400 रुपये लेने गांव के ही एक युवक के पास गया था। इस दौरान पैसों को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि युवक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अनिल कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की सूचना मिलने पर अनिल की मां लीला देवी (40) मौके पर पहुंच गईं और बेटे को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने लीला देवी के सिर पर ईंट से वार कर दिया। इससे उनके सिर और कान के पास गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गईं। इसके बाद लीला देवी किसी तरह अपने बेटे को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर घर ले आईं। घायल होने के कारण वह घर पहुंचकर सो गईं। सोमवार सुबह जब वह चारपाई से नहीं उठीं तो परिजनों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन वह मृत मिलीं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, परमार्थ निकेतन में सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का विधिवत आगाज हो गया। महोत्सव में 80 से अधिक देशों के 1500 योग साधक और योग जिज्ञासु शामिल हुए हैं। महोत्सव के पहले दिन गंगा आरती के दौरान योग साधकों ने संगीत, योग, मल्लखंब के अनोखे संगम का भरपूर आनंद लिया। प्रातः काल से लेकर सायंकाल तक आयोजित योग सत्रों, आध्यात्मिक प्रवचनों, वैदिक अनुष्ठानों और प्रेरणादायक संगीत के साथ महोत्सव का पहला दिन दिव्य और प्रेरणादायक रहा।

इधर ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और किच्छा कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6000 ट्रामाडोल कैप्सूल, एक कार, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।