Good Morning India: ईरान के विदेश मंत्री अराघची का बड़ा बयान, बोले- हम होर्मुज से सभी जहाजों को गुजरने देने के लिए तैयार हैं! 96 के स्तर के पार पहुंचा रुपया, इतिहास में पहली बार इतनी कमजोर हुई भारतीय करेंसी! यहां तांत्रिक के कहने पर युवक ने काटा 11 साल के मासूम का गला! उत्तराखंड में भूकंप के झटकों से फिर डोली धरती
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे का आज दूसरा दिन है। आज वह नीदरलैंड के दौरे पर रहेगे। वहीं आज आईपीएल में कोलकाता और गुजरात के बीच मुकाबला है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भारत यात्रा के दौरान बड़ी बात कही है, उन्होंने कहा, " ईरान ने कभी परमाणु हथियार नहीं चाहे, होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थिति इस समय बहुत जटिल है। बातचीत के जरिए समझौते के अलावा कोई और समाधान नहीं हो सकता। हम होर्मुज जलडमरूमध्य से सभी जहाजों को सुरक्षित निकालने में मदद करने के लिए तैयार हैं। होर्मुज की स्थिति को सुधारने के लिए चीन जो भी कदम उठाएगा, उसका स्वागत होगा। ईरान कूटनीति को मौका देने के लिए युद्धविराम को बरकरार रखने की कोशिश कर रहा था। ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ईरान से संबंधित किसी भी मुद्दे का कोई सैन्य समाधान नहीं है, पाकिस्तान द्वारा की गई मध्यस्थता अभी तक विफल नहीं हुई है। ईरान के पास अमेरिका पर भरोसा न करने के सभी कारण हैं; अमेरिकियों के पास ईरान पर भरोसा करने के सभी कारण हैं। पश्चिम एशिया संकट पर ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची का कहना है कि हम भारत की किसी भी रचनात्मक भूमिका का स्वागत करेंगे। अराघची ने कहा, जैसा कि मैंने कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थिति इस समय बहुत जटिल है और हम जहाजों को सुरक्षित रूप से गुजरने में मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। आक्रामकता की यह कार्रवाई पूरी तरह समाप्त होने के बाद सब कुछ सामान्य हो जाएगा।”
उधर जापान में शुक्रवार को जोरदार भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 6.7 मापी गई। मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, इसका केंद्र नॉर्थ जापान के समुद्री क्षेत्र में 50 किलोमीटर की गहराई में था। जानकारी के मुताबिक भूकंप के झटके कई शहरों में महसूस किए गए। भूकंप का झटका लगते ही लोग घर से निकलकर भागने लगे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। भूकंप की वजह से कई जगहों पर कुछ समय के लिए ट्रेन सेवाओं को भी रोक दिया गया ताकि किसी तरह की दुर्घटना ना हो। फिलहाल सुनामी का अलर्ट जारी नहीं किया गया है और जानमाल की किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। टोक्यो के उत्तर में स्थित जापान के मियागी क्षेत्र के तट पर 6.7 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया है, जिसके चलते सरकार ने पांच प्रान्तों के लोगों के लिए आपातकालीन चेतावनी जारी की है। जापानी अधिकारियों ने शुक्रवार के भूकंप को 1-7 के तीव्रता पैमाने पर पांच की श्रेणी में रखा है, लेकिन उन्होंने कहा कि सुनामी का तत्काल कोई खतरा नहीं है। संचालक जेआर ईस्ट के अनुसार, भूकंप के बाद टोक्यो और शिन-आओमोरी स्टेशनों के बीच चलने वाली हाई-स्पीड रेलवे सेवा निलंबित कर दी गई थी, लेकिन जापान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, तत्काल किसी के घायल होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है।
इधर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई को केरल में समय से पहले दस्तक देने की संभावना है। आमतौर पर केरल में मानसून की शुरुआत एक जून के आसपास होती है, जिसके बाद यह उत्तर की ओर बढ़ते हुए देश के बाकी हिस्सों में पहुंचता है। इसके साथ ही देश में मानसून मौसम (जून से सितंबर) की शुरुआत मानी जाती है। पिछले साल मानसून की शुरुआत 24 मई को हुई थी। आईएमडी के मुताबिक इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई को केरल पहुंचने की संभावना है। हालांकि, यह चार दिन पहले या चार दिन बाद भी पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर तथा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
उधर राजस्थान के पाली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां एक युवक ने शादी नहीं हो पाने के कारण कथित तांत्रिक के कहने पर 11 साल के बच्चे की बलि दे दी। आरोपी ने बच्चे को बेरहमी से मार डाला। शव के पास ही एक टूटी मटकी और तंत्र-मंत्र का सामान भी मिला है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। आरोपी इतना शातिर था कि हत्या करने के बाद बच्चे के घर पहुंचा और उसके दादा को बताया कि तुम्हारे पोते को किसी ने मार दिया हैं और लाश तालाब किनारे पड़ी है। इसके बाद आनन फ़ानन में परिजन जंगल की और दौड़े। वहां का नजारा देखकर वही दहाड़ मारकर रोने लगे। जब उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो आरोपी फरार हो गया। पुलिस को परिजनों ने बताया कि एक गांव के युवक ने ही हमें सूचना दी। पुलिस उसे ढूंढने गई तो घर से लापता था। काफी खोजबीन के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। जिसके बाद मामले का पूरा खुलासा हुआ।
इधर महाराष्ट्र के धुले जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के शिरपुर शहर में पत्नी के सामने कथित तौर पर अपमानित किए जाने से नाराज एक बेटे ने अपने ही माता-पिता की मूसल से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरा शिरपुर और आसपास का इलाका दहल उठा है। जानकारी के अनुसार, यह खौफनाक वारदात शिरपुर की महावीर सोसाइटी में दोपहर करीब दो बजे के आसपास घटी। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग दंपति, पिता इंदाराम और मां रंजू देवी, अपनी बेटी की शादी का कार्यक्रम खुशी-खुशी संपन्न कराकर घर वापस लौटे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर माता-पिता ने बेटे को उसकी पत्नी के सामने कुछ कह दिया। पत्नी के सामने हुए इस अपमान को बेटे ने इस कदर बुरा माना कि उसने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। गुस्से में आगबबूला होकर उसने घर में रखे मूसल से अपने ही जन्मदाताओं के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस भीषण और अचानक हुए हमले में इंदाराम और रंजू देवी दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
उधर पश्चिम एशिया में जारी तनाव और इसके चलते देश में पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के बढ़े हुए दाम के बीच एक राहत भरी खबर सामने आ रही है। पिछले 24 घंटे में होर्मुज स्ट्रेट को सुरक्षित तरीके से पार कर दो जहाज भारत आ रहे हैं। इन दो बड़े जहाजों में कुल 66,392 मीट्रिक टन रसोई गैस भरी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक LPG कैरियर 'सिमी' बुधवार को होर्मुज से होकर गुजरा। इस जहाज में 21 क्रू मेंबर्स हैं। इस शिप के आज गुजरात में कांडला के दीनदयाल बंदरगाह पर पहुंचने की उम्मीद है। यह जहाज कतर के रास लफान टर्मिनल से गैस लेकर निकला है। वहीं दूसरी शिप एनवी सनशाइन ने गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे होर्मुज स्ट्रेट को पार किया है। ये शिप भी 18 मई तक न्यू मंगलुरु पोर्ट पहुंच सकती है। बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि 'सिमी' नामक एलपीजी टैंकर 13 मई को होर्मुज स्ट्रेट पार कर गया, जबकि एनवी सनशान ने भी 14 मई को सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार किया। वहीं एलपीजी टैंकर की आवाजाही ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में तनाव बरकरार है। बता दें कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी जंग की वजह से वजह से होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। हालांकि अब तक कुल 13 भारतीय जहाज इस मार्ग से निकल चुके हैं।
इधर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से फोन पर 100 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के दोषी को कोर्ट ने 5 साल की सजा का आदेश दिया है। दोषी का नाम जयेश पुजारी है और उसे नागपुर जिला सत्र न्यायालय ने 5 साल की सजा सुनाई है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी देने वाले आतंकी जयेश पुजारी को नागपुर जिला सत्र न्यायालय ने पांच साल की सजा सुनाई है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के कार्यालय में फोन कर जयेश पुजारी ने 100, और 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। फिरौती नहीं देने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को बम विस्फोट कर जान से मारने की धमकी भी जयेश पुजारी ने दी थी। हत्या के एक मामले में कर्नाटक के जेल में जयेश पुजारी उम्रकैद की सजा काट रहा है। सजा काटने के दौरान ही उसने जेल से मोबाइल फोन के जरिए गडकरी के कार्यालय में फोन किया था।
उधर पश्चिम बंगाल के आसनसोल जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर पर आवाज कम करने को लेकर हुए विवाद में समुदाय विशेष के लोगों भीड़ ने पुलिस चौकी के सामने हंगामा कर दिया। उपद्रवियों ने पुलिस चौकी और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और पुलिस चौकी में जमकर तोड़फोड़ की। उपद्रवियों ने पुलिस चौकी के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया और आसपास की गलियों में भी खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल को बुलाया पड़ा, तब जाकर हालात काबू में आए। इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दरअसल पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के निर्देश के बाद आसनसोल के जहांगिरी मोहल्ला की पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी रेलपार इलाके में रह रहे मुस्लिम और हिंदू समाज के लोगों को धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज कम करने का प्रशासनिक मैसेज देने पहुंचे थे। इसके बाद इलाके के मंदिरों और मस्जिदों में बैठक चल रही थी। इसी बीच स्थिति तब अचानक तनावपूर्ण हो गई, जब समुदाय विशेष के असामाजिक तत्व भारी संख्या में जहांगिरी मोहल्ला पुलिस चौकी पहुंच गए और पथराव शुरू कर दिया। उपद्रवियों ने पुलिस चौकी में जमकर हंगामा किया और अंदर रखे सारे सामान में तोड़फोड़ कर दी। उपद्रवियों ने आसपास के इलाके में भी तोड़फोड़ की।
इधर विदेशी मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया (INR) अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर गिर गया है। इतिहास में पहली बार रुपया डॉलर के मुकाबले 96 के स्तर को पार कर गया। बाजार खुलते ही रुपये में जो गिरावट शुरू हुई, उसने निवेशकों और आम जनता के बीच हड़कंप मचा दिया है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने रुपये की कमर तोड़ दी है। लेकिन, एक आम आदमी के लिए इसका मतलब सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, बल्कि यह आपकी जेब पर होने वाला सीधा प्रहार है। भारत अपनी जरूरत का एक बड़ा हिस्सा, जैसे खाद्य तेल (पाम ऑयल) और दालें, विदेशों से आयात करता है। जब रुपया कमजोर होता है, तो इन चीजों को खरीदने के लिए हमें ज्यादा डॉलर चुकाने पड़ते हैं। इसका सीधा नतीजा यह होगा कि आने वाले दिनों में आपके किचन में इस्तेमाल होने वाला रिफाइंड तेल और दालों की कीमतें बढ़ सकती हैं। रुपये की गिरावट का सबसे घातक असर ईंधन पर पड़ता है। भारत अपनी तेल जरूरत का 80% आयात करता है। 96 के पार रुपया जाने का मतलब है कि कच्चे तेल का आयात और महंगा हो जाएगा। इससे न केवल पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ेंगे, बल्कि ट्रक और टेम्पो का किराया बढ़ने से सब्जी और फल भी महंगे हो जाएंगे।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तरकाशी मुख्यालय में देर रात हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। रात के समय अचानक धरती हल्की कांपने से कई लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से उत्तर-पूर्व दिशा में करीब चार किलोमीटर दूर जमीन से पांच किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप के झटके मुख्यालय और आसपास के कुछ क्षेत्रों में महसूस किए गए। भूकंप के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर आ गए। जिला आपदा अधिकारी शार्दुल गुसाई ने बताया देर रात को जनपद में भूकंप के झटके महसूस किए गए। लेकिन फिलहाल जिले में कहीं से भी नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। संबंधित विभागों की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इधर पौड़ी जिले में वन्यजीवों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। तमाम ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार, बाघ और भालू के हमलों से लोग दहशत में हैं। ताजा मामला कमन्द गांव का है, जहां एक बार फिर गुलदार के हमले में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, पौड़ी ब्लॉक के कमन्द गांव निवासी 62 वर्षीय मोहन चंद्र मलासी शुक्रवार यानी 15 मई की शाम करीब 6 बजे गांव के पास खेतों में गायों के लिए चारा-पत्ती लेने गए थे। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान उनका शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि गुलदार ने मोहन चंद्र मलासी पर उस समय हमला किया, जब वे खेतों में अकेले गए हुए थे। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में पिछले कुछ समय से गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही थीं, जिससे लोगों में पहले से ही भय का माहौल बना हुआ था।
उधर हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र से अपहरण किए गए 3 साल के बच्चे के अपहरण का पुलिस ने 20 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। साथ ही पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए एक अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार किया गया है। बताया गया है कि बच्चे का अपहरण तंत्र-मंत्र और जादू टोने के लिए किया गया था। इस मामले में दो आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।