Good Morning India: देशभर में होली की धूम, ढोल-नगाड़ों की थाप पर मस्ती में झूमे लोग! मोजतबा खामेनेई बने ईरान के सर्वोच्च नेता! होली से पहले बिहार में बड़ा हादसा, नदी में डूबने से 6 बच्चों की मौत! यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमले का दूसरा आरोपी भी एनकाउंटर में ढेर, जानें और क्या है खास?

Good Morning India: Holi celebrations spread across the country, with people dancing to the beats of drums and cymbals! Mojtaba Khamenei becomes Iran's supreme leader! A major accident occurs in Biha

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर रहेंगे RSS प्रमुख मोहन भागवत। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, आज पूरा देश होली के रंग में रंग गया है। हर तरफ उल्लास का माहौल है। लोग होली पर मस्ती में नजर आ रहे हैं। जगह-जगह हो रहे आयोजनों में लोग रंगों में सरोबार हो रहे हैं। ढोल-नगाड़े के साथ लोग मस्ती में झूम रहे हैं। 

उधर पश्चिम एशिया में युद्ध और तनाव के बीच ईरान से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। तेहरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई को देश का नया सुप्रीम लीडर चुना। मोजतबा, ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के सबसे बड़े बेटे हैं। अमेरिकी और इस्राइल के हालिया हमलों में अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में नए नेता को लेकर अटकलें तेज थीं। मोजतबा को रिवोल्यूशनरी गार्ड के समर्थन के चलते चुना गया माना जा रहा है, हालांकि वह कोई उच्च पदस्थ धार्मिक नेता नहीं हैं। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि मोजतबा का चुनाव ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के दबाव में हुआ है। हालांकि उनका नया सुप्रीम लीडर चुना जाना कुछ सवाल भी पैदा करता है, क्योंकि ईरान की इस्लामिक रिपब्लिक ने अक्सर वंशानुगत शासन की आलोचना की है और खुद को निष्पक्ष व्यवस्था के रूप में पेश किया है। बताया गया है कि पिछले साल अली खामेनेई ने अपने उत्तराधिकारियों की सूची में मोजतबा का नाम शामिल नहीं किया था। दूसरी ओर ईरान के शिया धार्मिक नेतृत्व में पिता से बेटे को सत्ता का हस्तांतरण सामान्य रूप से स्वीकार नहीं किया जाता।

इधर बिहार से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र के लोहरगांवा गांव में दर्दनाक हादसे में चंवर में भरे पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मंगलवार की शाम बकरी चराने निकली बच्चियों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, सभी बच्चियां रोज की तरह शाम करीब चार बजे घर से घास काटने और बकरियां चराने निकली थीं। इसके बाद वे नदी किनारे खेलने पहुंचीं और नहाने लगीं। इसी दौरान प्रिंस नाम की एक बच्ची अचानक नदी के गहरे हिस्से में चली गई और तेज बहाव में फंसकर डूबने लगी। उसे बचाने के लिए साथ मौजूद बाकी पांच बच्चियां भी एक-एक कर पानी में कूद गईं, लेकिन नदी में बने गहरे गड्ढे और तेज धारा की वजह से वे खुद भी संतुलन खो बैठीं और सभी पानी में समा गईं। नदी किनारे मौजूद लोगों ने जब बच्चियों को डूबते देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। तेज बहाव सभी को अपने साथ बहा ले गया।  

उधर इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग जारी है। जंग के बाच ईरान के लेकर अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मेरा मानना ​​था कि वो पहले हमला करेंगे। अगर हम हमला नहीं करते तो वो पहले अटैक कर देते। हमारा बहुत जबरदस्त असर हुआ है क्योंकि अब उनके पास जो कुछ भी था, वह लगभग खत्म हो गया है। उनकी मिसाइलों की गिनती बहुत कम हो रही है। हैरानी की बात है कि वो उन देशों पर हमला कर रहे हैं जो न्यूट्रल थे। उनके पास अब एयर प्रोटेक्शन नहीं है। उनके पास अब कोई डिटेक्शन फैसिलिटी नहीं है। उन्हें बहुत नुकसान होने वाला है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि मैंने जो कुछ किया, उसके लिए मुझे इतनी तारीफ कभी नहीं मिली। इस बीच अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा है कि US मिलिट्री ने ईरान में 1,700 से ज्यादा टारगेट पर हमले किए हैं। CENTCOM ने एक फैक्ट शीट में कहा कि शनिवार को शुरू हुए इन हमलों में ईरानी नेवी के जहाजों, सबमरीन और एंटीशिप मिसाइल साइट्स के साथ-साथ कमांड और कंट्रोल सेंटर को निशाना बनाया गया है। 

इधर सलीम वास्तविक पर जानलेवा हमले के दूसरे आरोपी गुलफाम को भी पुलिस ने मंगलवार को ढेर कर दिया। गुलफाम पर पुलिस ने एक लाख रुपये इनाम घोषित किया था। वह फरार चल रहा था। तीन दिन में गाजियाबाद पुलिस का यह दूसरा फुल एनकाउंटर हुआ। जानकारी के मुताबिक, इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश की मुठभेड़ हो गई। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह और इंस्पेक्टर अनिल राजपूत प्रभारी क्राइम ब्रांच ने बदमाश को ढेर कर दिया। गुलफाम मुख्य आरोपी जीशान का बड़ा भाई था। सलीम पर शुक्रवार सुबह हमला किया गया था। इस एनकाउंटर में पिछले 48 घंटे में दोनों सगे भाई मारे गए। यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर शुक्रवार सुबह गाजियाबाद के लोनी में धारदार हथियारों से दो हमलावरों ने जान लेवा हमला किया था। इस मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर के आधार पर आरोपियों तक पहुंची। 

उधर भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए साल 2025 काफी यादगार रहा था। पिछले साल भारतीय महिला टीम हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। उस वर्ल्ड कप को जीतने के बाद अब भारतीय महिला टीम ने एक और कारनामा किया है। वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के लिए टीम इंडिया को लॉरेस की साल की बेस्ट टीम के अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है। लॉरेस स्पोर्ट ने 3 मार्च को इसकी पुष्टि की। भारतीय टीम इस अवॉर्ड जीतने के लिए नामित होने वाली पहली महिला क्रिकेट टीम है। भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में जीत के दौरान सबसे बड़ा रन चेज का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। 

इधर पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण आपूर्ति संकट की आशंका से कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय कच्चा तेल मानक ब्रेंट क्रूड मंगलवार को 6.05 डॉलर या 7.8 फीसदी बढ़कर 84 डॉलर के करीब 83.79 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया। एक समय यह 19 महीने के उच्च स्तर 85.12 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया था। यह ब्रेंट का जुलाई, 2024 के बाद का उच्चतम स्तर है। अमेरिकी मानक यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (डब्ल्यूटीआई) क्रूड की कीमतें 5.31 डॉलर या 7.5 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 76.54 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। कारोबार के दौरान एक समय डब्ल्यूटीआई क्रूड 77.53 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया था, जो जून, 2025 के बाद इसका उच्च स्तर है। आईएनजी के विश्लेषक ने एक नोट में कहा, होर्मुज जलडमरूमध्य मार्ग से कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। बाजार के लिए एक बड़ा जोखिम यह होगा कि ईरान इस इलाके में और ऊर्जा बुनियादी ढांचों को निशाना बना रहा है। इससे कच्चे तेल की आपूर्ति लंबे समय तक प्रभावित हो सकती है।

उधर पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के कारण हवाई सेवाओं पर बड़ा असर पड़ा है। इस बीच केंद्र सरकार ने मंगलवार को जानकारी दी कि एयरलाइनों ने अपनी उड़ानों के शेड्यूल में सावधानीपूर्वक बदलाव किए हैं और 4 मार्च को कुल 58 उड़ानें संचालित करने की योजना बनाई है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर एयरलाइंस अतिरिक्त उड़ानें चला रही हैं और विदेशी विमानन प्राधिकरणों तथा भारतीय दूतावासों के साथ मिलकर काम कर रही हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षित और व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके। मंत्रालय के अनुसार, आज भारतीय एयरलाइनों की तरफ से 24 उड़ानें संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में खाड़ी देशों से एमिरेट्स और एतिहाद एयरवेज ने 9 उड़ानें संचालित की हैं। सरकार ने कहा कि वह लगातार एयरलाइनों के संपर्क में है और हवाई किरायों पर नजर रख रही है, ताकि इस संकट के समय टिकट की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी न हो। मंत्रालय ने बताया कि भारतीय एयरलाइनों ने लंबी दूरी और अति लंबी दूरी की उड़ानों को वैकल्पिक मार्गों से धीरे-धीरे फिर से शुरू करना शुरू कर दिया है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, देहरादून के विकासनगर में युवक के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले का दून पुलिस ने चंद घंटों में ही खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार बीते दिन पुष्पा देवी, निवासी भोजावाला विकासनगर, ने थाना विकासनगर में तहरीर दी कि शाम के समय कुछ अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे। आरोपियों ने जबरन घर में घुसकर उनके बेटे शक्ति पुंडीर के साथ मारपीट की और उसे कार में बैठाकर अगवा कर लिया। कुछ देर बाद एक अज्ञात नंबर से कॉल कर युवक को छोड़ने के बदले एक लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। 

इधर उत्तराखंड में गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। आलम यह है कि मार्च की शुरुआत में ही तापमान 30 डिग्री के पार पहुंचने लगा है। बीते दस वर्षों के आंकड़ों पर नजर डाले तो कभी भी मार्च के पहले सप्ताह में 30 डिग्री तापमान नहीं पहुंचा। ऐसे में आने वाले दिनों में पारा और चढ़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार चार मार्च को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। आने वाले दिनों की बात करें तो सात मार्च तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि आठ और नौ मार्च को पर्वतीय इलाकों में मौसम के बदलने की संभावना है।