Good Morning India: बकरीद आज, सलामती और तरक्की की मांगी गई दुआ! यहां सत्ता की हनक में आपा खो बैठे BJP विधायक, नायब तहसीलदार को जड़े थप्पड़! IPL इतिहास में सिक्सर किंग बने वैभव सूर्यवंशी! उत्तराखंड में अफसरों की रीलबाजी पर शासन सख्त, तैयार होगी गाइडलाइन

Good Morning India: Bakrid is today, prayers are offered for safety and prosperity! Here, a BJP MLA lost his temper under the influence of power and slapped the deputy tehsildar! Vaibhav Suryavanshi

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सिक्किम दौरे का आज आखिरी दिन है। वहीं केंद्रीय मंत्री अमित शाह गुजरात के दौरे पर हैं।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, आज देशभर में बकरीद मनाई जा रही है। सुबह में मुस्लिम समाज के लोग ईदगाहों में इकट्ठा हुए और बकरीद की नमाज अदा की। इसमें एक-दूसरे की सलामती और तरक्की की दुआ की गई। नमाज के बाद बकरे या अन्य जानवरों की कुर्बानी देने की परंपरा निभाते हैं। बकरीद को ईद-उल-अजहा के नाम से भी जानते हैं। यह मीठी ईद यानि ईद-उल-फितर के बाद मुसलमानों का दूसरा सबसे बड़ा त्योहार है। आज 28 मई को बकरीद की नमाज है, वहीं 28, 29 और 30 मई तीनों दिन कुर्बानी दी जाएगी। इस्लामिक कैलेंडर के ज़ुल-हिज्जा महीने के 10वें दिन बकरीद मनाई जाती है। इस दिन ही मक्का की हज यात्रा का समापन भी होता है। बकरीद को कुर्बानी वाली ईद भी कहते हैं। इसमें मुसलमान अपनी सबसे प्रिय वस्तु की कुर्बानी देते हैं और खुदा की बताई राह पर चलने की कोशिश करते हैं। इस दिन लोग बकरे या अन्य जानवरों की कुर्बानी देते हैं। बकरीद में कुर्बानी का सच्चा अर्थ अपने स्वार्थ, अहंकार, लालच और बुरी आदतों को छोड़कर सच्चा इंसान बनना है।

इधर अमेरिका ने बुधवार को ईरान पर एक बार फिर हमला किया है और इसे रक्षात्मक कार्रवाई का नाम दिया है। इस हफ्ते यह दूसरी बार है जब अमेरिकी सेना ने ईरान पर ऐसी कार्रवाई की है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह कदम तब उठाया गया जब ईरानी सेना की ओर से आक्रामक गतिविधियां देखी गईं। अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के 4 ड्रोन मार गिराए और एक ऐसे सैन्य ठिकाने पर हमला किया, जहां से पांचवां ड्रोन लॉन्च किए जाने की तैयारी हो रही थी। अधिकारियों के मुताबिक इन ड्रोन से 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को खतरा था। इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान अब 'कमजोर स्थिति में बातचीत' कर रहा है। उन्होंने साफ किया कि नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव उनकी ईरान नीति को प्रभावित नहीं करेंगे और वह किसी जल्दबाजी में समझौता नहीं करेंगे। कैबिनेट बैठक की शुरुआत में ट्रंप ने भरोसा जताया कि दोनों देशों के बीच समझौता जल्द हो सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते के अंत में उनकी सरकार और तेहरान के बीच समझौते को लेकर काफी प्रगति हुई थी, हालांकि बातचीत अभी पूरी तरह अंतिम रूप में नहीं पहुंची है।

उधर छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार ने BJP विधायक पर पीटने का आरोप लगाया है। राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक के अनुसार, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने उनसे मारपीट की है। तुषार मानिक का कहना है कि, विधायक समर्थकों ने धक्का-मुक्की की और उनके कपड़े फाड़ दिए। आरोप है कि नायब तहसीलदार ने विधायक की चचेरी बहन की फाइल फेंकी और उन्हें ऑफिस से बाहर निकाला। इसी बात से नाराज समर्थक उग्र हो गए और विवाद हुआ। मामला सीतापुर थाना क्षेत्र का है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत की है। घटना की जानकारी मिलने पर सीतापुर SDM फागेश सिन्हा मौके पर पहुंचे थे और बीच-बचाव कर नायब तहसीलदार को अपने साथ अंबिकापुर ले गए। 

इधर उत्तर कोरिया ने दावा किया है कि उसने अपने हालिया हथियार परीक्षणों में कई नई सैन्य तकनीकों और हथियार प्रणालियों का परीक्षण किया है, जिनमें परमाणु क्षमता वाली क्रूज मिसाइल और नए वॉरहेड शामिल हैं। यह जानकारी बुधवार को उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया के हवाले से सामने आई। नॉर्थ कोरिया के मुताबिक, इन परीक्षणों की निगरानी देश के नेता किम जोंग उन ने खुद की। इन परीक्षणों में बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज मिसाइल और रॉकेट आर्टिलरी सिस्टम शामिल थे। सरकारी समाचार एजेंसी KCNA के अनुसार, इन लॉन्च में कई उन्नत हथियार प्रणालियों का परीक्षण किया गया है। उत्तर कोरिया ने दावा किया कि इन हथियारों का उद्देश्य युद्ध क्षेत्र में इस्तेमाल के लिए परमाणु क्षमता को मजबूत करना है। KCNA के अनुसार, किम जोंग उन ने इन परीक्षणों पर संतोष जताया, खासकर क्रूज मिसाइल सिस्टम के प्रदर्शन को लेकर। ये मिसाइलें दक्षिण कोरिया की सीमा के पास तैनात लंबी दूरी की आर्टिलरी इकाइयों के साथ इस्तेमाल के लिए तैयार की जा रही हैं। किम ने सैन्य अधिकारियों से कहा कि आर्टिलरी बलों को तेजी से आधुनिक बनाया जाए ताकि 'कोई भी उनकी बराबरी न कर सके।'

उधर ऑनलाइन और फैंटसी गेमिंग को लेकर 'सुप्रीम' फैसला आ गया है। शीर्ष अदालत ने गेमिंग कंपनियों को तगड़ा झटका देते हुए ग्रॉस गेमिंग रेवेन्यू पर लगने वाले GST को बरकरार रखा है। कोर्ट ने साफ किया है कि कंपनियों को यूजर्स द्वारा दांव पर लगाई गई पूरी रकम पर 28% का जीएसटी चुकाना होगा। यही नहीं, कोर्ट ने फैंटसी गेम में भी दांव पर लगाए गए पैसे को जुआ ही माना है और उस पर जीएसटी वसूला जाना सही ठहराया है। गेमिंग कंपनियों ने सरकार द्वारा प्लेटफॉर्म फीस या ग्रॉस रेवेन्यू पर टैक्स वसूले जाने के खिलाफ दायर सभी याचिकाओं को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि जब भी किसी खेल में पैसा दांव पर लगता है, तो वो सट्टेबाजी के दायरे में आ जाता है। यही नहीं, शीर्ष अदालत ने पिछली तारीख से टैक्स वसूलने के फैसले को भी बरकरार रखा है। बता दें कि ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों ने सुप्रीम कोर्ट में सरकार द्वारा भेजे गए भारी-भरकम जीएसटी नोटिस को चुनौती दिया था।

इधर वैभव सूर्यवंशी ने एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है। राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सात छक्के लगाकर गेल के आईपीएल 2012 में बनाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 15 वर्षीय सूर्यवंशी ने इस मैच में 16 गेंदों में अर्धशतक भी जड़ा। मैच के दौरान लखनऊ स्टेडियम की विशाल स्क्रीन पर सूर्यवंशी को 'यूनिवर्स बेबी बॉस' कहा गया। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर 'यूनिवर्स बेबी बॉस' ट्रेंड करने लगा। गौरतलब है कि इससे पहले ​​​क्रिस गेल को उनकी परफॉर्मेंस के बाद 'यूनिवर्स बॉस' कहा गया था।  बता दें कि, आज के मैच में वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 16 गेंदों में अर्धशतक बनाया। यह आईपीएल नॉकआउट मैचों में संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक है। सूर्यवंशी ने मात्र 29 गेंदों में 97 रन (12 छक्के और 5 चौके) बनाए। वह क्रिस गेल के आईपीएल में सबसे तेज शतक के सर्वकालिक रिकॉर्ड से सिर्फ एक शॉट पीछे रह गए।   

उधर दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन KCP के लीडर को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार उग्रवादी कमांडर का नाम हाओबिजम दिलीप सिंह है। ये उग्रवादी दिल्ली में एक गोपनीय मीटिंग करने आया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, मणिपुर पुलिस और सेंट्रल एजेंसी के जॉइंट ऑपरेशन के बाद इसकी गिरफ्तारी हुई है। वान्टेड उग्रवादी से पूछताछ के बाद हुई हथियार, गोला-बारूद की बड़ी बरामदगी हुई है। सुरक्षा एजेंसियों ने देश में और खास मणिपुर में बड़ी तबाही का प्लान फेल कर दिया है। गिरफ्तार किए गए उग्रवादी पर करीब 12 से ज़्यादा UAPA के केस दर्ज हैं। दिल्ली में एक बड़े उग्रवादी लीडर के आने के क्या मायने थे इसको लेकर सेंट्रल एजेंसिया जांच कर रही हैं। इस बात की जांच चल रही है कि क्या दिल्ली भी टारगेट पर थी।

इधर उत्तर भारत के बड़े हिस्से में कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू से एक-दो दिनों में राहत मिलने के संकेत हैं। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी भरी हवाएं और पंजाब-हरियाणा के ऊपर बनने वाला चक्रवाती साइक्लोन उत्तर भारत के बड़े हिस्से में बारिश, तेज आंधी और तापमान में गिरावट का कारण बनेगा। इस दौरान तेज गति से हवा भी चलेगी। हालांकि इसके पहले मध्य एवं उत्तर-पश्चिम हिस्से में लू एवं कहीं-कहीं भीषण लू का असर बना रहेगा। भारत मौसम विभाग (आइएमडी) के अनुसार 28 मई की रात से ही पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू हो जाएगा और 29 मई से मौसम तेजी से बदलने लगेगा। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि 28-30 मई के बीच दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में लगभग 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में अब अफसरों की रीलबाजी पर रोक लगेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की टिप्पणी के बाद शासन सख्त हुआ है। इस कड़ी में कार्मिक विभाग सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए इंटरनेट मीडिया आचरण संबंधी नियमावली तैयार कर रहा है। इसके दायरे में जिलाधिकारी से लेकर अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे। बता दें कि मुख्यमंत्री धामी हाल ही में यह स्पष्ट कर चुके हैं कि प्रशासनिक कार्यों में गरिमा, अनुशासन और गंभीरता बनाए रखना आवश्यक है तथा सरकारी दायित्वों को प्रचार का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। इस कड़ी में अब शासन ने अधिकारियों की इंटरनेट मीडिया गतिविधियों को व्यवस्थित करने के लिए स्पष्ट गाइडलाइन तैयार करने का निर्णय लिया है। कार्मिक विभाग इस संबंध में अब नियमावली तैयार कर रहा है। प्रस्तावित नियमावली में यह तय किया जाएगा कि अधिकारी किन परिस्थितियों में इंटरनेट मीडिया पर सामग्री साझा कर सकेंगे और किन से उन्हें दूर रहना होगा।

इधर उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से गर्मी की तपिश ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मैदानी जिलों से लेकर पर्वतीय जिलों में बढ़े तापमान का असर देखने को मिल रहा है, तो वहीं अगले कुछ दिनों तक चिलचिलाती धूप से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 मई को प्रदेश के तमाम पर्वतीय जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिला प्रशासन को तमाम सावधानियां बरतने संबंधित गाइडलाइन भी जारी कर दिया है। साथ ही सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जारी अलर्ट के अनुसार, इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों के अलावा प्रदेश के बाकी जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।