Good Morning India: भारतीय विमानन की बड़ी सफलता, सैटेलाइट बेस्ड लैंडिंग सिस्टम के सहारे उतरा विमान! राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एक और बड़ा एक्शन! यूपी के मथुरा में भीषण सड़क हादसा! प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे हाई लेवल मीटिंग! उत्तराखंड में 22 जुलाई से शुरू होगी अंक सुधार परीक्षा

Good Morning India: A major milestone for Indian aviation—an aircraft lands using a satellite-based landing system! Another major development in the Ram Mandir donation theft case! Horrific road acci

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी आज मंत्रालय और विभागों के सचिवों के साथ शासन व्यवस्था और सुधारों की रणनीतिक समीक्षा करेंगे।  वहीं आज से दिल्ली, झारखंड समेत पांच राज्यों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया की शुरुआत होगी। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां थाना राया इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 20 से 25 यात्री घायल हो गए। ये दर्दनाक हादसा थाना राया क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 112 से 113 के बीच तड़के सुबह करीब 4 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, गोला बस सर्विस की एक वोल्वो बस एक ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वोल्वो बस (नंबर BR 28P 4723) में लगभग 65 यात्री सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से 25 यात्री घायल हो गए।

इधर राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है। SIT की रिपोर्ट के बाद राम मंदिर में लंबे समय से तैनात रेडियो मेंटेनेंस ऑफिसर (RMO) अर्जुन देव को उनके पद से हटाकर गोरखपुर ट्रांसफर कर दिया गया है। वहीं, इस मामले में गिरफ्तार सभी 8 आरोपियों को 14 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब बैंकों, मंदिर से जुड़े कर्मचारियों और अन्य लोगों की भूमिका की भी गहराई से जांच कर रही है। अर्जुन देव वर्ष 2009 से लगातार अयोध्या में तैनात थे। पिछले करीब 17 वर्षों में उनका कई बार तबादला हुआ, लेकिन हर बार किसी न किसी स्तर पर वह रुक गया। हाल ही में उनका लखनऊ तबादला भी निरस्त हो गया था। अब चढ़ावा चोरी मामले में SIT की रिपोर्ट आने के बाद उनका तबादला गोरखपुर कर दिया गया है। राम मंदिर के काउंटिंग रूम में चढ़ावे की गिनती के दौरान लगे CCTV कैमरों के साथ-साथ पूरे मंदिर परिसर में लगे करीब 1,600 CCTV कैमरों और वायरलेस व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी अर्जुन देव के पास थी।

उधर भारतीय नागरिक उड्डयन के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। पहली बार देश में किसी वाणिज्यिक जेट विमान की लैंडिंग पारंपरिक इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) की बजाय सैटेलाइट बेस्ड लैंडिंग सिस्टम (एसएलएस) के जरिए कराई गई। इंडिगो के एयरबस ए320 ने भारत के स्वदेशी 'गगन' (जीएजीएएन) नेविगेशन सिस्टम की मदद से यह सफल लैंडिंग की, जिसकी निगरानी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने की। रिपोर्ट के मुताबिक इंडिगो के एटीआर टर्बोप्राप विमान पर इस तकनीक का पहले परीक्षण हो चुका था, लेकिन किसी कमर्शियल जेट में इसका इस्तेमाल पहली बार किया गया। विमान में बैठे यात्रियों को इस बदलाव का शायद ही कोई अहसास हुआ, लेकिन रनवे तक पहुंचने के लिए इस बार विमान को जमीन पर लगे रेडियो उपकरणों की बजाय उपग्रह संकेतों से दिशा-निर्देश मिले। गगन (जीपीएस एडेड जियो आगमेंटेड नेविगेशन) भारत का सैटेलाइट बेस्ड आगमेंटेशन सिस्टम (एसबीएएस) है, जिसे इसरो और एयरपोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया (एएआइ) ने संयुक्त रूप से विकसित किया है। गगन स्वयं किसी विमान की स्थिति तय नहीं करता, बल्कि जीपीएस से मिलने वाले संकेतों को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाता है। इसके लिए इसरो के जीसैट-8 और जीसैट-10 उपग्रह के जरिये संशोधित नेविगेशन सिग्नल पूरे भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रसारित करते हैं।

इधर फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। फीफा रैंकिंग में 34वें स्थान पर मौजूद पैराग्वे ने चार बार की वर्ल्ड चैंपियन जर्मनी को रोमांचक मुकाबले में पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया। निर्धारित 90 मिनट और एक्स्ट्रा टाइम तक मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहा, जिसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। मैच में पैराग्वे ने पहले हाफ के 42वें मिनट में बढ़त बनाई। मिगुएल अल्मिरोन ने शानदार पास से माटियास गालार्जा को गेंद पहुंचाई, जिन्होंने बेहतरीन क्रॉस दिया। जर्मन डिफेंडरों से पूरी तरह खाली खड़े जूलियो एनसिसो ने हेडर लगाकर गोल दाग दिया और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि, दूसरे हाफ की शुरुआत में जर्मनी ने वापसी की। 52वें मिनट में फ्लोरियन विर्ट्ज के क्रॉस पर काई हैवर्ट्ज ने शानदार हेडर लगाकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों को कई मौके मिले, लेकिन कोई भी निर्णायक गोल नहीं कर सका।

उधर उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में प्रेम विवाह के बाद एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। जेठवारा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। यह वारदात जेठवारा थाना क्षेत्र के चंदन का पुरवा गांव की है। मृतक की पहचान राजू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात करीब 10 बजे वह गांव में था, तभी हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल राजू को अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इधर ईरान ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए साफ किया है कि आने वाले दिनों में अमेरिका के साथ किसी भी स्तर पर कोई बातचीत तय नहीं है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने उन खबरों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि कतर की राजधानी दोहा में ईरानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत के लिए है। ईरान की समाचार एजेंसी फार्स न्यूज के मुताबिक, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगई ने प्रेस वार्ता में कहा, 'आने वाले दिनों में अमेरिकी पक्ष के साथ किसी भी स्तर पर हमारी कोई बातचीत तय नहीं है।' प्रवक्ता ने कहा, 'अमेरिकी प्रतिनिधियों की कतर यात्रा का ईरानी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा से कोई संबंध नहीं है। हमारा प्रतिनिधिमंडल MoU के प्रावधानों, खासकर अनुच्छेद-11 के क्रियान्वयन की समीक्षा और उसे आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कतर जा रहा है।' उन्होंने यह भी साफ किया कि व्यापक और अंतिम समझौते पर बातचीत अभी शुरू नहीं हुई है। उन्होंने कहा, 'हम अभी अंतिम समझौते के लिए औपचारिक बातचीत के चरण में प्रवेश नहीं कर पाए हैं।'

उधर सरकार ने IRCTC की फर्जी वेबसइट के जरिए हो रही ठगी को लेकर चेतावनी जारी की है। साइबर क्रिमिनल्स इन दिनों फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को चूना लगा रहे हैं। फर्जी वेबसाइट के जरिए तीर्थयात्रियों को हैलीकॉप्टर बुकिंग और सर्विस के नाम पर ठगा जा रहा है। गृह मंत्रालय की साइबर सिक्योरिटी विंग I4C ने अपने आधिकारिक X हैंडल से इसे लेकर चेतावनी जारी की है। साथ ही, लोगों को इससे बचने के लिए भी कहा है। I4C Cyber Dost ने अपने X हैंडल से कहा कि साइबर क्रिमिनल्स फर्जी बुकिंग वेबसाइट और मिसलीडिंग लिंक्स के जरिए लोगों को फर्जी यात्रा सेवाओं, हैलीकॉप्टर बुकिंग और पेमेंट स्कैम का शिकार बना सकते हैं। ऐसे नकली वेबसाइट से लोगों को बचना चाहिए और साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करनी चाहिए।

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सभी केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के सचिवों की हाई लेवल बैठक बुलाई है। इस बैठक में लोगों के जीवन और व्यापार सुगमता को बेहतर बनाने के इरादे से की गई सुधार पहलों की समीक्षा के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि बैठक में कुछ सचिव अपने-अपने मंत्रालयों पर प्रस्तुतियां देंगे, जिनमें कामकाज के साथ-साथ विभिन्न सुधार उपायों और जन-केंद्रित कदमों पर हुई प्रगति का विवरण दिया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जब देश ब्रिटिश सत्ता से आजादी के 100 साल पूरे होने का जश्न मनाएगा। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री सचिवों के साथ अगली पीढ़ी के सुधारों की समीक्षा करेंगे, जिनके जरिये सरकार लोगों के जीवन को अधिक आरामदायक बनाने के साथ-साथ व्यापार सुगमता सुनिश्चित करना चाहती है। 

उधर जर्मनी के स्टेड शहर में सोमवार को गोलीबारी का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक इस गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई है। हालांकि यह गोलीबारी किस लिए हुई और किन लोगों के बीच हुई, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई है और पुलिस ने इलाके को सील कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वह इस इलाके में न जाएं। इसके साथ ही अब पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। अभी तक दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि सोमवार को उत्तरी जर्मनी के स्टेड शहर में हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई। जर्मन समाचार एजेंसी DPA ने पुलिस के हवाले से बताया कि दो संदिग्धों को गिरफ़्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि युवाओं के लिए बने एक सेंटर के पास गोलियां चलीं और वे शहर के सेंटर के दक्षिण में स्थित सड़क, डैंकर्सस्ट्रैस पर एक बड़ा ऑपरेशन चला रहे थे। क्या हुआ या पीड़ित कौन थे, इस बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं मिल पाई। बता दें कि स्टेड की आबादी लगभग 50,000 है और यह हैम्बर्ग से लगभग 40 किलोमीटर (25 मील) दूर स्थित है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, चमोली के थराली में प्रसव पीड़ा के दौरान अस्पताल पहुंची 32 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करीब छह घंटे तक सामान्य प्रसव का भरोसा देकर महिला को भर्ती रखा गया, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उसे कर्णप्रयाग रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस में महिला ने दम तोड़ दिया। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं और यह उसका तीसरा प्रसव था।

इधर उत्तराखंड बोर्ड ने परीक्षाफल सुधार परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया। परीक्षा 22 जुलाई से होगी। इसके तहत छात्र न सिर्फ अंक सुधार सकेंगे बल्कि इस परीक्षा के माध्यम से 10 वीं और 12 वीं के फेल छात्र-छात्राओं को पास होने का मौका दिया जाएगा। उत्तराखंड बोर्ड के सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी के मुताबिक परीक्षा समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि परीक्षा वर्ष 2026 प्रथम और वर्ष 2025 तृतीय की परीक्षाएं 22 जुलाई से शुरू होंगी। जो 29 जुलाई तक चलेंगी। 22 जुलाई को पहले दिन हाईस्कूल की हिंदी एवं इंटरमीडिएट की हिंदी, कृषि, अंग्रेजी व संस्कृत की परीक्षा होगी। 23 जुलाई को हाईस्कूल की उर्दू व अंग्रेजी, इंटरमीडिएट की इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, गृह विज्ञान, ड्राइंग एंड पेंटिंग, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, समाज शास्त्र, शिक्षा शास्त्र व सैन्य विज्ञान की परीक्षा होगी। 24 जुलाई को हाईस्कूल की संस्कृत, इंटरमीडिएट की गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, लेखा शास्त्र, व्यावसायिक अध्ययन व कंप्यूटर साइंस की परीक्षा होगी। 27 जुलाई को हाईस्कूल की गणित, गृह विज्ञान, 28 जुलाई को हाईस्कूल की विज्ञान एवं 29 जुलाई को हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी। जबकि 29 जुलाई को इंटरमीडिएट की कृषि वनस्पति विज्ञान द्वितीय प्रश्न पत्र सहित कुछ अन्य विषयों की परीक्षा होगी।

उधर देहरादून में इस वर्ष डेंगू के मामलों में फिलहाल राहत देखने को मिल रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल से जून 2026 तक जिले में डेंगू के 25 मरीज सामने आए हैं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 146 मामले मिले थे। वहीं, पांच वर्षों में जुलाई से सितंबर तक की बात करें तो वर्ष 2022 में 846, 2023 में 969, 2024 में 10, 2025 में 297 मामले आए थे। ऐसे में मानसून के दौरान संक्रमण बढ़ने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष अप्रैल में डेंगू का एक भी मामला सामने नहीं आया। मई में आठ और जून में 17 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। पिछले वर्ष अप्रैल से जून के बीच 146 मरीज मिलने की तुलना में इस बार मामलों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।