क्या उत्तराखंड की राजनीति में होगा बड़ा उलटफेर? 5 दिग्गज नेता कांग्रेस में होंगे शामिल, दिल्ली दरबार में हलचल तेज
देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा भूचाल आने के संकेत मिल रहे हैं। बड़ी खबर सामने आ रही है कि प्रदेश के पांच प्रभावशाली नेता कल शाम कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। इस संभावित राजनीतिक बदलाव को लेकर राजधानी दिल्ली में हलचल तेज हो गई है, जहां सभी नेता पार्टी शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के लिए पहुंच चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जिन नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा है, उनमें रुद्रपुर से राजकुमार ठुकराल, सितारगंज से नारायण पाल, घनसाली से भीमलाल आर्य, भीमताल से लाखन सिंह नेगी और रुड़की से पूर्व मेयर गौरव गोयल शामिल हैं। इन नेताओं का एक साथ पार्टी बदलना राज्य की सियासत में बड़ा असर डाल सकता है।
यदि यह घटनाक्रम होता है, तो आगामी चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं। खासकर कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र में इसका सीधा प्रभाव देखने को मिल सकता है, जहां ये नेता अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत पकड़ रखते हैं।हालांकि, अभी तक इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दिल्ली में चल रही बैठकों ने सियासी सरगर्मी को चरम पर पहुंचा दिया है। कांग्रेस इस मौके को अपने पक्ष में भुनाने की रणनीति में जुटी है, जबकि अन्य दल भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।