नैनी झील में NCC कैडेट्स का दमखम!सेल बोट की रिगिंग से लेकर CPR तक, MENU कैम्प में कैडेट्स को मिला खास प्रशिक्षण
नैनीताल
5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी, नैनीताल की ओर से आयोजित मोस्ट एंटरप्राइजिंग नेवल यूनिट (MENU) कैम्प-2026 के दूसरे दिन कैडेट्स ने नैनी झील में 29 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की। इसके साथ ही कैडेट्स को सेलिंग और सेल बोट की रिगिंग के व्यावहारिक प्रशिक्षण के अलावा लाइफ सेविंग, फर्स्ट एड और सीपीआर जैसी महत्वपूर्ण जीवन रक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया गया।

17 से 26 अगस्त तक आयोजित इस कैम्प में 60 एनसीसी कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं। कैम्प के दौरान कैडेट्स को नौसैनिक गतिविधियों के साथ नेतृत्व, अनुशासन, टीम भावना, आपदा प्रबंधन, साहस और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मृदुल शाह ने बताया कि मंगलवार को कैडेट्स को सेलिंग की बेसिक तकनीकों के साथ सेल बोट की रिगिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्हें सेल बोट के विभिन्न हिस्सों, रिगिंग की प्रक्रिया और नौकायन के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
कैम्प के तहत कैडेट्स को आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी सहायता देने के लिए लाइफ सेविंग, फर्स्ट एड और सीपीआर का प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य कैडेट्स को जल दुर्घटना या अन्य आपात परिस्थितियों में सुरक्षित तरीके से प्रतिक्रिया करने और जरूरतमंद व्यक्ति की तत्काल मदद करने में सक्षम बनाना है।
आज की सेलिंग में कैडेट्स ने नैनी झील में 29 किलोमीटर की दूरी तय की। इसके साथ ही कैम्प के दौरान अब तक कैडेट्स कुल 61 किलोमीटर की सेलिंग पूरी कर चुके हैं। नौकायन के दौरान कैडेट्स ने टीमवर्क, बेहतर समन्वय, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद उनका उत्साह और मनोबल ऊंचा रहा।
कैप्टन मृदुल शाह ने कहा कि MENU कैम्प का उद्देश्य कैडेट्स को केवल नौसैनिक गतिविधियों में दक्ष बनाना नहीं, बल्कि उन्हें आपात परिस्थितियों में आत्मनिर्भर, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना भी है। सेलिंग, लाइफ सेविंग और सीपीआर जैसे प्रशिक्षण कैडेट्स को व्यावहारिक जीवन कौशल प्रदान करते हैं, जो भविष्य में उनके लिए उपयोगी साबित होंगे।
प्रशिक्षण गतिविधियों में प्रशिक्षक पेटी ऑफिसर प्रशांत तोमर, चीफ पेटी ऑफिसर विक्रांत सिंह, पेटी ऑफिसर दीपक कुमार, पेटी ऑफिसर अनूप कुमार और गर्ल कैडेट इंस्ट्रक्टर दिव्या यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।