अंकिता भंडारी हत्याकांड: तीनों दोषियों की जमानत याचिकाओं पर हाईकोर्ट में लंबी बहस! बचाव पक्ष ने अभियोजन के तथ्यों पर उठाए सवाल, कल भी जारी रहेगी सुनवाई
नैनीताल। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के तीनों अभियुक्तों पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता की जमानत याचिकाओं पर उत्तराखंड हाईकोर्ट में कल भी सुनवाई जारी रहेगी। न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी और न्यायमूर्ति साह की खंडपीठ तीनों अभियुक्तों की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है। आज भी कोर्ट में मामले को लेकर लंबी सुनवाई हुई। तीनों अभियुक्तों की ओर से अधिवक्ताओं ने अपना पक्ष रखते हुए बचाव में कई तर्क पेश किए। बचाव पक्ष का कहना था कि अभियोजन पक्ष मामले से जुड़े कई तथ्यों को सत्यापित करने में नाकाम रहा है। कोर्ट में सुनवाई कल भी जारी रहेगी। कल पहले तीनों अभियुक्तों की ओर से अपना पक्ष रखा जाएगा, जिसके बाद शिकायतकर्ता की ओर से बहस की जाएगी। गौरतलब है कि निचली अदालत तीनों अभियुक्तों को अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषी ठहरा चुकी है और उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। निचली अदालत के फैसले के खिलाफ तीनों की ओर से हाईकोर्ट में अपील दायर की गई है, जो फिलहाल लंबित है।