रुद्रपुर में जुलूस के दौरान हथियार लहराने वालों पर पुलिस का शिकंजा! अब तक 8 गिरफ्तार, पांच दोपहिया और एक डीजे वाहन सीज

Police crack down on individuals brandishing weapons during a procession in Rudrapur; 8 arrested so far, and five two-wheelers along with a DJ vehicle seized.

रुद्रपुर। 15 अगस्त को रुद्रपुर बाजार क्षेत्र में निकाले गए जुलूस के दौरान हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन कर दहशत फैलाने के मामले में ऊधमसिंह नगर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। इसके अलावा पांच दोपहिया वाहनों और घटना में इस्तेमाल एक डीजे वाहन को भी सीज किया गया है। पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को रुद्रपुर बाजार क्षेत्र में निकाले गए जुलूस के दौरान कुछ युवकों द्वारा तलवार, गंडासा, खुकरी, तमंचे और अन्य हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन किया गया था। इससे आम लोगों में भय का माहौल पैदा होने के साथ यातायात भी प्रभावित हुआ और सार्वजनिक शांति भंग होने की स्थिति बनी। घटना के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। मामले में रुद्रपुर कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें नामजद आरोपियों के अलावा करीब 30 अज्ञात लोगों को भी शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने 16 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर मोदी मैदान क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो अवैध कापे और एक फोल्डिंग मछलीनुमा चाकू बरामद किया गया। इसके बाद कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने 17 अगस्त की रात ब्लॉक रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करन साहनी और गोविन्दा गुप्ता को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध दाब/गंडासा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। पुलिस के अनुसार, अब तक गिरफ्तार आठ आरोपियों में करन साहनी, गोविन्दा गुप्ता, राजीव, हर्ष उर्फ भोला, अभिषेक उर्फ कालू, मोहम्मद हसन, सक्षम राजपुर और अभय विश्वकर्मा शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि तीन व्यक्तियों के खिलाफ धारा 172 BNSS के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने और हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। हथियार बरामदगी के साथ पुलिस ने वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। आरोपियों से संबंधित पांच दोपहिया वाहनों के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्हें मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। इसके अलावा 15 अगस्त की घटना से संबंधित एक डीजे वाहन को भी पुलिस ने सीज किया है। पुलिस 15 अगस्त की घटना से जुड़े वीडियो फुटेज का लगातार विश्लेषण कर रही है। वीडियो में दिखाई देने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और उसकी भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जुलूस में हथियार लेकर शामिल होने, हथियार लहराने, आमजन में भय उत्पन्न करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका साक्ष्यों के आधार पर जांची जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।