चमोली टनल हादसाः लापता तीनों शव बरामद! रेस्क्यू ऑपेरशन हुआ पूरा, हादसे में 10 श्रमिकों की मौत
चमोली। विष्णुगाड पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद चलाया जा रहा राहत एवं बचाव अभियान अब पूरा हो गया है। रेस्क्यू टीमों ने मंगलवार को टनल के भीतर से दो और मजदूरों के शव बरामद किए। दोनों शवों की बरामदगी के साथ ही टनल में फंसे और लापता सभी श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में अब तक कुल 10 मजदूरों की मौत हुई है और सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। हादसे के बाद जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, टीएचडीसी सहित विभिन्न संबंधित एजेंसियों की टीमों ने लगातार अभियान चलाया। टनल के भीतर पानी की निकासी, मलबा हटाने और मशीनरी को बाहर निकालने के साथ संभावित स्थानों पर सघन सर्च ऑपरेशन किया गया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू टीमें लगातार टनल के अंदर अभियान में जुटी रहीं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान उपलब्ध संसाधनों और आधुनिक उपकरणों का प्रभावी इस्तेमाल किया गया। टनल के भीतर जमा पानी को बाहर निकालने के लिए सक्शन पंप सहित आवश्यक उपकरणों की मदद ली गई। पानी की निकासी के बाद टीमों को टनल के अंदरूनी हिस्सों तक पहुंचने में सुविधा मिली और संभावित स्थानों पर खोज अभियान को आगे बढ़ाया गया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने पूरे रेस्क्यू अभियान की लगातार निगरानी की। उन्होंने मौके पर मौजूद विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया। प्रशासन की प्राथमिकता टनल में फंसे और लापता श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना और उनकी तलाश पूरी करना था। रेस्क्यू टीमों के लगातार प्रयासों के बाद सभी लापता श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया। अभियान के दौरान प्रभावित श्रमिकों को आवश्यक चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई गई। जिन श्रमिकों को उपचार की जरूरत थी, उन्हें अस्पताल भेजा गया। जिला प्रशासन की ओर से श्रमिकों के स्वास्थ्य और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी लगातार जानकारी ली गई। दो मजदूरों के शव बरामद होने के बाद अब टनल में लापता श्रमिकों की तलाश का अभियान समाप्त कर दिया गया है।