उत्तराखंड:अब दो से ज़्यादा बच्चों वाले भी लड़ सकेंगे पंचायत चुनाव!सरकार ने तय की कटऑफ डेट
बीते रोज काशीपुर पहुंचे कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने 3538.38 लाख की कई विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने लोगो से बातचीत की और जन-समस्याएं भी सुनीं ,कई समस्याओं का उन्होंने मौके पर ही निस्तारण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि त्रि-स्तरीय पंचायतों के सशक्तीकरण के लिए 242 करोड़ जारी किए गए हैं।
इसके अलावा कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश में क्षेत्र और जिला पंचायत में अब दो से अधिक संतान वाले लोग भी चुनाव लड़ सकते हैं। इसके लिए सरकार ने कटऑफ डेट तय कर ली है। 25 जुलाई 2019 से पहले जिन लोगों की दो से अधिक संतान हैं वे भी अब पंचायत चुनाव लड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि मेयर की तरह ही ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष कराने का अधिकार राज्यों को देने की मांग केंद्र से की गई है ताकि राज्य में ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव भी प्रत्यक्ष रूप से हो सके।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर ऊषा चौधरी, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, भाजपा प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, पूर्व राज्यमंत्री राजेश कुमार, गुरविंदर सिंह चंडोक, राम मेहरोत्रा, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार यूसुफ अली आदि रहे।