Sep 27, 2026 Login

सत्ता का गुरूरः भ्रष्टाचार पर सवाल पूछा तो भाजपा के मंत्री ने युवक को जड़ दिया थप्पड़! वीडियो वायरल, गरमाई सियासत

Arrogance of Power: BJP Minister slaps youth for asking about corruption! Video goes viral, political heat rises.

नई दिल्ली। दिल्ली में सड़क निर्माण और उसकी गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक टकराव में बदलता नजर आ रहा है। आम आदमी पार्टी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें दिल्ली सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार पर सवाल पूछ रहे एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद दिल्ली की सियासत गरमा गई है। अब इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह द्वारा शेयर किए गए वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “मंत्री को गिरफ्तार किया जाए। मैं कल यहां जाऊंगा।” वहीं, तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “यह भारत की राजधानी दिल्ली की भाजपा सरकार के PWD मंत्री हैं। वह सड़क का निरीक्षण करने आए थे, लेकिन एक के बाद एक घोटाले सामने आते देख अपना आपा खो बैठे। इसके बाद उन्होंने वीडियो रिकॉर्ड कर रहे मेरे सहयोगी के साथ बदसलूकी और दबंगई की।” वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि यह पूरा मामला पुलिस के सामने ही हुआ। उनके साथियों ने मुझे जान से मारने की धमकी दी है। युवक ने कहा कि उसने शिकायत दर्ज करा दी है। मंत्री को लिखित में माफी मांगनी होगी। भाजपा को भी उन पर एक्शन लेना चाहिए, सस्पेंड कर देना चाहिए। विवाद के बाद प्रवेश वर्मा ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि जरनैल रात में बनी सड़क सुबह उखाड़ रहे हैं। उन्होंने कमीशन मांगा था, नहीं मिलने पर विवाद खड़ा कर दिया। प्रवेश ने यह भी आरोप लगाया कि जरनैल के साथियों ने उनके परिवार को गाली दी, इस हालात में कोई भी आम आदमी जो करता, वही मैंने किया। तिलक नगर की घटना का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें प्रवेश वर्मा और विधायक जनरैल सिंह के बीच बहस होती दिख रही है।

जनरैल तारकोल से बनी सड़क के टुकड़े दिखाते हुए प्रवेश से कह रहे हैं- आपने जो सड़क बनाई वो उखाड़ कर दिखा दी। इस पर प्रवेश ने कहा- गलत नहीं बोलना है, आप 15 साल में नहीं बना पाए। जवाब में जनरैल ने कहा- आप बना दो लेकिन ऐसी मत बनाओ जो 15 घंटे न चले। इसके बाद मंत्री वर्मा वहां से चले गए। जनरैल उनकी गाड़ी तक पीछे-पीछे जाते हैं, वहीं प्रवेश वीडियो बना रहे युवक को थप्पड़ मार देते हैं। इधर वीडियो वायरल होने के बाद प्रवेश वर्मा ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें वे कह रहे हैं कि “आम आदमी पार्टी जो वीडियो शेयर कर रही है, उसके पीछे की सच्चाई आपको पता होनी चाहिए। विकास पुरी रिंग रोड पर पिछले कई दिनों से सड़क बनाने का काम चल रहा है। उस इलाके के विधायक जरनैल सिंह कई दिनों से PWD विभाग के इंजीनियरों से कह रहे थे कि वे उन्हें कॉन्ट्रैक्टर से मिलवाएं और उनके लिए कमीशन का इंतजाम करें। हमारे इंजीनियर ने पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई है और उनके खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है।” प्रवेश ने बताया- "आज जब मैं उस रास्ते से जा रहा था, तो मैंने इंजीनियरों से कहा कि मैं एक बार सारे काम देखना चाहता हूं। मैंने देखा काम अच्छे से हो रहा था। स्थानीय लोगों ने मुझे बताया कि 15 साल से सड़क नहीं बनी थी। शायद आम आदमी पार्टी इस बात से बहुत नाखुश है कि दिल्ली में सभी सड़कें बन रही हैं, जिनमें वे सड़कें भी शामिल हैं जो 15 साल से नहीं बनी थीं।" प्रवेश आगे कहते हैं, "...मैंने 45 मिनट तक उनका इंतजार किया। जब जरनैल सिंह आए, तो उन्होंने पहले ही अपने कार्यकर्ताओं को बता दिया था और उनके साथ आए थे। आते ही उन्होंने बदतमीजी शुरू कर दी। जब उनके एक कार्यकर्ता ने मेरे परिवार को गाली दी, तो ऐसी स्थिति में कोई भी गुस्से में प्रतिक्रिया देगा, और मैंने भी वही किया।"