उत्तराखण्डः शाह से मिलने बैरिकेडिंग पार कर दौड़ीं ज्योति रौतेला! संतुलन बिगड़ा और सड़क पर गिरने से हुईं चोटिल
ऋषिकेश। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला आज उस समय चोटिल हो गईं, जब वह गृहमंत्री अमित शाह से मिलने जा रहीं थी। दरअसल, महिला कांग्रेसियों को पुलिस ने नेपाली फार्म पर बैरिकेडिंग कर रोक दिया था। रोके जाने से महिलाएं भड़क गई। इस दौरान उन्होंने सरकार और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला पुलिस के चंगुल से छूटकर पैदल हरिद्वार की ओर भाग निकली। पुलिस ने ज्योति रौतेला का पीछा किया और सॉन्ग नदी के पुल पर किसी तरह ज्योति रौतेला को रोक लिया गया। इस दौरान भागते समय ज्योति रौतेला का बैलेंस बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई। जिससे वह जख्मी हो गई। पुलिस किसी तरह ज्योति रौतेला और जिला अध्यक्ष अंशुल त्यागी को हिरासत में लेकर ऋषिकेश कोतवाली लाई। यहां उन्हें समझाने का प्रयास किया। गृहमंत्री अमित शाह के प्रोटोकॉल का हवाला दिया, बावजूद इसके दोनों कांग्रेस नेत्री हरिद्वार जाने की मांग पर अड़ी रहीं। इस दौरान कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि पिछले 9 सालों में उत्तराखंड के अंदर क्राइम का ग्राफ बढ़ा है। भ्रष्टाचार चरम पर है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई बार सवाल खड़े हो चुके हैं। इस प्रकार की कई समस्याओं को लेकर वह केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने हरिद्वार जा रही थी, लेकिन पुलिस में उन्हें जबरदस्ती रोक लिया है।