Aug 23, 2026 Login

उत्तराखण्डः मसूरी में पानी वाले बैंड पर फिर धंसी सड़क! भारी वाहनों की आवाजाही बंद, माल रोड पर होटल की छत पर गिरा पेड़

Uttarakhand: Road caves in again at 'Paani Wala Bend' in Mussoorie! Movement of heavy vehicles halted; tree falls onto a hotel roof on Mall Road.

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में बारिश के बीच सड़क धंसने और पेड़ गिरने की दो घटनाएं सामने आई हैं। यहां मसूरी-देहरादून मार्ग के संवेदनशील पानी वाले बैंड पर शनिवार को भूस्खलन के बाद सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। मलबा सड़क पर आने से कुछ समय के लिए मसूरी-देहरादून मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद लोक निर्माण विभाग की टीम ने मलबा हटाकर मार्ग को एक तरफ से यातायात के लिए खोल दिया। हालांकि सड़क की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर भारी वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। बता दें कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाला बैंड लंबे समय से भूस्खलन और सड़क धंसने की घटनाओं के कारण संवेदनशील बना हुआ है। शनिवार को हुई घटना ने एक बार फिर इस मार्ग की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। बारिश के दौरान पहाड़ी से आने वाले पानी के कारण जमीन कमजोर होने और सड़क के किनारे का हिस्सा लगातार खिसकने की समस्या सामने आ रही है। सड़क धंसने और मलबा आने के बाद कुछ समय के लिए दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। इससे मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची लोक निर्माण विभाग की टीम ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क को एक तरफ से यातायात के लिए खोल दिया गया। हालांकि प्रशासन ने एहतियात के तौर पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रखने का फैसला किया है। हल्के वाहनों को भी सड़क की स्थिति को देखते हुए सावधानी से आवाजाही करने की सलाह दी गई है। एसडीएम मसूरी राहुल आनंद ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए पानी वाले बैंड पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता फिलहाल सड़क को सुरक्षित बनाना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।

माल रोड पर होटल की छत पर गिरा सूखा पेड़
बारिश के बीच मसूरी में हादसे की दूसरी घटना माल रोड पर शनिवार देर रात करीब तीन बजे हुई। यहां एक सूखा पेड़ अचानक टूटकर होटल सूर्य किरण की छत पर जा गिरा। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार पेड़ पहले माल रोड की एंटीक रेलिंग से टकराया और इसके बाद होटल की छत पर जा गिरा। पेड़ गिरने की तेज आवाज से आसपास हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि हादसा देर रात हुआ, जब माल रोड पर लोगों की आवाजाही बेहद कम थी। यदि यही घटना दिन के व्यस्त समय में होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और फायर सर्विस के जवान मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस की टीम ने कटर की मदद से पेड़ को काटकर सड़क किनारे किया, जिसके बाद यातायात को सुचारु कराया जा सका। पेड़ गिरने से होटल की छत को काफी नुकसान पहुंचा है। नीचे खड़ी कार और अन्य सामान भी इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। होटल स्वामी अजय भार्गव ने बताया कि हादसे के समय होटल में कई पर्यटक ठहरे हुए थे। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से माल रोड सहित मसूरी के अन्य क्षेत्रों में जर्जर और सूखे पेड़ों को चिन्हित कर जल्द हटाने की मांग की है।