Good Morning India: दिल्ली समेत 6 राज्यों में फैला स्वाइन फ्लू! आरक्षण विरोधियों पर भड़के आठवले और चिराग पासवान! मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 की विजेता बनीं केरल की सुंदरी कैजिया! यहां अस्पताल में लगी आग, तीन नवजातों की मौत! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज विदेश मंत्री एस. जयशंकर के रूस दौरे का आखिरी दिन है। इसके साथ ही आज से नया सिम लेने के नियम बदल जाएंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, महाराष्ट्र के अमरावती में आग लगने से बड़ा हादसा हुआ है। यहां जिला महिला अस्पताल के बेबी वार्ड में आग लगने से 3 नवजात बच्चों की मौत हो गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, तड़के करीब 3:30 बजे अचानक वेंटिलेटर में विस्फोट होने के बाद आग लगी। आग लगते ही डॉक्टरों, नर्सों और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों की तत्परता से कई बच्चों की जान बचा ली गई। अमरावती जिला महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित नवजात शिशु गहन चिकित्सा विभाग (NICU) में सुबह करीब 3:30 बजे अचानक वेंटिलेटर में विस्फोट होने से आग लग गई। आग में झुलसने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई। हालांकि कई नवजात बच्चों की जान बचाने में अस्पतालकर्मियों को सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार घटना के समय एनआईसीयू में कुल 39 नवजातों का इलाज चल रहा था। आग और धुआं फैलते ही ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर, नर्स और अन्य अस्पताल कर्मचारियों ने तुरंत बच्चों को वार्ड से बाहर निकालना शुरू कर दिया। अस्पताल स्टाफ ने अधिकांश नवजातों को सुरक्षित बाहर निकालकर उन्हें आग और धुएं से दूर पहुंचाया। हालांकि, हादसे में तीन नवजात गंभीर रूप से झुलस गए और बाद में उनकी मौत हो गई।
इधर उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत छह राज्य स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 वायरस की चपेट में हैं। राष्ट्रीय राजधानी में अब तक 1,777 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश में 337, हरियाणा में 119 और पंजाब में 93 संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए कई राज्यों ने एडवाइजरी जारी कर अस्पतालों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है। हालांकि, भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। वर्तमान में फैल रहा स्वाइन फ्लू वायरस कोई नया वेरिएंट नहीं है। यह 2025 से ही देश में मौजूद है और लगातार निगरानी में है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच स्थिति की समीक्षा की। इसमें बीमारी की निगरानी, जांच, अस्पतालों की तैयारी और समय पर इलाज के निर्देश दिए गए। सभी राज्यों से निगरानी बढ़ाने और गंभीर मरीजों की जल्द पहचान करने को कहा गया है।
उधर केंद्रीय मंत्री एवं 'रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले)' के प्रमुख रामदास आठवले ने आरक्षण का विरोध करने वालों या इसे खत्म करने की मांग करने वालों के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज करने की रविवार को मांग की। उन्होंने कहा कि आरक्षण संवैधानिक अधिकार है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि आरक्षण किसी को दी हुई खैरात नहीं, बल्कि एक संवैधानिक अधिकार है। आठवले ने एक बयान में कहा कि आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन (जिनमें दिल्ली के जंतर-मंतर पर घोषित प्रदर्शन भी शामिल हैं) ने इस मुद्दे को फिर से चर्चा में ला दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर भी आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने या उसमें बदलाव की मांग को लेकर अभियान चलाए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अपना एक पुराना वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'मैंने 10 फरवरी 2020 को देश की संसद में भी स्पष्ट रूप से कहा था कि आरक्षण किसी को दी हुई खैरात नहीं, बल्कि एक संवैधानिक अधिकार है।
इधर उत्तर प्रदेश में महिलाएं तीन दिन तक सरकारी बसों में फ्री यात्रा कर सकेंगी। इस दौरान उन्हें किसी भी तरह का किराया नहीं देना होगा। महिलाओं के साथ सफर करने वाले एक व्यक्ति का टिकट भी फ्री रहेगा। हालांकि, एक से ज्यादा लोगों के साथ सफर करने पर सिर्फ महिला और उनके एक साथी का टिकट ही फ्री होगा। दूसरे साथी को पूरा किराया चुकाते हुए टिकट लेना होगा। सीएम योगी ने साफ किया है कि 27 अगस्त से लेकर 29 अगस्त तक महिलाएं बसों में फ्री सफर कर सकेंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले दो दिन के लिए फ्री बस सेवा का ऐलान किया था, लेकिन रविवार को उन्होंने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा के समय में वृद्धि की। उन्होंने घोषणा की कि अब यह निशुल्क यात्रा 27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक की जा सकेगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिला यात्री एक सहयोगी के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
उधर मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले रविवार, 23 अगस्त 2026 को पिंक सिटी जयपुर में आयोजित किया गया। इस सौंदर्य प्रतियोगिता में 52 सुंदरियां शामिल हुईं। प्रतियोगियों को परखने के लिए एक खास कमेटी बनाई गई थी, जिसमें मनोरंजन जगत के जाने-माने चेहरे भी शामिल हुए। बॉलीवुड अभिनेत्री सुष्मिता सेन, उर्वशी रौतेला और सेलिना जेटली इस प्रतियोगिता में बतौर जज शामिल हुईं। टॉप-5 फाइनलिस्ट में तमिलनाडु की वैष्णवी, गुजरात की अनुश्री सतवालेकर, महाराष्ट्र की तेजस्विनी श्रीवास्तव, केरल की कैजिया लिज मैजो और उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ शामिल रहीं। रात 2.50 पर विनर के नाम का ऐलान किया गया और केरल की कैजिया लिज मैजो ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। सौंदर्य प्रतियोगिता के आखिरी राउंड में कंटेस्टेंट्स को जजेस के सामने 40 सेकेंड का क्लोजिंग रिमार्क पेश पेश करना था, जिसमें पांचों फाइनलिस्ट ने जिंदगी को लेकर अपना नजरिया, चुनौतियों और भविष्य को लेकर अपने विचारों को पेश किया। अपने क्लोजिंग रिमार्क से कैजिया लिज मैजो, कमेटी को इंप्रेस करने में सफल रहीं और इस साल का खिताब अपने नाम कर लिया। मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 की विजेता मनिका विश्वकर्मा ने केरल की कैजिया के सिर पर ताज पहनाया और इस पल में कैजिया काफी इमोशनल हो गईं।
इधर गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने दावा किया है कि उसके गैंग ने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की थी। एक लीक हुए ऑडियो में बराड़ को यह कहते सुना जा सकता है कि निज्जर ऐसे लोगों का समर्थन करता था, जो 16-17 साल के युवाओं को ड्रग्स बेचने के लिए इस्तेमाल करते थे। बराड़ का आरोप है कि ये लोग युवाओं को ड्रग्स बेचने और मुखबिरी करने के लिए ब्लैकमेल भी करते थे। ऑडियो में बराड़ ने दावा किया है कि निज्जर ऐसे लोगों को समर्थन और ताकत देता था, ताकि जरूरत पड़ने पर वह उनका इस्तेमाल कर सके। बराड़ के मुताबिक, इसी वजह से उसे और उसकी टीम को निज्जर की हत्या करनी पड़ी। बराड़ ने यह भी कहा कि हर किसी को अपने किए की कीमत चुकानी पड़ती है। आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या 18 जून 2023 को कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के सरे शहर में एक गुरुद्वारे के बाहर हुई थी। ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने कहा कि “जो लोग 16-17 साल के बच्चों को ड्रग्स बेचने के लिए तैयार करते और उन्हें इसके लिए उकसाते थे, जो लोग बच्चों को ड्रग्स बेचने और मुखबिरी करने के लिए ब्लैकमेल करते थे। निज्जर ऐसे लोगों का समर्थन करता था और उन्हें मजबूत बनाता था, ताकि जरूरत पड़ने पर वह उनका इस्तेमाल कर सके। इसी वजह से हमें, यानी मुझे और मेरी टीम को, निज्जर को मारना पड़ा। हर किसी को अपने किए का नतीजा भुगतना पड़ता है।”
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, रविवार देर रात करीब 10 बजे ऊधम सिंह नगर के बाजपुर के बिरहा फार्म क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान एक युवक के दाएं पैर में पिस्टल से गोली मार दी गई, जबकि दो अन्य लोग भी मारपीट में घायल हो गए। गोली लगने से घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार भौना कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय ऋषिपाल पुत्र भूरे, बिरहा फार्म निवासी 27 वर्षीय अजय सिंह पुत्र ओमप्रकाश सिंह और रेंहटा निवासी 23 वर्षीय वंश राठौर को मारने के लिए चार-पांच लोग कार से बिरहा फार्म पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वहां किसी बात को लेकर दूसरे पक्ष से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान पिस्टल से ऋषिपाल के दाएं पैर में गोली मार दी गई।
इधर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 13 सितंबर को देहरादून में महारैली आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेशभर से शिक्षक और कर्मचारी जुटेंगे। रैली की तैयारियों और आंदोलन को धार देने के लिए रविवार को यमुना कॉलोनी स्थित एकता भवन में पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (एनएमओपीएस) की देहरादून जिला इकाई की बैठक हुई। इसमें जिला कार्यकारिणी का विस्तार करने के साथ ही रायपुर विकासखंड की महिला विंग का गठन किया गया। जिला अध्यक्ष संतोष गड़ोही ने कहा कि नई पेंशन योजना शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए छलावा है। पुरानी पेंशन बहाल होने तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा।
उधर नैनीताल के दूरस्थ ओखलकांडा ब्लॉक के तल्ला ओखलकांडा में शराब के नशे में पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मजदूरी से लौटे भीम सिंह का पत्नी डिंकी देवी से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने मारपीट की। वारदाता का खुलासा तब हुआ जब बेटे ने पड़ोसियों को बताया कि मां सुबह से उठी नहीं है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। मृतका अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई है। पुलिस के अनुसार ओखलकांडा निवासी 36 वर्षीय भीम सिंह उर्फ मोनू 21 अगस्त की रात मजदूरी करने के बाद शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान उसकी 28 वर्षीय पत्नी डिंकी देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर भीम सिंह ने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट में डिंकी देवी गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई।