उत्तराखण्डः खेत में पानी को लेकर खूनी संघर्ष! हथौड़े के वार से युवक की मौत, गांव में तनाव! भारी पुलिस बल तैनात
देहरादून। देहरादून जनपद के सहसपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बैरागीवाला गांव में शनिवार शाम खेतों में पानी लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते पुलिस प्रशासन ने गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। जानकारी के अनुसार बैरागीवाला गांव में दो परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। शनिवार शाम खेतों में पानी लगाने के लिए कुलावे (ट्यूबवेल के पानी के बंटवारे) को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के कई लोग बेलचे और हथौड़े जैसे हथियार लेकर दूसरे पक्ष के घर पहुंच गए और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने विनोद नामक व्यक्ति पर हथौड़े से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच.बचाव करने आए अन्य परिजनों को भी बुरी तरह पीटा गया। घटना में विनोद समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए लेहमन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अशोक, सुषमा और राजेश कुमार का अस्पताल में उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद गांव में बढ़ा तनाव
घटना की सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। देखते ही देखते गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। देर रात तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी गांव में डेरा डाले रहे। एसपी देहात पंकज गैरोला ने बताया कि मारपीट की घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें से एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। एसपी क्राइम देहरादून जितेंद्र चौधरी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैरागीवाला गांव सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है और प्रारंभिक जांच में खेतों में पानी को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
विधायक मुन्ना सिंह चौहान पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान बैरागीवाला गांव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत रहने की अपील की तथा पुलिस अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद विधायक अस्पताल भी पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्व लंबे समय से चोरी और नशे के कारोबार में संलिप्त बताए जाते रहे हैं। उनके खिलाफ पहले भी शिकायतें मिलती रही हैं। मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि यदि ऐसे लोगों के खिलाफ पूर्व में शिकायतें दी गई थीं तो स्थानीय पुलिस ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी आपराधिक घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि पुलिस स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के पिता ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक विनोद के पिता ने घटना को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के समय कोई झगड़ा नहीं हुआ था, बल्कि एक दिन पहले पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने कैटरिंग कार्य से संबंधित 14 हजार रुपये देने थे, जो शनिवार को चुका दिए गए थे। मृतक के पिता का आरोप है कि इसके बावजूद लोगों को भड़काकर भीड़ एकत्र की गई और सुनियोजित तरीके से हमला किया गया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक परिवार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को तैयार नहीं है।
हिंदू संगठनों की सक्रियता से बढ़ी संवेदनशीलता
घटना की सूचना मिलते ही कई हिंदू संगठन भी बैरागीवाला पहुंच गए। इससे क्षेत्र की संवेदनशीलता और बढ़ गई। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।