Aug 22, 2026 Login

Good Morning India: जेलेंस्की के गढ़ में रूस का भीषण हमला,14 की मौत, जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में हेडमास्टर की हैवानियत,रुड़की में कांवड़ पटरी पर चार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत,तीन युवकों की मौत,रुद्रपुर में किसान आंदोलन का आज दूसरा दिन,लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें 

Good Morning India: Russia launches a massive attack on Zelenskyy's stronghold, leaving 14 dead; a headmaster commits a barbaric act in Kishtwar, Jammu & Kashmir; a head-on collision involving four m

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एकबार फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।

जेलेंस्की के गढ़ में रूस का भीषण हमला: क्रिवी रिह के शॉपिंग मॉल पर दागे शाहेद ड्रोन,14 की मौत,22 बच्चों समेत 120+ घायल। 

स्वीडन के स्कूल में तलवार से सिरफिरे का हमला: 3 लोग घायल, 2 किशोरों की हालत गंभीर,आरोपी गिरफ्तार। 

किश्तवाड़ में हेडमास्टर की हैवानियत: 14 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म के बाद जबरन कराया गर्भपात, हालत बिगड़ने से मौत,2 गिरफ्तार। 

दिल्ली: सर गंगा राम अस्पताल के हॉस्टल में 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस। 

महिला हॉकी विश्व कप: नीदरलैंड्स से 0-2 से हारी भारतीय टीम, सेमीफाइनल की राह हुई कठिन। 

जंतर-मंतर से हटने के बाद राजघाट पहुंचे प्रदर्शनकारी: दिल्ली पुलिस ने देर रात की कार्रवाई, कई हिरासत में। 

जेन-जी का अनोखा गुस्सा: कहीं निगम में लगाई 'पाठशाला', कहीं बस चलवाई तो कहीं 10% फीस घटवाई। 

जेएसएससी-जेपीएससी विवाद: 24 दिन के आंदोलन के बाद हाईकोर्ट की रोक, अब सुप्रीम कोर्ट पर टिकीं निगाहें। 

लुसाने डायमंड लीग: नीरज चोपड़ा ने दागा 88.05 मीटर का 'सीजन बेस्ट', महज 9 सेमी से खिसका खिताब। 

त्योहारों से पहले कड़वी हुई चीनी: 10 साल बाद आयात की नौबत, 65 रुपये किलो पहुंचे दाम,जमाखोरी पर सख्ती। 

उत्तराखंड में बिगड़ेगा मौसम: देहरादून समेत 9 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, नदी-नालों के उफान की चेतावनी। 

रुड़की में भीषण सड़क हादसा: कांवड़ पटरी पर चार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवकों की मौत, छह गंभीर। 

मसूरी में लड़कियों के लिए फ्री हॉकी ट्रेनिंग कैंप: रॉक ब्लू क्लब की अनूठी पहल, मुफ्त किट और ट्रायल का मिलेगा मौका। 

रुद्रपुर में किसान आंदोलन के दौरान हड़कंप: कलेक्ट्रेट कूच में युवक से 'पंपिंग गन' बरामद, पुलिस ने लिया हिरासत में। 

दून मेडिकल कॉलेज में फिर रैगिंग का आरोप, ‘गिलास से पानी पीने’ पर जूनियर डॉक्टर को धमकाया। 

हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ-यूक्रेन। यूक्रेन में रूस के ड्रोन हमले ने एक बार फिर नागरिक इलाकों में तबाही मचा दी है। शुक्रवार को मध्य यूक्रेन के क्रिवी रिह शहर में रूसी ड्रोन ने एक बड़े शॉपिंग मॉल को निशाना बनाया। हमले में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 121 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 22 बच्चे भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक 29 घायलों की हालत गंभीर है, जिनमें पांच बच्चे हैं। राहत और बचाव अभियान जारी रहने के कारण मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है। क्रिवी रिह रक्षा परिषद के प्रमुख ओलेक्सांद्र विकुल के अनुसार शॉपिंग मॉल पर कई बार ड्रोन से हमला किया गया। उन्होंने बताया कि जेट इंजन से लैस शाहेद ड्रोन बेहद कम ऊंचाई पर उड़ते हुए शहर में पहुंचे। क्षेत्रीय अधिकारियों के मुताबिक रूसी सेना ने क्रिवी रिह के चार जिलों में करीब 60 बार ड्रोन, तोपों और एक हवाई बम का इस्तेमाल किया। हमले के बाद हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शुरुआती जानकारी में दो लोगों की मौत और 15 लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी। इसके बाद घायलों की संख्या तेजी से बढ़कर 50, फिर 91 और 96 तक पहुंची। शाम तक अधिकारियों ने 14 मौतों और 121 घायलों की पुष्टि कर दी। हमले में कई इमारतों और नागरिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा। घटनास्थल से घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

फागेरस्ता। स्वीडन के मध्य हिस्से के फागेरस्ता शहर में शुक्रवार को एक स्कूल में तलवार से हुए हमले से हड़कंप मच गया। ब्रिनेल स्कूल में हुई वारदात में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें दो किशोरों की हालत गंभीर बताई गई है। एक अन्य घायल को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, हमले के पीछे की वजह और संदिग्ध की मंशा अभी स्पष्ट नहीं हुई है। घटना के समय स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं और वहां करीब 400 से 500 विद्यार्थी मौजूद थे। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्कूल तथा आसपास के इलाके को सुरक्षित किया। जांच के तहत पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हमले के बाद आसपास के कई स्कूलों को भी बंद कर दिया गया और इलाके में आवाजाही नियंत्रित की गई। प्रशासन ने स्कूल के पास एक खेल परिसर में संकट केंद्र बनाया, जहां प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस के साथ दमकल और स्वास्थ्यकर्मी भी मौके पर जुटे रहे। स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टेरसन ने घटना को गंभीर और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि स्कूलों के दोबारा खुलने के तुरंत बाद ऐसी घटना बेहद परेशान करने वाली है। पुलिस गिरफ्तार संदिग्ध से पूछताछ कर हमले की वजह और पूरी घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद भी सत्रावसान की औपचारिक घोषणा न होने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। करीब साढ़े चार दशक का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सत्र समाप्ति के 8 दिन बाद भी सत्रावसान की अधिसूचना जारी नहीं की गई है। माना जा रहा है कि सरकार परिसीमन से जुड़े बेहद अहम संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए सत्र विस्तार या विशेष सत्र की पृष्ठभूमि तैयार कर रही है। रणनीति के तहत गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक में दक्षिण भारत के राज्यों की सरकारों के साथ संवाद कर नब्ज टटोली। परिसीमन को लेकर दक्षिणी राज्यों की अपनी चिंताएं हैं, जिसे साधने का प्रयास किया जा रहा है। सत्रावसान न होने का अर्थ है कि मानसून सत्र तकनीकी रूप से अब भी जीवित है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, संविधान संशोधन विधेयक के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत की समस्या नहीं है। हालांकि, चूंकि यह संविधान संशोधन है, इसलिए इसे हंगामे के बीच पेश नहीं किया जा सकता। सरकार कांग्रेस के अलावा अन्य विपक्षी दलों के एक बड़े हिस्से को भी इस पर सहमत करने की कोशिश में जुटी है, ताकि इसे सुचारू रूप से पास कराया जा सके।

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छात्रू क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पांचवीं कक्षा की 14 वर्षीय मासूम छात्रा के साथ लगातार दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और समय पर सही इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सरकारी मिडिल स्कूल के हेडमास्टर खालिद हुसैन और साक्ष्य छिपाने में मदद करने वाले उसके भाई तारिक हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन ने आरोपी हेडमास्टर को सेवा से तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। परिजनों के अनुसार, आरोपी ने छात्रा का कई बार यौन शोषण किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। मामले को दबाने के लिए परिजनों को पैसों का लालच दिया गया और एक दाई के जरिए पीड़िता को गर्भपात की दवा खिलाई गई। दवा के असर से नवजात मृत पैदा हुआ और छात्रा की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। गंभीर स्थिति में जब निजी डॉक्टर ने हाथ खड़े कर दिए, तो परिजन उसे जीएमसी जम्मू ले जा रहे थे, लेकिन बटोत के पास उसने दम तोड़ दिया। घटना की खबर फैलते ही किश्तवाड़, छात्रू और मुगल मैदान में भारी जनआक्रोश फूट पड़ा। विरोध स्वरूप बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। प्रदर्शनकारियों व सामाजिक संगठनों ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। बढ़ते तनाव को देखते हुए पूरे जिले में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।

नई दिल्ली। नई दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में सर गंगा राम अस्पताल के हॉस्टल में 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की मौत से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार छात्रा हॉस्टल के कमरे में मृत मिली। शुरुआती जांच में उसके फंदे से लटके होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका दिल्ली के नजफगढ़ इलाके की रहने वाली थी और सर गंगा राम अस्पताल से जुड़े संस्थान में बीएससी नर्सिंग के तीसरे वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। अस्पताल की ओर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने हॉस्टल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस छात्रा के कमरे और आसपास के क्षेत्र की जांच करने के साथ ही घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल छात्रा के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले छात्रा किन परिस्थितियों से गुजर रही थी। अधिकारियों के अनुसार मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

नीदरलैंड्स। एम्स्टलवीन में खेले गए महिला हॉकी विश्व कप के दूसरे दौर के मुकाबले में भारतीय टीम को गत ओलंपिक और विश्व चैंपियन नीदरलैंड्स के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद भारतीय टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। अब भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाला अगला मुकाबला करो या मरो जैसा होगा। मेजबान नीदरलैंड्स ने मैच की शुरुआत से ही भारत पर दबाव बनाया। यिब्बी जानसेन ने दूसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर नीदरलैंड्स को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन मजबूत डिफेंस के सामने उन्हें सफलता नहीं मिली। तीसरे क्वार्टर में फ्रेडरिके मातला ने 38वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर नीदरलैंड्स की बढ़त 2-0 कर दी। भारतीय टीम ने आखिरी तक वापसी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन गोल नहीं कर सकी। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया और चीन का मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा। इससे सेमीफाइनल की दौड़ और रोमांचक हो गई है। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ के बाद दूसरे दौर में जगह बनाई थी। अब रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत भारत के लिए बेहद जरूरी होगी। इस मुकाबले का नतीजा तय करेगा कि टीम इंडिया सेमीफाइनल की दौड़ में बनी रहती है या उसका विश्व कप अभियान यहीं थम जाता है।

नई दिल्ली। नई दिल्ली में आरक्षण व्यवस्था के विरोध में शुक्रवार को जुटे प्रदर्शनकारियों को देर रात पुलिस ने जंतर-मंतर से हटा दिया। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों से जगह खाली करने की अपील की। इसके बाद पुलिस और आरएएफ ने कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए जंतर-मंतर पर तनाव की स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारी जातिगत आरक्षण व्यवस्था में बदलाव और आरक्षण को आर्थिक आधार पर लागू करने की मांग कर रहे थे। उनके हाथों में पोस्टर और बैनर थे। प्रदर्शनकारियों ने ‘आरक्षण गरीब को मिले, जाति को नहीं’ और आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने जैसे नारे लगाए। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान में शांतिपूर्ण कार्यक्रम की एनओसी जारी की गई थी। इसमें अधिकतम 500 लोगों के शामिल होने और शाम चार बजे तक प्रदर्शन की अनुमति थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर के बजाय रामलीला मैदान जाने को कहा, लेकिन प्रदर्शनकारियों का एक वर्ग वहां से हटने को तैयार नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि वे शांतिपूर्वक बैठे थे और हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें हटाना शुरू किया। आयोजक हर्ष दुबे ने कार्रवाई के बाद प्रदर्शनकारियों से राजघाट पहुंचने की अपील की। इसके बाद कई लोग पोस्टर-बैनर लेकर पैदल राजघाट की ओर रवाना हुए। आयोजकों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

दिल्ली। युवाओं का गुस्सा अब सिर्फ परीक्षा और पेपर लीक तक सीमित नहीं रहा। रोजमर्रा की अव्यवस्थाओं के खिलाफ भी छात्र मुखर होकर आवाज उठा रहे हैं। यमुनानगर से रुड़की और शिमला तक छात्रों के आंदोलन का असर देखने को मिला। कहीं सड़क पर प्रदर्शन के बाद बस मिली तो कहीं जलभराव के विरोध में बच्चों ने नगर निगम में ही पाठशाला लगा दी। वहीं, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने छात्र आंदोलन के बाद फीस में 10 फीसदी तक की कटौती का फैसला किया। यमुनानगर में बसों की कमी और अनियमित संचालन से परेशान छात्राओं ने शुक्रवार सुबह गुलाब नगर-साढौरा मार्ग पर पाबनी अड्डे के पास सड़क जाम कर दी। छात्राओं ने मानव शृंखला बनाकर यातायात रोक दिया। रोडवेज अधिकारियों ने शनिवार से अतिरिक्त बस चलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोला गया। छात्राओं के मुताबिक इस मार्ग से 15-20 गांव जुड़े हैं और पर्याप्त बसें नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी होती है। रुड़की के कृष्णानगर में जलभराव से परेशान स्काइवार्ड स्कूल के छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अभिभावक तीन बसों में सवार होकर नगर निगम पहुंच गए। यहां नगर आयुक्त के कक्ष में ब्लैकबोर्ड लगाकर बच्चों ने कक्षा शुरू कर दी। दबाव बढ़ने पर निगम ने क्षेत्र में टैंकर भेजकर पानी निकालने की कार्रवाई शुरू की। उधर, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने फीस वृद्धि के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों को राहत दी है। सामान्य फीस में 10 फीसदी कटौती के साथ पुनर्मूल्यांकन और सुधार शुल्क भी घटाए गए हैं। छात्रावास शुल्क में की गई 25 फीसदी वृद्धि भी वापस लेने का निर्णय हुआ है।

रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर शुरू हुआ छात्रों का 24 दिनों का आंदोलन अब कानूनी लड़ाई में बदल चुका है। मोरहाबादी के बापू वाटिका से शुरू हुए इस उग्र आंदोलन के दबाव में आकर हेमंत सोरेन सरकार ने 18 अगस्त को 2014 के बाद की 22 भर्ती परीक्षाओं को रद्द करने, 6 को स्थगित करने और 17 की सीआईडी जांच के आदेश दिए थे। सरकार के इस फैसले से 2,700 से अधिक चयनित अभ्यर्थियों के सामने नौकरी का संकट खड़ा हो गया। चयनित छात्रों ने मेरिट का हवाला देते हुए फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी। शुक्रवार को हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति दीपक रोशन की पीठ ने जेएसएससी-सीजीएल, सीडीपीओ और जेपीएससी की नियुक्तियां रद्द करने के सरकारी आदेश पर रोक लगा दी, जिससे अभ्यर्थियों को बड़ी अंतरिम राहत मिली है। हाईकोर्ट से रोक के बाद यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है, जहां सोमवार को सुनवाई होनी है। उधर, विपक्ष (बाबूलाल मरांडी व चंपई सोरेन) ने छात्रों पर हुए बल प्रयोग की निंदा करते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हस्तक्षेप के बाद भी विवाद थमा नहीं है। अब सबकी नजरें शीर्ष अदालत के रुख पर टिकी हैं।

लुसाने। भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने लुसाने डायमंड लीग में शानदार वापसी करते हुए 88.05 मीटर का सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। हालांकि, वह बेहद कड़े मुकाबले में खिताब जीतने से महज 9 सेंटीमीटर से चूक गए और उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। श्रीलंका के रुमेश पथिरागे ने 88.14 मीटर का थ्रो कर पहला स्थान और खिताब अपने नाम किया। 28 वर्षीय नीरज ने अपने दूसरे प्रयास में 88.05 मीटर की दूरी तय की, जो इस सत्र में उनका अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। यह पिछले साल जून में पेरिस डायमंड लीग (88.16 मीटर) के बाद उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो भी रहा। नौ दिग्गजों के इस फाइनल में नीरज लंबे समय तक बढ़त बनाए हुए थे। 23 वर्षीय श्रीलंकाई एथलीट रुमेश पथिरागे ने अपने तीसरे प्रयास में 88.14 मीटर का थ्रो फेंककर नीरज को पीछे छोड़ दिया और शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने अपने आखिरी प्रयास में 86.69 मीटर का थ्रो कर तीसरा स्थान हासिल किया। मामूली अंतर से पिछड़ने के बावजूद नीरज का यह प्रदर्शन आगामी प्रतियोगिताओं के लिए बेहद उत्साहजनक है।

नई दिल्ली। त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले चीनी की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। करीब दो सप्ताह पहले तक 45 रुपये किलो के आसपास बिक रही चीनी अब कई जगह 65 रुपये किलो तक पहुंच गई है। यानी खुदरा कीमत में 15 से 20 रुपये प्रति किलो तक का उछाल आया है। इसका सीधा असर मिठाइयों की कीमतों पर पड़ने की आशंका है। चीनी की कीमत बढ़ने के पीछे उत्पादन में कमी और घटता भंडार प्रमुख वजह माने जा रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक 2022-23 में देश में 328 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था, जो 2023-24 में 320 लाख टन रहा। 2024-25 में उत्पादन घटकर 261 लाख टन रह गया। 2025-26 में करीब 293 लाख टन उत्पादन का अनुमान है, जबकि देश की सालाना खपत लगभग 280 लाख टन है। महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में मौसम की मार और गन्ने की बीमारियों से पैदावार प्रभावित हुई। वहीं करीब 25 लाख टन गन्ने का इस्तेमाल एथेनॉल उत्पादन में भी हुआ। हालांकि सरकार का कहना है कि एथेनॉल ही कीमत बढ़ने की अकेली वजह नहीं है। घटते स्टॉक ने भी दबाव बढ़ाया है। अक्टूबर 2025 में ओपनिंग स्टॉक करीब 50 लाख टन था, जो इस बार 30-40 लाख टन रहने का अनुमान है। स्थिति संभालने के लिए केंद्र ने डीलरों पर 400 टन की स्टॉक सीमा लागू की है और 31 अक्टूबर तक 10 लाख टन ड्यूटी फ्री चीनी आयात की अनुमति दी है। करीब एक दशक बाद भारत को चीनी आयात की जरूरत पड़ी है। सरकार का दावा है कि इन कदमों से त्योहारों के दौरान कीमतों पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी।

आइए अब नज़र डालते हैं उत्तराखंड की ख़बरों पर-देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के नौ जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज देहरादून, टिहरी, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली और पौड़ी में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। बारिश के साथ अन्य जिलों में भी गरज-चमक और आकाशीय बिजली के साथ तेज वर्षा के दौर की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार या तेज बारिश की स्थिति में पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। इससे सड़कें बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वहीं नदी-नालों और बरसाती गदेरों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में नदियों और जलधाराओं के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन और संबंधित विभागों को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। लोगों से अपील की गई है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें और पर्वतीय क्षेत्रों में आवाजाही करते समय विशेष सावधानी बरतें। बारिश के दौरान स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

रुड़की। कलियर रोड स्थित कांवड़ पटरी पर शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे चार बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही कलियर कोतवाली और सिविल लाइंस पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान अयान (18), निवासी बिजौली, राजू (24), निवासी रहमतपुर और राजीव (22), निवासी रहमतपुर के रूप में हुई है। घायलों में आदित्य (25), निवासी खंजर रोड और साहबान, निवासी बिजौली समेत छह युवक शामिल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज गति या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

मसूरी। खेलों में बेटियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए मसूरी में निशुल्क हॉकी प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। रॉक ब्लू क्लब की ओर से क्लब के संस्थापक अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय रोलर हॉकी रेफरी स्वर्गीय नंद किशोर बंबू की स्मृति में यह शिविर 24 अगस्त से लाइब्रेरी बाजार स्थित लॉर्ड लक्ष्मीनारायण फाउंडेशन स्कूल के मैदान में शुरू होगा। क्लब प्रतिनिधि अथर्व सोनकर ने बताया कि शिविर में मसूरी की लड़कियों को हॉकी का बेसिक से लेकर एडवांस स्तर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। पहली बार हॉकी खेलने वाली खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। खास बात यह है कि जिन खिलाड़ियों के पास हॉकी किट नहीं है, उन्हें प्रशिक्षण के लिए किट उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण के साथ खिलाड़ियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में निशुल्क प्रतिभाग करने का अवसर भी मिलेगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को जिला स्तर के ट्रायल में हिस्सा लेने का मौका दिलाया जाएगा। इससे प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है। शिविर सोमवार से शनिवार तक दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक चलेगा। रविवार और अवकाश के दिनों में प्रशिक्षण सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। आयोजकों ने मसूरी की अधिक से अधिक लड़कियों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय में किसान संगठनों के आंदोलन के दौरान कलेक्ट्रेट कूच के समय कथित पंपिंग गन मिलने से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। प्रदर्शन में शामिल एक युवक के पास हथियार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कथित पंपिंग गन कब्जे में ले ली। अब पुलिस युवक से पूछताछ करने के साथ हथियार की वैधता और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर रुद्रपुर में आंदोलन चल रहा है। कलेक्ट्रेट कूच के दौरान पुलिस को एक प्रदर्शनकारी के पास हथियार होने की जानकारी मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया और हथियार अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पंपिंग गन युवक के पास कहां से आई और वह इसे लेकर आंदोलन स्थल तक क्यों पहुंचा। साथ ही हथियार उसके नाम पर है या नहीं और उसे रखने के लिए वैध लाइसेंस अथवा अन्य दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। सीओ दौलत राम वर्मा ने बताया कि हथियार से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद आंदोलन स्थल और कलेक्ट्रेट कूच के दौरान पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में एक बार फिर रैगिंग का मामला सामने आया है। इस बार एमबीबीएस छात्रों के बजाय पीजी प्रथम वर्ष के एक जूनियर डॉक्टर ने सीनियर डॉक्टरों पर रैगिंग, दुर्व्यवहार और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित डॉक्टर ने राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। कॉलेज प्रबंधन ने मामले की जांच एंटी रैगिंग कमेटी को सौंप दी है। शिकायत के अनुसार घटना 19 अगस्त की है। एनाटॉमी विभाग के डिसेक्शन हॉल में ड्यूटी के दौरान जूनियर डॉक्टर ने कथित तौर पर एक गिलास से पानी पी लिया। पीड़ित का कहना है कि यह कॉमन गिलास था, जिसका इस्तेमाल सभी करते हैं। आरोप है कि इस बात पर सीनियर डॉक्टर नाराज हो गए और उसे प्रताड़ित करने के साथ धमकी दी गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उसके खिलाफ विभागाध्यक्ष से शिकायत की गई। कुछ दिन बाद एमबीबीएस छात्रों की कक्षा के दौरान करीब 150 जूनियर छात्रों के सामने भी उसके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की गई। पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने मां की सहमति से एनएमसी में शिकायत की। प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने बताया कि शिकायत मिलते ही एंटी रैगिंग कमेटी को जांच सौंप दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज रैगिंग के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है।

--- समाप्त ---

दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।