Aug 20, 2026 Login

ऊधम सिंह नगरः काशीपुर में छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी! रोड किनारे मिला शव, मां ने युवक पर लगाया हत्या का आरोप

Udham Singh Nagar: Suspicious death of a female student in Kashipur sparks a sensation! Body found by the roadside; mother accuses a young man of murder.

काशीपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के काशीपुर कोतवाली क्षेत्र में रामनगर रोड पर सड़क किनारे 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मृतका की पहचान 18 वर्षीय कांति पुत्री गुच्ची झा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की मां बिंदुल देवी ने बताया कि उनका परिवार मूलरूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है और पिछले करीब 22 वर्षों से काशीपुर के आईटीआई कोतवाली क्षेत्र स्थित श्यामपुरम के पास डिफेंस कॉलोनी में रह रहा है। परिवार में दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी शांति देहरादून में एक कंपनी में नौकरी करती है, जबकि छोटी बेटी कांति ने इसी वर्ष काशीपुर के पंडित गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। मां के मुताबिक, करीब छह महीने पहले कांति रामनगर रोड स्थित रम्पुरा निवासी जॉनी के संपर्क में आई थी। आरोप है कि जॉनी ने कांति को मॉडलिंग कराने का झांसा देकर अपने संपर्क में लिया था। इसके बाद जॉनी को लेकर घर में कांति का आए दिन विवाद होता था। मां ने बताया कि जॉनी उनकी बेटी से कहता था कि उसके घरवाले उसके लिए अच्छा नहीं सोचते और वह उसे मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे ले जाएगा। अब उसने उसकी हत्या की है। काशीपुर के एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि सुबह एक राहगीर के द्वारा सड़क किनारे एक युवती का शव पड़े होने की सूचना मिली सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर पड़े शव की जांच पड़ताल की गई। प्रथमदृष्टया युवती की हत्या की गई है और इस संबंध में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा जो आरोप लगाए गए हैं उनपर भी जांच शुरू कर दी गई है।