नैनीताल: मॉल रोड स्थित सीतापुर हॉस्पिटल के पास बने रैंप पर पुनीत टंडन ने उठाए सवाल, बोले- जरूरत नहीं तो सरकारी धन क्यों खर्च करें?
नैनीताल। लोअर मॉल रोड क्षेत्र में सड़क व्यवस्था और निर्माण कार्यों को लेकर चल रही बहस के बीच अब सीतापुर हॉस्पिटल के पास बनाए गए रैंप को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। माँ नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने मौके का वीडियो साझा करते हुए रैंप के निर्माण को अव्यवहारिक और बिना समुचित योजना के बनाया गया निर्माण बताया है।
पुनीत टंडन का कहना है कि सीतापुर हॉस्पिटल के पास बनाया गया यह रैंप जरूरत के हिसाब से उपयुक्त नहीं है। उनके मुताबिक सड़क पर कुछ दूरी आगे ही ट्रैफिक का मौजूदा रास्ता समाप्त होकर मुख्य मार्ग में मिल जाता है, ऐसे में इस स्थान पर रैंप बनाने की आवश्यकता समझ से परे है।
उन्होंने कहा कि यह रैंप पहले से मौजूद व्यवस्था के बाद बनाए गए एक तरह के ‘आफ्टर थॉट’ जैसा नजर आता है। उनका सवाल है कि यदि इसकी आवश्यकता ही नहीं थी तो इसके निर्माण पर सरकारी धन खर्च करने का औचित्य क्या था।
टंडन ने कहा कि अब यदि रैंप में पाइप डालकर उसे उपयोगी बनाने की बात की जा रही है तो यह भी अतिरिक्त सरकारी खर्च का कारण बनेगा। उन्होंने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले से बने ऐसे निर्माण पर दोबारा लाखों रुपये खर्च करने के बजाय यदि वह वास्तव में अनावश्यक है तो उसे हटाने पर विचार किया जाना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से मौके का दोबारा निरीक्षण कर पूरे मामले का तकनीकी और व्यावहारिक आकलन कराने की मांग की है। टंडन ने कहा कि सड़क खुलने वाली है और धार्मिक आयोजन के दौरान भी इसी मार्ग से डोला निकलता है, ऐसे में यातायात और आवागमन की दृष्टि से भी इस रैंप की उपयोगिता पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
पुनीत टंडन ने नैनीताल के मंडलायुक्त और जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करते हुए रैंप की आवश्यकता, डिजाइन और निर्माण पर खर्च हुई धनराशि की समीक्षा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह निर्माण अनावश्यक पाया जाता है तो इसे हटाया जाना चाहिए, ताकि आगे इस पर अतिरिक्त सरकारी धन खर्च न हो।
उन्होंने प्रशासन से यह भी अनुरोध किया कि सीतापुर हॉस्पिटल की बिल्डिंग और उससे जुड़ी निर्माण व्यवस्था का भी मौके पर निरीक्षण किया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वर्तमान व्यवस्था आम लोगों और यातायात के लिहाज से कितनी उपयोगी है।