उत्तराखण्डः रुद्रप्रयाग के होटल में मिला महिला का शव! साथ में आए हरियाणा के दो युवक हुए फरार, हत्या की आशंका

Uttarakhand: A woman's body was found in a hotel in Rudraprayag. Two young men from Haryana who accompanied her have fled, suspicion of murder.

रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड के रुद्रप्रयाग से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां शनिवार देर शाम जिला मुख्यालय स्थित होटल में महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। इस घटना से होटल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार शनिवार को रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय के एक होटल के कमरे में महिला का शव मिलने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि महिला होटल में दो अन्य लोगों के साथ आई थी। घटना सामने आने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से महिला के साथ आए दोनों लोग फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। 
खबरों के मुताबिक हरियाणा के दो युवक एक महिला के साथ शहर के एक होटल में शुक्रवार शाम को कमरा लेकर ठहरे थे। शनिवार सुबह दोनों युवक कमरे की चाबी लेकर होटल से यह कहकर बाहर गए कि वह कुछ देर में लौट आएंगे, लेकिन देर शाम तक नहीं लौटे। देर शाम तक कमरे में कोई हलचल न होने पर होटल स्वामी को संदेह हुआ। उन्होंने खिड़की से कमरे के भीतर झांककर देखा तो महिला कमरे के अंदर संदिग्ध अवस्था में गिरी हुई दिखाई दी। इसके बाद होटल स्वामी ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस दरवाजा खोलकर अंदर गई तो महिला अचेत अवस्था में पड़ी मिली। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की जीभ बाहर निकली हुई थी, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है और हत्या की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।