उत्तराखण्डः ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 24.70 लाख की ठगी! एसटीएफ ने ऊधम सिंह नगर के गदरपुर से पकड़ा आरोपी
रुद्रपुर। देशभर में बढ़ते साइबर अपराध के बीच उत्तराखंड एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को उधम सिंह नगर से गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ की साइबर थाना कुमाऊं परिक्षेत्र, रुद्रपुर टीम ने उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 24 लाख 70 हजार रुपये की ठगी का आरोप है। जांच में सामने आया कि पीड़ितों को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाए जाते थे। एक नकली एप्लीकेशन के जरिए निवेश की रकम पर भारी मुनाफा दिखाकर लोगों को भरोसे में लिया जाता था। रकम अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर आगे अन्य खातों में भेज दी जाती थी। गिरफ्तार आरोपी मलकीत सिंह पुत्र बचन सिंह, निवासी गदरपुर के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, डेबिट कार्ड, आधार-पैन कार्ड और कई बैंकों की चेकबुक बरामद हुई हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि संबंधित खातों में कुछ ही महीनों में करोड़ों रुपये का लेन-देन हुआ। एसटीएफ अब गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।