सरोवर नगरी नैनीताल फिर बनी विदेशियों की पसंदः 2025 में रिकॉर्ड 22 हजार से ज्यादा विदेशी सैलानी पहुंचे! झीलों-पहाड़ों और कैंची धाम की लोकप्रियता ने बढ़ाया आकर्षण, पढ़ें आवाज की खास रिपोर्ट

The lake city of Nainital has once again become a favorite of foreigners: a record 22,000 foreign tourists arrived in 2025! The popularity of the lakes, mountains, and Kainchi Dham has increased the

सुनील बोरा

नैनीताल। उत्तराखंड के खूबसूरत पर्यटन स्थल नैनीताल से पर्यटन कारोबार के लिए अच्छी खबर सामने आई है। पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस साल नैनीताल जिले में विदेशी पर्यटकों की संख्या में बड़ा इजाफा देखने को मिला है। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025 में विदेशी सैलानियों की संख्या पिछले वर्षों के मुकाबले लगभग दोगुनी दर्ज की गई है। यूं तो कुदरत की बेमिसाल नेमत से नवाजा गया नैनीताल अपनी खूबसूरत झीलों, पहाड़ों और शांत वादियों के लिए दुनिया भर में मशहूर है। यहां मौजूद छोटी-बड़ी झीलें, हरियाली से घिरी पहाड़ियां और सुहावना मौसम पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। यही वजह है कि देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां सुकून के कुछ पल बिताने पहुंचते हैं। नैनीझील में बोटिंग का आनंद लेना हो या मॉल रोड पर टहलते हुए पहाड़ों की ठंडी हवा का एहसास करना। नैनीताल हर पर्यटक को खास अनुभव देता है। हर साल लाखों देशी और विदेशी पर्यटक यहां पहुंचते हैं, हालांकि कुछ साल पहले तक यह चर्चा थी कि विदेशी पर्यटकों का रुझान नैनीताल से कम हो रहा है। लेकिन पर्यटन विभाग के ताजा आंकड़े इस धारणा को बदलते नजर आ रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में जिले में विदेशी पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है और वर्ष 2025 में तो यह आंकड़ा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।

हालांकि अब विदेशी पर्यटक केवल नैनीताल शहर तक सीमित नहीं हैं। वे आसपास के शांत और प्राकृतिक क्षेत्रों जैसे मुक्तेश्वर, पंगोट और रामनगर की ओर ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं। वहीं कैंची धाम की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती लोकप्रियता भी विदेशी सैलानियों को यहां खींच रही है। कई विदेशी पर्यटकों का कहना है कि उन्हें यहां की शांत वातावरण, स्थानीय संस्कृति और जैविक खेती के बारे में जानने में खास दिलचस्पी है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि पहले मॉल रोड पर विदेशी पर्यटकों के बड़े-बड़े ग्रुप देखने को मिलते थे, लेकिन अव्यवस्थाओं के कारण अब वे शहर की बजाय आसपास के शांत इलाकों में जाना ज्यादा पसंद करते हैं। उनका मानना है कि अगर शहर में व्यवस्थाएं बेहतर हों, पुलिस प्रबंधन मजबूत हो और विदेशों में यहां की संस्कृति और ऑर्गेनिक फार्मिंग का बेहतर प्रचार किया जाए तो विदेशी पर्यटकों की संख्या और बढ़ सकती है। जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी के मुताबिक कोविड के दौरान वर्ष 2021 में नैनीताल जिले में केवल 633 विदेशी पर्यटक पहुंचे थे। लेकिन उसके बाद से लगातार यह संख्या बढ़ती रही और वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 22 हजार 237 तक पहुंच गया, जो पिछले एक दशक में सबसे ज्यादा है। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले समय में नैनीताल एक बार फिर विदेशी पर्यटकों की पसंदीदा पर्यटन स्थली के रूप में अपनी पहचान मजबूत करेगा।

नैनीताल पर्यटन विभाग के आंकड़े

वर्ष 2016- 7231 विदेशी पर्यटक पहुंचे
वर्ष 2017- 8329 विदेशी पर्यटक पहुंचे

वर्ष 2018- 9341 विदेशी पर्यटक पहुंचे
वर्ष 2019- 9571 विदेशी पर्यटक पहुंचे

वर्ष 2020- 2768 विदेशी पर्यटक पहुंचे
वर्ष 2021- 633 विदेशी पर्यटक पहुंचे

वर्ष 2022- 4020 विदेशी पर्यटक पहुंचे
वर्ष 2023- 7971 विदेशी पर्यटक पहुंचे

वर्ष 2024- 9537 विदेशी पर्यटक पहुंचे
वर्ष 2025- 22237 विदेशी पर्यटक पहुंचे