स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के धंधे का भंडाफोड़! दिल्ली-नेपाल की 6 युवतियां रेस्क्यू, 4 गिरफ्तार
हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त और बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे जिस्मफरोशी के काले धंधे का पर्दाफाश किया है। तिकोनिया स्थित एक नामी स्पा सेंटर पर अचानक हुई इस छापेमारी से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से स्पा की महिला मैनेजर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि स्पा का मुख्य मालिक और संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने मौके से दिल्ली, उत्तर प्रदेश और नेपाल की रहने वाली 6 युवतियों को इस नरक से सकुशल रेस्क्यू किया है।
पुलिस प्रशासन को पिछले काफी समय से तिकोनिया क्षेत्र के इस स्पा सेंटर में थेरेपी के नाम पर अनैतिक और अवैध गतिविधियां संचालित होने की गुप्त शिकायतें मिल रही थीं। पुख्ता सूचना के आधार पर जब एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पा सेंटर पर अचानक धावा बोला, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। स्पा के अलग-अलग केबिन और कमरों में युवक-युवतियां बेहद आपत्तिजनक स्थिति में मिले। रेस्क्यू की गई पीड़ित युवतियों ने पूछताछ में पुलिस के सामने जो खुलासे किए, वे बेहद चौंकाने वाले थे। युवतियों ने रोते हुए बताया कि उन्हें स्पा में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का लालच देकर बुलाया गया था। लेकिन यहां आने के बाद स्पा संचालक, मैनेजर और वहां के स्टाफ ने उन पर दबाव बनाना शुरू किया और डरा-धमकाकर जबरन इस गंदे धंधे के दलदल में धकेल दिया। मामले की जानकारी देते हुए सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि स्पा सेंटर में अनैतिक देह व्यापार की पुष्टि होने के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है। मौके से कुल 6 महिलाओं को मुक्त कराया गया है, जिनकी उचित काउंसलिंग कराने के बाद उन्हें सुरक्षित नारी निकेतन/आश्रय स्थल भेज दिया गया है। पकड़े गए चारों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि स्पा सेंटर का मुख्य संचालक इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड है, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही वह सलाखों के पीछे होगा। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस रैकेट के तार और कहां-कहां से जुड़े हैं।