कोटद्वार में सियासी हलचल तेज, सांसद चंद्रशेखर के पहुंचने की खबर पर पुलिस अलर्ट,मोहम्मद दीपक को लेकर मचा घमासान

Political activity intensifies in Kotdwar; police on high alert following reports of MP Chandrashekhar's arrival; controversy erupts over Mohammad Deepak.

कोटद्वार। उत्तराखंड के कोटद्वार में सांसद चंद्रशेखर समेत अन्य राजनीतिक नेताओं के पहुंचने की सूचना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। संभावित तनाव को देखते हुए पौड़ी पुलिस ने कोटद्वार की सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। यूपी से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है और कई वाहनों को वापस लौटाया जा रहा है। स्वयं एसएसपी पौड़ी मौके पर डेरा डालकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं और पुलिस अधिकारियों को लगातार ब्रीफ कर रहे हैं। शहर में पैदल मार्च के साथ-साथ सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।

दरअसल, कोटद्वार में दीपक कुमार द्वारा खुद को मोहम्मद दीपक बताए जाने के बाद शुरू हुए विवाद ने अब सियासी रंग ले लिया है। इस मामले को लेकर मुस्लिम समाज के लोग और उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के विपक्षी दल दीपक के समर्थन में सामने आए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित कई नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए ट्वीट्स से माहौल और गरमा गया है। इसके बाद विभिन्न राजनीतिक संगठनों के कोटद्वार पहुंचने की चर्चाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।विवाद के बाद कोटद्वार कोतवाली में अब तक तीन मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। पहला मुकदमा दुकानदार वकील अहमद की ओर से बजरंग दल के अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है। दूसरा मुकदमा बजरंग दल कार्यकर्ता कमलपाल की शिकायत पर दीपक उर्फ अक्की (मोहम्मद दीपक) और कांग्रेस नेता विजय रावत समेत अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ है। वहीं तीसरा मुकदमा बाजार चौकी प्रभारी विनोद कुमार की ओर से देहरादून और हरिद्वार से आकर हंगामा करने वाले बजरंग दल कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराया गया है। पुलिस को आशंका है कि यदि बजरंग दल की तर्ज पर दीपक के समर्थन में भी बड़ी संख्या में लोग कोटद्वार पहुंचे तो कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन हर स्तर पर सतर्कता बरत रहा है और स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।