होली पर रहें सावधानः कैमिकल रंगों से त्वचा और आंखों को नुकसान का खतरा! डॉक्टरों ने दी हर्बल रंग अपनाने की सलाह
नैनीताल। नैनीताल में रंगों के पर्व होली को लेकर जहां बाजार सज चुके हैं और बच्चे से लेकर युवा व बुजुर्ग तक उत्साह में नजर आ रहे हैं, वहीं स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। रंगों की मस्ती के बीच कैमिकल युक्त रंग कई बार गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं खड़ी कर सकते हैं। बीडी पाण्डे अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एमएस दुग्ताल ने बताया कि बाजार में मिलने वाले कई रंगों में हानिकारक रसायन मिलाए जाते हैं, जो त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इन रंगों के संपर्क में आने से त्वचा पर जलन, खुजली, लाल चकत्ते और एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। संवेदनशील त्वचा वाले लोगों में यह असर और अधिक गंभीर हो सकता है। डॉक्टरों ने यह भी चेतावनी दी है कि होली के रंग आंखों के लिए विशेष रूप से खतरनाक हो सकते हैं। आंखों में जलन, सूजन और संक्रमण की शिकायतें आमतौर पर सामने आती हैं। ऐसे में आंखों में रंग जाने पर तुरंत साफ पानी से धोना और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है। इसके अलावा कैमिकल रंग बालों को रूखा और कमजोर बना सकते हैं तथा दमा के मरीजों में सांस की तकलीफ बढ़ा सकते हैं। विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि होली खेलते समय हर्बल या प्राकृतिक रंगों का उपयोग करें, त्वचा पर पहले तेल लगाएं और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।