नैनीताल:कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में 15 साल बाद दिखा दुर्लभ डस्की ईगल आउल, फांटो जोन में जोड़े में नजर आया

Nainital: Rare Dusky Eagle Owl spotted in Corbett Tiger Reserve after 15 years, seen in pairs in Phanto Zone

रामनगर। 
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फांटो जोन में दुर्लभ प्रजाति का डस्की ईगल आउल (Dusky Eagle Owl) देखे जाने की पुष्टि हुई है। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रजाति को कॉर्बेट क्षेत्र में लगभग 15 वर्षों बाद फिर से देखा गया है, जिससे क्षेत्र की जैव विविधता को लेकर उत्साह बढ़ा है।
जानकारी के अनुसार, इससे पहले इस दुर्लभ उल्लू को वर्ष 2009 के आसपास कॉर्बेट के ढिकाला जोन में देखा गया था। अब लंबे अंतराल के बाद रामनगर क्षेत्र में इसका जोड़े में दिखाई देना इस बात का संकेत है कि यहां के घने जंगल और प्राकृतिक आवास इस प्रजाति के लिए अनुकूल हैं।
वन्यजीव फोटोग्राफर हिमांशु तिरुवा ने बताया कि उन्होंने अक्टूबर माह में जंगल क्षेत्र में इस उल्लू की आवाज (कॉल) सुनी थी, जिसके बाद से इसकी तलाश लगातार जारी थी। कई महीनों की खोजबीन के बाद 27 फरवरी को फांटो जोन में इस दुर्लभ पक्षी को जोड़े में देखा गया और उसकी तस्वीरें लेने में सफलता मिली।
बता दें कि डस्की ईगल आउल एक अत्यंत कम दिखाई देने वाली प्रजाति है, जो घने जंगलों और शांत वातावरण में रहना पसंद करती है। इसका फिर से दिखाई देना इस बात का प्रमाण है कि कॉर्बेट और तराई पश्चिमी के जंगल अभी भी दुर्लभ वन्यजीवों के सुरक्षित आवास बने हुए हैं।