Aug 23, 2026 Login

7 मार्च को उत्तराखंड दौरे पर आएंगे अमित शाह, हरिद्वार में 2027 अर्धकुंभ की तैयारियों का करेंगे निरीक्षण

Amit Shah will visit Uttarakhand on March 7 and inspect the preparations for the 2027 Ardh Kumbh in Haridwar.

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 7 मार्च को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। यह जानकारी स्वयं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी। गृह मंत्री हरिद्वार पहुंचकर वर्ष 2027 में प्रस्तावित अर्धकुंभ मेले की तैयारियों का जायजा लेंगे और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। रविवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने मीडिया से बातचीत में यह जानकारी साझा की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक खजानदास और प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को तीसरे दशक का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 2027 के अर्धकुंभ को भव्य और दिव्य रूप देने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि केंद्र सरकार ने अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों के लिए 500 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है, जिसके लिए राज्य सरकार केंद्र का आभार व्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह अपने दौरे के दौरान हरिद्वार में प्रस्तावित व्यवस्थाओं, आधारभूत संरचनाओं और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करेंगे। मेला प्रशासन, संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी समयबद्ध तरीके से सभी कार्यों को पूरा करने में जुटे हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 2027 का अर्धकुंभ दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित होगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य सरकार का प्रयास है कि आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर परिवहन, आवास, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आगामी चारधाम यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आर्थिकी की रीढ़ है और हजारों परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी है। सरकार यात्रा की तैयारियों को लेकर सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ लगातार संवाद कर रही है। इस वर्ष भी यात्रा को व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि इस दौरे से अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों को नई गति मिलेगी और राज्य में बुनियादी ढांचे के विकास को भी मजबूती मिलेगी।