ऊधम सिंह नगरः पुलिस टीम पर हमले का वांछित नाजिम मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार! अवैध तमंचा बरामद, पूछताछ में कबूला अपराध
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी नाजिम को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 1 मार्च, रविवार को एएनटीएफ और एसओजी रुद्रपुर की संयुक्त टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सुभाष कॉलोनी निवासी नदीम उर्फ नाजिम बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल से सिडकुल की ओर से हल्द्वानी की तरफ जा रहा है। नजीम पूर्व में पुलिस टीम पर पथराव और जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पारले चौक स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास घेराबंदी की। संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की और वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया। गिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा और जनसुरक्षा के तहत पुलिस ने संयमित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और 4100 रुपये नगद बरामद हुए। घटनास्थल से बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल और एक लाल रंग का हेलमेट भी जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट और अन्य धाराओं में वांछित था। पूछताछ में उसने मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्तता स्वीकार की है। फिलहाल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में निरीक्षक राजेश पाण्डेय, उ.नि. उमेश कुमार, वरिष्ठ उ.नि. अनिल जोशी, अपर उ.नि. अमित कुमार, कांस्टेबल विनोद खत्री, दिनेश चन्द्र मौजूद रहे।