उत्तराखण्डः घनघोर अंधेरा, बाइक पर सवार दो युवक और सामने मौत! टकराने के बाद गुस्साए हाथी ने किया हमला, उपचार के दौरान गई जान
हल्द्वानी। हल्द्वानी से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां रुद्रपुर-हल्द्वानी मार्ग पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बताया जाता है कि रात में बाइक सवार युवक हाथी से टकरा गए, जिसके बाद गुस्साए हाथी ने उन पर बुरी तरह से हमला कर दिया। इसी बीच राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उधर वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार घटना तराई केंद्रीय वन प्रभाग के हल्द्वानी रेंज क्षेत्र में हल्द्वानी-रुद्रपुर सड़क पर शनिवार रात करीब 11 बजे के आसपास की है। बताया जा रहा है कि बाइक से गुजर रहे दो युवक अंधेरे के कारण हाथी से टकरा गए। ऐसे में गुस्साए हाथी ने दोनों युवकों पर हमला बोल दिया। इसके बाद राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। साथ ही घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां पर दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान शकील पुत्र मुन्ना और जाफर निवासी हल्द्वानी, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक हल्द्वानी में कपड़े और आर्टिफिशियल ज्वेलरी का काम करते थे। हालांकि वन विभाग का कहना है कि हाथी के हमले में मौत की आशंका जताई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी।