पुलिस और तस्कर के बीच मुठभेड़: फायरिंग के बाद पैर में गोली लगने से घायल हुआ वांछित नदीम,गिरफ्तार

Encounter between police and smuggler: Wanted Nadeem injured in leg after firing, arrested

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद की पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। रुद्रपुर के सिडकुल क्षेत्र में पुलिस और फरार चल रहे एक शातिर नशा तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी नदीम उर्फ नजीम, पूर्व में पुलिस टीम पर जानलेवा हमले और पथराव के मामले में वांछित चल रहा था।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में होली के मद्देनजर कच्ची शराब और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस, एसओजी और एएनटीएफ की टीमें शहर के इंदिरा चौक, मुख्य बाजार और डीडी चौक पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थीं। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सुभाष कॉलोनी निवासी नदीम बिना नंबर प्लेट की बाइक से हल्द्वानी की ओर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने पारले चौक स्थित निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास नाकेबंदी कर दी। पुलिस टीम को सामने देख आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण वह गिर गया। खुद को घिरा देख आरोपी नदीम ने अपने पास मौजूद तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस कर्मियों ने साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया, जहाँ वह पुलिस अभिरक्षा में है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि आरोपी नदीम एक पुराना अपराधी है। बीती 1 फरवरी को जब पुलिस टीम सुभाष कॉलोनी में नशा तस्करी की सूचना पर दबिश देने पहुंची थी, तब नदीम और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर भारी पथराव किया था। इस हमले में एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी नदीम लगातार फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और 4,100 रुपये की नकदी बरामद की है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की बाइक और एक हेलमेट भी जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी ने साफ किया है कि जनपद में अपराधियों और नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।