शिक्षा के मंदिर में हंगामाः रुद्रपुर के सरदार भगत सिंह पीजी कॉलेज में होली मिलन समारोह बना रणक्षेत्र! दो गुटों में मारपीट का वीडियो वायरल

 Chaos in the temple of education: A Holi gathering at Sardar Bhagat Singh PG College in Rudrapur turns into a battlefield! A video of a fight between two groups goes viral.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। मामला जिला मुख्यालय रुद्रपुर स्थित सरदार भगत सिंह राजकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय का है, जहां होली मिलन समारोह के दौरान दो छात्र गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि कॉलेज परिसर में आयोजित होली कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई शुरू हो गई। मौके पर मौजूद अन्य छात्रों और स्टाफ ने बीच-बचाव कर स्थिति को किसी तरह शांत कराया। घटना के दौरान कुछ छात्रों ने पूरी मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्र एक-दूसरे को धमकी देते भी नजर आ रहे हैं। हालांकि विवाद की असली वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना ने कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।