उत्तराखंड में ओवरलोड डंपरों का कहर:तेज रफ्तार डंपरों को यशपाल आर्य ने बताया चलती-फिरती मौत!सख्त कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

Overloaded dump trucks wreak havoc in Uttarakhand: Yashpal Arya calls speeding dump trucks "moving death traps"! Threatens agitation if strict action is not taken.

उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र में खनन कार्य में लगे तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपरों से लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने इन वाहनों को “चलती-फिरती मौत” करार देते हुए राज्य सरकार, प्रशासन और पुलिस विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
यशपाल आर्य ने कहा कि सोमवार को काशीपुर क्षेत्र के ढकिया नंबर-1 स्थित शिवनगर गांव में एक ग्रामीण की खनन वाहन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। उन्होंने दावा किया कि पिछले दो से तीन दिनों के भीतर ढकिया, कुंडेश्वरी, कुण्डेश्वरा और ब्रह्मनगर क्षेत्रों में खनन वाहनों से जुड़े हादसों में पांच निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है।
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि काशीपुर में जिस तेजी से सड़क हादसों में लोगों की मौत हो रही है, वह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये केवल दुर्घटनाएं नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम हैं। उनके अनुसार लगातार हो रही घटनाओं से कई परिवार उजड़ रहे हैं और आम जनता में भय और आक्रोश का माहौल है।
यशपाल आर्य ने कहा कि तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपरों की आवाजाही राज्य सरकार की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में संबंधित विभाग पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं।
उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ओवरलोड डंपरों पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध नहीं लगाया गया, खनन वाहनों की सख्त निगरानी नहीं की गई, ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित नहीं किया गया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो विपक्ष सड़क से लेकर सदन तक व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा।