IPL 2026 Final: आरसीबी ने रचा इतिहास, लगातार दूसरी बार बनी चैम्प‍ियन! सबसे बड़े मैच विनर रहे किंग कोहली, खेली विराट पारी

IPL 2026 Final: RCB created history, becoming champions for the second consecutive time! King Kohli was the biggest match winner, playing a magnificent innings.

नईं दिल्ली। आईपीएल 2026 का फाइनल मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में दोनों टीमों के बीच रोचक मुकाबला हुआ और RCB ने गुजरात को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरे सीजन में खिताब को अपने नाम किया। बता दें कि पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस की टीम 20 ओवर बैटिंग करने के बाद 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाने में कामयाब रही। जवाब में RCB ने 18 ओवर में 161 रन बनाकर 5 विकेट से मैच जीत लिया। इस मैच में RCB के लिए विराट कोहली सबसे बड़े मैच विनर रहे। इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी GT को इस मैच में अच्छी स्टार्ट नहीं मिला। टीम के कप्तान शुभमन गिल इस मुकाबले में 10 रन बनाकर आउट हो गए। उनके आउट होने के तुरंत बाद ही साई सुदर्शन भी 12 रन की पारी खेलकर आउट हुए। दो विकेट गिरने के साथ ही गुजरात के बैटिंग ऑर्डर दबाव में बिखरता चला गया। उनके बाद बाकी के बल्लेबाजों को इस मुकाबले में शुरुआत जरूर मिली लेकिन वो उसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए। GT के लिए इस फाइनल मैच में वाशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 37 बॉल पर 5 चौके की मदद से 50 रन बनाए। उनके अलावा निशांत सिंधु ने 20 और जोस बटलर ने 19 रन की पारी खेली। RCB की बॉलिंग की बात करें तो वहां रासिख डर सलाम ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड के खाते में 2-2 विकेट आए। वहीं टारगेट का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर 3.3 ओवर में ही 50 रन पूरे कर लिए, वहीं उनके बीच पहले विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी हुई। अय्यर 16 बॉल पर 32 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रजत पाटीदार 13 बॉल पर 15 रन बनाकर चलते बने। वहीं टिम डेविड ने 17 बॉल पर 24 रन की पारी खेली। इस मैच में RCB के लिए विराट कोहली ने 42 बॉल पर नाबाद 75 रन की मैच विनिंग पारी खेली और टीम को चैंपियन बनाया। अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके और 3 छक्के लगाए।