उत्तराखण्ड में रफ्तार का कहरः चार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत! छह घायल, इलाके में पसरा मातम
रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 21 अगस्त की देर रात चार मोटरसाइकिलें पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान चारों बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे और कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को एंबुलेंस की सहायता से रुड़की के सिविल अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं छह घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर हालत को देखते हुए आदित्य चंद्रा को बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान 18 वर्षीय अयान पुत्र शहजाद निवासी बिझोली, कोतवाली मंगलौर, 24 वर्षीय राजू पुत्र कदम सिंह और 18 वर्षीय राजीव पुत्र मोल्हड सिंह निवासी रहमतपुर, कोतवाली पिरान कलियर के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। घायलों में 25 वर्षीय आदित्य चंद्रा पुत्र सुरेंद्र निवासी खंजरपुर की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें एम्स अस्पताल के लिए रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों मोटरसाइकिलों को भारी नुकसान पहुंचा। सड़क पर क्षतिग्रस्त बाइकें और घायल पड़े होने से कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चारों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत की बात सामने आई है। हालांकि हादसा किस वजह से हुआ, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। तेज रफ्तार, सड़क पर वाहनों की स्थिति और अन्य संभावित कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चारों मोटरसाइकिलों की भिड़ंत आमने-सामने से हुई है। हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।