Good Morning India: ड्रोन की टक्कर से बाल-बाल बचा जेलेंस्की का विमान! आकाश आनंद के ससुर ने राजनीति से लिया संन्यास! इस्माइली शिया समुदाय के सबसे बड़े आध्यात्मिक नेता प्रिंस रहीम आगा खान पहुंचे भारत! उत्तराखण्ड में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने बढ़ाई टेंशन! अब 'टीका' विवाद से चर्चाओं में आए दुष्यंत गौतम
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज ब्रिक्स वित्त मंत्रियों की बैठक का दूसरा दिन है। इसके साथ ही आज महिला एशिया कप में भारत-बांग्लादेश के बीच पहला सेमीफाइनल है।
अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को रूस-यूक्रेन जंग से लेकर ईरान से जारी झड़पों भी अहम बयान जारी किए हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फोन पर बात की थी। इस बातचीत के बारे में ट्रंप ने कहा कि पुतिन जंग रोकने के लिए डील करना चाहते हैं लेकिन वे और जेलेंस्की एक-दूसरे से नफरत करते हैं। आइए जानते हैं कि डोनाल्ड ट्रंप ने और क्या कुछ कहा है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई बातचीत को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- "हमारे बीच काफी अच्छी बातचीत हुई है। पुतिन एक डील करना चाहते हैं। अगर जेलेंस्की भी डील करना चाहें, तो ये काफी अच्छी बात होगी। लेकिन दिक्कत ये है कि ये दोनों लोग एक-दूसरे से नफरत करते हैं।" आपको बता दें कि हाल ही में ट्रंप के दूत जेरेड कुशनर और स्टीव विटकोफ ने बीते शनिवार और रविवार को मॉस्को और कीव का दौरा किया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात पर बयान दिया है कि ईरान के साथ अमेरिका का युद्ध कब खत्म होगा। ट्रंप ने कहा- "मुझे ऐसा लगता है कि चुनाव (अमेरिका में मध्यावधि चुनाव) के बाद ये जंग तुरंत खत्म हो जाएगी। वे पूरी कोशिश कर रहे हैं कि चुनाव प्रभावित हो जाए। इसलिए ताकि अमेरिका में एक अच्छा, कमजोर लोगों का ग्रुप आ जाए और उन्हें (ईरान) को अकेला छोड़ दिया जाए और उन्हें अपने परमाणु हथियार रखने दिए जाएं।"
इधर नार्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे ने बुधवार को बताया कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमीर जेलेंस्की को नार्वे के किंग के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के लिए ओस्लो ला रहा विमान मंगलवार को मोल्दोवा से उड़ान भरते समय एक ड्रोन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया। स्टोरे ने कहा, "जब उनका विमान मोल्दोवा (यूक्रेन का पड़ोसी देश) से उड़ान भरने वाला था, तो वह एक ड्रोन की चपेट में लगभग आ ही गया था। यही वह सच्चाई है जिसका वह सामना कर रहे हैं।" हालांकि स्टोरे ने यह नहीं बताया कि उन्हें यह जानकारी कहां से मिली या ड्रोन जेलेंस्की के विमान के कितना करीब था। जेलेंस्की ने बुधवार को नार्वे के किंग हेराल्ड पंचम के अंतिम संस्कार में भाग लिया और मध्य ओस्लो में अन्य राष्ट्राध्यक्षों के साथ उनके ताबूत के पीछे मार्च किया। अंतिम संस्कार खत्म होने के तुरंत बाद वह नार्वे से रवाना हो गए।
उधर फिलीपींस के पलावन प्रांत के पास एक फेरी में बुधवार शाम भीषण आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 87 लोग अभी भी लापता हैं। यह हादसा पलावन प्रांत में प्रमुख पर्यटन स्थल के पास हुआ। फिलीपींस के खूबसूरत पलावन प्रांत में सबसे प्रसिद्ध और लोकप्रिय पर्यटन स्थल एल निडो और पुएर्टो प्रिंसेसा सबटेरियन रिवर हैं। कोस्ट गार्ड के अनुसार, एम/वी जून एस्टर नामक फेरी में आग बुधवार शाम तट से करीब 2.2 किलोमीटर दूर लगी। पांच शवों को किनारे पर लाया जा चुका है। कोस्ट गार्ड द्वारा जारी वीडियो में जहाज पूरी तरह आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है। कोस्ट गार्ड कैप्टन नोएमी कायाब्याब ने बताया कि जहाज के मैनिफेस्ट के अनुसार कुल 134 यात्री और चालक दल सवार थे। अब तक 42 लोगों को बचाया जा चुका है, जिनमें 38 यात्री और चार क्रू सदस्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 87 लोग अभी भी लापता हैं। यह लाइव डेटा है और बचाव अभियान जारी रहने के साथ बदल सकता है।
इधर 26 अगस्त को तिब्बत के रास्ते नेपाल में आए सैलाब में कितना नुकसान हुआ है, इसका एक शुरुआती आकलन सामने आया है। इस तबाही ने नेपाल की जड़ें हिलाकर रख दी है। जहां एक ओर अभी भी शवों का मिलना जारी है वहीं सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर को हुए नुकसान का एक प्रारंभिक आंकड़ा संसदीय समिति में पेश किया। बताया गया कि चीन नाका से व्यापार पूरी तरह से ठप हो गया है जिससे राजस्व पर बड़ा असर पड़ा है। वहीं इस रिपोर्ट में सड़क, पुल, स्कूल, हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट से लेकर अन्य नुकसान की डिटेल्स भी दी गई है। नेपाल वित्त मंत्रालय की ओर से इस रिपोर्ट में बताया गया कि रसुवा में आई विनाशकारी बाढ़ और कृष्णभीर में सड़क धंसने से उत्तरी बॉर्डर से होने वाली सप्लाई बाधित हुई है। वित्त सचिव डॉ. घनश्याम उपाध्याय ने बताया कि रसुवागढ़ी सीमा नाके पर बाढ़ के कारण चीन से होने वाली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। इसके चलते सीमा शुल्क के राजस्व पर बड़ा असर पड़ा है। इस भीषण आपदा का पुलों पर भी भारी असर पड़ा है। उपाध्याय ने बताया कि चार जिलों में 33 पुल पूरी तरह से नष्ट हो गए, जबकि चार अन्य पुलों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 68 सस्पेंशन ब्रिज भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त मोटर चलने योग्य पुलों की कुल लंबाई करीब 3,000 मीटर है।
उधर केंद्र सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से कहा कि अगर वैवाहिक बलात्कार को अपराध घोषित करना है, तो यह फ़ैसला विधायिका और कार्यपालिका के अधिकार क्षेत्र में आता है, न कि सुप्रीम कोर्ट के। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह वैवाहिक बलात्कार को अपराध घोषित करने की मांग वाली याचिकाओं पर तीन हफ़्ते बाद सुनवाई शुरू करेगा। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने निर्देश दिया कि इस मामले को तीन हफ़्ते बाद बुधवार और गुरुवार को अंतिम सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाए।
इधर सपा नेता आजम खां की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। अब उन पर राज्य हज समिति की जमीन बेचने में गड़बड़ी के आरोप में विजिलेंस ने एफआईआर दर्ज की है। आजम उस समय राज्य हज समिति के अध्यक्ष थे। मामले में तत्कालीन सचिवों लईक अहमद व डॉ. एमएए खान, आमिश डेवलपर्स के प्रोपराइटर मो. अयूब और मुस्तकीम अहमद को भी आरोपी बनाया गया है। विजिलेंस जांच में जमीन की बिक्री से समिति को 2.08 करोड़ रुपये के राजस्व के नुकसान की पुष्टि हुई है। विजिलेंस के लखनऊ सेक्टर में इंस्पेक्टर ध्रुव चंद्र मौर्य की तहरीर पर दर्ज एफआईआर के मुताबिक राजधानी के ऐशबाग क्षेत्र के कायमखेड़ा (दुगांवा) में खसरा संख्या-117 में हज समिति की करीब 60 हजार वर्गफीट जमीन थी। विजिलेंस को शिकायत मिली थी कि जमीन की बिक्री में आजम व अन्य आरोपियों ने निजी फर्म को फायदा पहुंचाने के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया और जमीन बिक्री में नियमों को नजर अंदाज किया गया। जांच के बाद विजिलेंस ने धोखाधड़ी, भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज कर विवेचना इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह को सौंपी है।
उधर इस्माइली शिया मुसलमानों के 50वें वंशानुगत इमाम (आध्यात्मिक नेता) और आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के अध्यक्ष प्रिंस रहीम आगा खान पंचम सात दिवसीय दौरे पर बुधवार को भारत पहुंचे। प्रिंस रहीम आगा खान पंचम, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के निमंत्रण पर नई दिल्ली पहुंचे। विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा पोस्ट में कहा, '50वें इमाम के रूप में पदभार संभालने के बाद पहली बार भारत आए महामहिम प्रिंस रहीम आगा खान पंचम का गर्मजोशी से स्वागत है। यह यात्रा सामाजिक विकास और विरासत संरक्षण के क्षेत्र में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क के साथ जारी सहयोग की समीक्षा करने और विभिन्न विकास तथा सामुदायिक पहलों में सहयोग की संभावनाएं तलाशने का अवसर प्रदान करेगी।' विदेश मंत्रालय के अनुसार, 15 सितंबर तक चलने वाले अपने दौरे के दौरान प्रिंस रहीम नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। वे तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों के अलावा प्रिंस रहीम अहमदाबाद, मुंबई और हैदराबाद का दौरा भी करेंगे। इन शहरों में आगा खान डेवलपमेंट नेटवर्क विभिन्न विकास और सामुदायिक पहलों से जुड़ा हुआ है।
इधर BSP सुप्रीमो मायावती के भतीजे आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। अशोक सिद्धार्थ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संन्यास की घोषणा की। जान लें कि एक दिन पहले ही मायावती ने एक X पोस्ट के जरिए अशोक सिद्धार्थ पर निशाना साधा था और फिर उन्हें सियासत से रिटायरमेंट लेने की सलाह दी थी। अपने पोस्ट में मायावती ने ये भी दावा किया था कि अशोक सिद्धार्थ के स्वार्थ और महात्वाकांक्षा का खामियाजा उनके दामाद आकाश आनंद को भी भुगतना पड़ रहा है। अशोक सिद्धार्थ ने X पर लिखा, 'बहन जी आपको अवगत कराना है कि, मेरे लिए आपका आदेश दुनिया की किसी भी चीज से बढ़कर है। आपके आदेश के आगे मेरे रिश्ते नाते, परिवार सभी बेहद छोटे हैं। आपके मार्गदर्शन में, मैं बीते पैंतीस वर्षों से बीएसपी, मान्यवर कांशीराम और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के मिशन के लिए समर्पित रहा हूं। आपने आज तक जो भी जिम्मेदारी दी है उसे अपने पूरे सामर्थ्य के साथ निभाने की कोशिश की है।'
उधर झारखंड के रांची में एक पुरानी और जर्जर पानी की टंकी को ध्वस्त करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, कोतवाली थाने के पीछे स्थित पानी की टंकी अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मौके पर काम कर रहे 2 मजदूर मलबे में दब गए। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और नगर निगम की टीम पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद एक शव को मलबे से निकाला गया। इसके बाद NDRF ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दूसरे शव को बाहर निकाला। ये हादसा बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। बताया जा रहा है कि पुरानी और जर्जर हो चुकी टंकी को तोड़ने का काम एक महीने से चल रहा था। मजदूर टंकी के पिलर के अंदर की छड़ों को कटर से काट रहे थे। तभी टंकी भरभरा कर गिर गई। हादसे के वक्त 5 मजदूर मौके पर मौजूद थे, जिसमें से 2 की मौत हो गई।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को 25 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही प्रदेश में इस साल सामने आए कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 383 हो गई है। इनमें 67 मरीज अभी उपचाराधीन हैं। अलग-अलग अस्पतालों में इनका इलाज चल रहा है। सबसे ज्यादा 258 मरीज देहरादून जिले में मिले हैं। स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए मरीजों की स्क्रीनिंग बढ़ाने के साथ ही रैपिड रिस्पांस टीमों को सक्रिय किया गया है। किसी क्षेत्र में संक्रमित मरीज मिलने पर टीम मौके पर पहुंचकर उसके संपर्क में आए लोगों की जांच कर रही है। मरीज की यात्रा का विवरण भी खंगाला जा रहा है, ताकि संक्रमण के स्रोत और संपर्कों का पता लगाया जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कई टीमें लगातार काम कर रही हैं। प्रयास है कि संक्रमण बड़े स्तर पर न फैले और स्थिति आउटब्रेक में तब्दील न हो।
इधर हल्द्वानी दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेने के बाद देर रात स्थानीय युवाओं के बीच पहुंचकर फुटबॉल खेला। नैनीताल रोड स्थित मिनी ग्राउंड में नितिन नवीन ने खिलाड़ियों के साथ मैदान में जमकर पसीना बहाया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अनिल बलूनी और कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत भी उनके साथ मौजूद रहे। फुटबॉल के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने युवाओं से संवाद भी किया। हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन राजनीतिक गतिविधियों के बीच देर रात राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का अलग अंदाज देखने को मिला। प्रदेश कार्यसमिति के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद नितिन नवीन सीधे युवाओं के बीच पहुंचे और नैनीताल रोड स्थित मिनी ग्राउंड में फुटबॉल खेल रहे खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतर गए। नितिन नवीन को अचानक अपने बीच देखकर स्थानीय खिलाड़ी भी उत्साहित नजर आए। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल खेलते हुए मैदान में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया और युवाओं के साथ जमकर समय बिताया।
उधर हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में पहुंचे प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम एक बार फिर चर्चाओं में आ गए। दरअसल, कार्यक्रम में स्वागत के लिए खड़ी महिलाएं सभी नेताओं को टीका लगा रहीं थी। इसी क्रम में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का भी स्वागत करते हुए उन्हें टीका लगाया गया, मगर उन्होंने थोड़ी ही देर में रुमाल से टीका पोंछ दिया। दुष्यंत गौतम के रूमाल से टीका पोंछने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। साथ ही मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को बैठे बिठाए एक ओर बड़ा मुद्दा मिल गया है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता ने कहा सनातन धर्म में टीका यानी तिलक एक पूजनीय होता है, जो माथे की शोभा बढ़ाने के साथ साथ गौरवान्वित महसूस करता है। ऐसे में बहुत ही शर्म की बात है कि जो पार्टी अपने आपको जनता के सामने और जनता को भ्रमित के लिए सनातन का पाठ पढ़ाती है वो खुद ही सनातन का सम्मान नहीं करती है। ऐसे में दुष्यंत गौतम को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा दुष्यंत गौतम ने देवभूमि में आकर तिलक का अपमान किया है।