Good Morning India: ईरान पर अमेरिका का बड़ा हमला, 5 तेल टैंकर किए तबाह! बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में आज होगी अहम सुनवाई! हल्द्वानी में भाजपा का महामंथन आज! राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट का निर्देश, 5 करोड़ जमा करो वरना जेल जाओ! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन आज से उत्तराखंड के दौरे पर रहेंगे। वहीं हल्द्वानी बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) द्वारा अमेरिकी नौसैनिक पोत को दो बार बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाए जाने के जवाब में अमेरिका ने ईरान के पांच कच्चे तेल के टैंकरों को नष्ट कर दिया। अमेरिका की ओर से यह कार्रवाई तब की गई, जब ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने पिछले दो दिनों में दो बार एक अमेरिकी नौसेना के युद्धपोत को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाने की कोशिश की। अमेरिकी सेंट्रल कमांड CENTCOM के अनुसार, अमेरिकी युद्धपोत ने दोनों मिसाइल हमलों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया और क्षेत्रीय जलक्षेत्र में अपना अभियान जारी रखा। इस घटना में किसी भी अमेरिकी सैनिक को चोट नहीं आई।
इधर दिल्ली के सत्य निकेतन में 6 सितंबर को हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे में 7 लोगों की मौत के बाद अब MCD ने जर्जर और नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। सत्य निकेतन में हादसे वाली इमारत के आसपास मौजूद खतरनाक इमारतों को भी गिराने की तैयारी शुरू हो गई है। डिमोलिशन से पहले कमजोर इमारतों को लोहे के बीम से सहारा दिया जा रहा है, ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से गिराया जा सके और आसपास की संपत्तियों या कार्रवाई में लगी टीम को नुकसान न पहुंचे। MCD की टीम ने तीन जोन में चल रहे प्राइवेट हॉस्टल और PG का सर्वे किया। इस दौरान कुल 51 इमारतें खतरनाक और जर्जर पाई गईं। इनमें से 27 इमारतों को तुरंत गिराने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा 7 इमारतों को सील किया गया है और 35 बिल्डिंग मालिकों को नोटिस भेजा गया है। आज से MCD के वेस्ट जोन और शाहदरा साउथ जोन में जर्जर इमारतों के खिलाफ डिमोलिशन की कार्रवाई शुरू की जा रही है।
उधर क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने मंगलवार को भारतीय पत्रकारों के साथ वर्चुअल बातचीत में कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत में होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाला है। प्रवक्ता ने कहा कि यह दौरा दोनों देशों के लिए द्विपक्षीय संबंधों के मुद्दों पर चर्चा करने का एक मौका है। उन्होंने शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए भारत को सफलता की शुभकामनाएं भी दीं। इससे पहले 31 अगस्त को भी पीएम मोदी और पुतिन ने किर्गिस्तान के बिश्केक में SCO समिट के दौरान बातचीत की थी। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने आगे कहा कि पुतिन शुक्रवार, 11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे। मॉस्को से वर्चुअल ब्रीफिंग के जरिए पत्रकारों से बात करते हुए पेस्कोव ने कहा, "कुछ ही दिनों में राष्ट्रपति पुतिन अपनी भारत यात्रा शुरू करेंगे। आप जानते हैं कि हमारे दोनों नेता भारतीय और रूसी नेता बहुत करीबी व्यक्तिगत संपर्क में हैं। उनके रिश्ते बहुत व्यावहारिक हैं, और वे इतने ईमानदार हैं कि हमारे एजेंडे और द्विपक्षीय संबंधों के सबसे संवेदनशील मुद्दों पर बहुत खुले और रचनात्मक तरीके से चर्चा कर सकते हैं। ज़ाहिर है, इससे हमारे सहयोग के लिए नए रास्ते खुलते हैं।"
इधर मशहूर बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव पिछले कुछ दिनों से अपने खिलाफ चल रहे चेक बाउंस केस को लेकर चर्चा में हैं। 10 जुलाई को दिल्ली हाई कोर्ट में चेक बाउंस केस पर सुनवाई हुई थी, जिसमें राजपाल यादव को बड़ा झटका लगा। कोर्ट ने उन्हें इस मामले में 3 महीने की सजा सुनाई थी। दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा सजा बरकरार रखने के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने मामले पर सुनवाई करते हुए राजपाल यादव को 5 करोड़ जमा करने पर ही सरेंडर में छूट देने को कहा है। कोर्ट ने आज 9 सितंबर, बुधवार तक सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में 5 करोड़ जमा कराने के आदेश दिए हैं। बता दें कि हाल ही में राजपाल यादव ने शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में इस विवाद पर बात की थी। जब उनसे पूछा गया कि इतनी फिल्मों के बाद भी वह 5 करोड़ का मामूली कर्ज कैसे नहीं चुका पाए तो राजपाल यादव ने कहा- 'यही असली सवाल है, जिस दिन लोग इस बात को समझ लेंगे, वो मेरा पूरा केस भी समझ जाएंगे। ये पैसे का मुद्दा नहीं है। ये सिद्धांतों की लड़ाई है।' यादव ने बातचीत के दौरान कहा कि अगर ये पैसों का मामला होता तो 2012 में ही सुलझ गया होता। राजपाल ने दावा किया कि इस विवाद के चलते उन्हें 17 से 22 करोड़ रुपये तक का भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा- 'इस 5 करोड़ ने 17 करोड़ डुबाने का काम किया है।'
उधर दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव और 1975 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राकेश मेहता ने नोएडा के अपने फ्लैट में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी उम्र 75 साल थी। उनका शव रविवार, 6 सितंबर को नोएडा के सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी में उनके फ्लैट से बरामद हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही थाना फेस-2 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि राकेश मेहता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। बताया जा रहा है कि पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मानसिक तनाव और बीमारियों का जिक्र होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों को लेकर सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। इसके बाद सोमवार को दिल्ली के लोधी श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इधर एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी भारत में अगले तीन से चार दिनों के दौरान कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 8 से 10 सितंबर तक गंगा के मैदानी इलाकों पश्चिम बंगालस 8 से 11 सितंबर के दौरान झारखंड में, 9 से 14 को बिहार मं और 10 से 12 सितंबर के दौरान ओडिशा में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। 10 सितंबर को ओडिशा में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिमी हिस्से तथा उससे सटे उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट के पास 11 सितंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसका असर पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में भी आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ओडिशा में 10 सितंबर को बहुत भारी बारिश के साथ 8 सितंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने की गतिविधियां तेज रह सकती हैं।
उधर लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी और 26/11 हमले के मास्टरमाइंड हाफ़िज़ सईद के बेटे तलहा सईद ने फिर से भारत के खिलाफ जहर उगला है और साथ ही उसने पाकिस्तान आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की खुलकर तारीफ़ भी की है। उसने दावा किया कि आसिम मुनीर ने "अल्लाह की राह में ईमान, परहेज़गारी और जिहाद" के विचारों को "एक बार फिर से ज़िंदा" किया है। अपने भाषण में, तलहा सईद ने मुनीर की तारीफ़ करते हुए कहा कि वे क़ुरान के हाफ़िज़ हैं और उन्हें इस बात की खुशी है कि पाकिस्तान को ऐसे आर्मी चीफ़ और फ़ील्ड मार्शल मिले हैं जिन्होंने पवित्र किताब को ज़बानी याद किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मुनीर ने "ईमान, तक़वा और जिहाद" यानी आस्था, धर्मपरायणता और जिहाद के विचारों को फिर से जीवित किया है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी और LeT के संस्थापक हाफ़िज़ मुहम्मद सईद के बेटे हाफ़िज़ तलहा सईद ने पाकिस्तान के शेखूपुरा में एक जनसभा के दौरान ये बातें कहीं। इस सभा का एक वीडियो भी सामने आया है।
इधर राजस्थान के जोधपुर में भारत- जापान की संयुक्त सैन्य ताकत दिखेगी। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि नौ से 22 सितंबर तक आयोजित संयुक्त सैन्य अभ्यास वीर गार्जियन में जापान के लड़ाकू विमान एफ-2ए के साथ भारत के हल्के लड़ाकू विमान तेजस, एसयू-30 एमकेआई और राफेल लड़ाकू विमान शामिल होंगे। इस चौदह दिवसीय अभ्यास में भाग लेने वाले वायु योद्धा उन्नत परिचालन मिशनों को अंजाम देंगे। इससे दोनों वायु सेनाओं के बीच तालमेल को बढ़ावा मिलेगा। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय वायु सेना और जापान एयर सेल्फ डिफेंस फोर्स जोधपुर एयर फोर्स स्टेशन पर वीर गार्जियन द्विपक्षीय हवाई अभ्यास करेंगी। वीर गार्जियन सामरिक दक्षता और तालमेल को बेहतर बनाकर भारत और जापान के बीच गहरी होती रणनीतिक साझेदारी को दर्शाता है। वहीं भारतीय वायुसेना राजस्थान में जैसलमेर जिले के पोखरण रेंज में 14 से 16 सितंबर के बीच ‘ड्रोनथॉन-2026’ का आयोजन करेगी।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज से शुरू हो रही है। बैठक रामपुर रोड स्थित एक होटल में सुबह 10 बजे से होगी। प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री, सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलों के अध्यक्ष-महामंत्री और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल होंगे। बुधवार को मुख्यमंत्री दिनभर हल्द्वानी में रहेंगे। वे सुबह 10:25 बजे कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। दोपहर 2:20 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए पंतनगर एयरपोर्ट जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3:10 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, शाम 5 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम 7 बजे कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। सभी बैठकें हल्द्वानी में होंगी।
उधर राजधानी देहरादून में बदमाशों ने एक युवक पर फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घटना पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ोवाला के पास ग्रास फार्म, शिमला बाईपास रोड की बताई जा रही है। बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी से जा रहे युवक को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली युवक के पेट को छूकर निकल गई। जिससे वह घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने युवक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। साथ ही पुलिस को भी सूचना दी गई। अब पुलिस घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी को खंगालने में जुट गई है। बताया जा रहा है कि घायल युवक उज्जीवन बैंक में काम करता है। वह अपनी कजिन के साथ स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान बड़ोवाला के पास ग्रास फार्म, शिमला बाईपास रोड पर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उस पर फायर झोंक दिया। हालांकि, गोली युवक के पेट को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
इधर चंपावत के बाराकोट ब्लाक के डोबाभागू क्षेत्र में गुलदार की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बीते पांच दिनों में गुलदार पांच पालतू जानवरों को अपना निवाला बना चुका है। लगातार बढ़ रही गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्रामीण जगदीश चंद्र तिवारी ने बताया कि गुलदार ने पांच दिनों के भीतर कमलापति तिवारी और कमल राम की तीन बकरियों समेत अन्य ग्रामीणों के पालतू कुत्तों को मार डाला है। दो दिन पूर्व सेरी कनियाना गांव निवासी मिथुन लोहाघाट से अपने गांव लौट रहे थे। डोबाभागू के पास उन्हें पैरापिट पर गुलदार बैठा दिखाई दिया। गुलदार को सड़क किनारे देखकर वह सहम गए। इसके बाद से क्षेत्र में दहशत और बढ़ गई।ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाकर गुलदार को शीघ्र पकड़ने और ग्रामीणों को उसके आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।